कभी TRP क्वीन थीं ये टीवी एक्ट्रेसेस, आज हैं पर्दे से गायब, जानें अब कहां हैं और क्या कर रही हैं

टीवी की ऐसी कई एक्ट्रेसेस हैं जो कभी टीआरपी क्वीन थीं और उनके नाम पर कई वर्षों तक शो चलता रहा। लेकिन अब ये एक्ट्रेसेस छोटे पर्दे से गायब हैं। जानें कहां हैं ये एक्ट्रेसेस और क्या कर रही हैं।

Hina Khan, Sanaya Irani and Rubina Dilaik
Hina Khan, Sanaya Irani and Rubina Dilaik  |  तस्वीर साभार: Instagram
मुख्य बातें
  • हिना खान ने साल 2009 में 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' से किया था एक्टिंग डेब्यू।
  • इशिता भल्ला का रोल निभाकर मशहूर हुई थीं दिव्यांका त्रिपाठी।
  • सनाया ईरानी लंबे समय से पर्दे से हैं गायब।

एंटरटेनमेंट जगत एक ऐसी दुनिया है जहां कब किसकी किस्मत चमक जाए कोई नहीं जानता। तो वहीं कब कौन से चमकते सितारे की चमक कम होने लगे यह भी कोई नहीं बता सकता। छोटे पर्दे की ऐसी कई एक्ट्रेसेस हैं जिन्होंने रातों रात नाम कमाया और टीआरपी क्वीन बनीं लेकिन इन दिनों वो छोटे पर्दे से गायब हैं। इस लिस्ट में कई नामी एक्ट्रेसेस का नाम शामिल है। 

इन एक्ट्रेसेस के दम पर चलते थे शो

टीवी इंडस्ट्री की ऐसी कई एक्ट्रेसेस हैं जिनके नाम पर शो चलते थे लेकिन फिलहाल वो छोटे पर्दे पर नजर नहीं आ रही हैं। इस लिस्ट में दिव्यांका त्रिपाठी, शिवांगी जोशी, सनाया ईरानी और हिना खान का नाम शामिल है। 

Also Read: हिना खान ने इस बार कॉपी किया प्रियंका चोपड़ा का लुक, थाई हाई स्लिट ड्रेस में दिखा ग्लैमरस अंदाज

दिव्यांका त्रिपाठी

एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी टीवी शो ये हैं मोहब्बतें में इशिता भल्ला का रोल प्ले करने के लिए जानी जाती हैं। इस शो की शुरुआत साल 2013 में हुई थी, जिसमें उन्होंने डॉ. इशिता भल्ला का रोल प्ले किया था। इस शो में दिव्यांका को बहुत पसंद किया गया और उन्हें दर्शकों का खूब प्यार मिला। 6 साल के बाद साल 2019 में यह शो बंद हो गया। इसके बाद वो किसी टीवी शो में नजर आईं। हालांकि वो रिएलिटी शो में कंटेस्टेंट के तौर पर दिखाई दीं। वो फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी की फर्स्ट रनर अप रही थीं। 

सनाया ईरानी

टीवी एक्ट्रेस सनाया ईरानी छोटे पर्दे की सबसे चर्चित अभिनेत्रियों की लिस्ट में शामिल रही हैं लेकिन लंबे समय से पर्दे से गायब हैं। सनाया ने टीवी शो इस प्यार को क्या नाम दूं में खुशी कुमारी गु्प्ता का रोल प्ले किया था जिसमें उन्हें बहुत पसंद किया गया था। इस शो के बाद सनाया रिएलिटी शो में कंटेस्टेंट के तौर पर तो नजर आईं लेकिन किसी सीरियल में नहीं दिखीं। 

शिवांगी जोशी

एक्ट्रेस शिवांगी जोशी ने लंबे समय तक टीवी सीरियल ये रिश्ता क्या कहलाता है में काम किया और नायरा बनकर फैंस के दिलों पर राज किया। शिवांगी जोशी साल 2016 में शो का हिस्सा बनी थीं और दर्शकों ने उन्हें बहुत पसंद किया। हालांकि साल 2021 में उन्होंने शो को अलविदा कह दिया। इसके बाद वो टीवी शो बालिका वधू 2 में आनंदी के रोल में नजर आईं लेकिन यह शो लंबा नहीं चल सका और जल्द ही बंद हो गया। शिवांगी फिलहाल किसी टीवी शो में काम नहीं कर रही हैं लेकिन जल्द ही रिएलिटी शो खतरों के खिलाड़ी के 12वें सीजन में नजर आएंगी। 

हिना खान

एक्ट्रेस हिना खान ने साल 2009 में टीवी शो ये रिश्ता क्या कहलाता है से छोटे पर्दे पर डेब्यू किया था। इस शो में हिना ने अक्षरा सिंहानिया का रोल प्ले किया और उनके किरदार को दर्शकों का खूब प्यार मिला। हिना साल 2016 तक इस शो का हिस्सा रहीं। इसके बाद वो टीवी शो कसौटी जिंदगी और नागिन 5 में नजर आई। इसके अलावा वो बिग बॉस 11 और फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 8 में भी नजर आईं। हालांकि फिलहाल वो छोटे पर्दे से गायब हैं। मालूम हो कि हिना हाल ही में फ्रांस में चल रहे कान्स फिल्म फेस्टिवल में भी नजर आई थीं।

रुबीना दिलाइक

एक्ट्रेस रुबीना दिलाइक टीवी शो छोटी बहू में राधिका शास्त्री का रोल प्ले कर मशहूर हुई थीं और उन्होंने दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनाई थी। इसके बाद वो पुर्न विवाह, देवों के देव महादेव, जीनी और जूजू, शक्ति: अस्तित्व के एहसास की जैसे शोज में दिखीं। इसके अलावा वो बिग बॉस 14 की विनर भी बनीं। वो जल्द ही फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी में कंटेस्टेंट के तौर पर दिखेंगी लेकिन किसी सीरियल में काम नहीं कर रही हैं।

Also Read: सबसे ज्‍यादा फीस लेने वाली टीवी एक्ट्रेस हैं दिव्‍यांका त्रिपाठी, 4 करोड़ के फ्लैट और करोड़ों की प्रॉपर्टी की हैं मालकिन

सोशल मीडिया पर हैं एक्टिव

मालूम हो कि ये एक्ट्रेसेस भले ही छोटे पर्दे पर नजर नहीं आ रही हों लेकिन वो सोशल मीडिया के जरिए फैंस से जुड़ी हुई हैं और उनके करोड़ों फॉलोअर्स हैं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर