Ramayan: लॉकडाउन में दूरदर्शन पर दोबारा टेलिकास्ट होगी रामायण, एक दिन में आएंगे दो एपिसोड

Ramayan Re telecast: रामानंद सागर की रामायण एक बार फिर दूरदर्शन पर वापसी कर रही है। सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा की है। जानिए कब होगा टेलिकास्ट...

Ramayan
Ramayan 
मुख्य बातें
  • सोशल मीडिया पर यूजर्स ने रामानंद सागर की रामायण को दोबारा टेलिकास्ट करने की मांग की थी।
  • रामानंद सागर की रामायण अब दूरदर्शन पर दोबारा टेलिकास्ट होगी।
  • सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है।

मुंबई. देश में 21 दिन के लॉक डाउन के कारण लोग फिलहाल अपने-अपने घरों पर हैं। लॉकडाउन के दौरान सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने दूरदर्शन के सुपरहिट सीरियल रामायण को दोबारा टेलिकास्ट करने की मांग की थी। अब भारत सरकार ने ये बात मान ली है। 

सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट कर लिखा- ' जनता की मांग पर कल शनिवार 28 मार्च से 'रामायण' का प्रसारण पुनः दूरदर्शन के नेशनल चैनल पर शुरू होगा।  पहला एपिसोड सुबह 9.00 बजे और दूसरा एपिसोड रात 9.00 बजे होगा ।

आपको बता दें कि प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर ने इससे पहले एक ट्वीट कर रामायण को दोबारा टेलिकास्ट करने के संकेत दिए थे। शशि शेखर ने लिखा था- जिन लोगों के पास रामायण और महाभारत के राइट्स हैं , उनसे बात करके इसी दिशा में काम कर रहे हैं।

1987 में हुआ था टेलिकास्ट 
रामायण सीरियल साल 1987 में पहली बार दूरदर्शन पर टेलिकास्ट हुआ था। रामायण को रामानंद सागर ने डायरेक्ट किया था। इस सीरियल में अरुण गोविल भगवान श्री राम के किरदार में नजर आए थे। वहीं, दीपिका चिखलाखिया माता सीता के किरदार में नजर आई थीं।  

रामायण में सुनील लहारी ने लक्षमण का रोल निभाया था। वहीं, दारा सिंह हनुमान के किरदार में नजर आए थे। इसके अलावा अरविंद त्रिवेदी इस एपिक सीरियल में रावण के किरदार में नजर आए थे। रामायण के बारे में कहा जाता है कि इसके टेलिकास्ट होते ही सड़कें खाली हो जाया करती थी। 

ऐसे मिला था रोल 
रामायण के 33 साल पूरे होने पर हाल ही में अरुण गोविल, सुनील लहारी और दीपिका चिखलाखिया कपिल शर्मा शो में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बताया कि  वह जब राम के रोल के लिए ऑडिशन देने पहुंचे तो उन्हें  रिजेक्ट कर दिया गया था। 

दीपिका ने बताया कि मुझे एक दिन रामानंद सागर का फोन आया कि सीता के रोल के लिए ऑडिशन देने आ जाओ।मैंने उनसे कहा कि मैं आपके साथ दो शो कर चुकी हूं तो ऑडिशन क्यों लेना। इस पर रामानंद सागर ने कहा कि सीता ऐसी लगे कि स्क्रीन पर उसे इंट्रोड्यूस न करना पड़े। वहीं, सुनील ने बताया कि वह शत्रुघ्न का रोल निभा रहे थे।   
  
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर