Faridabad News: फर्जी तरीके से बन रहे थे विदेशियों के आधार कार्ड, गिरोह का पर्दाफाश कर दो को किया गिरफ्तार

Faridabad News: फरीदाबाद क्रामइ ब्रांच ने फर्जी तरीके से विदेशियों के आधार कार्ड बनाए जाने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी 2500 रुपये प्रति आधार कार्ड लेकर नाइजीरियन लोगों का आधार कार्ड बना रहे थे। इन आरोपियों ने अब तक 7 से 8 विदेशियों के फर्जी आधार कार्ड बनाए हैं। अब पुलिस आधार कार्ड बनवाने वाले नाइजीरियन लोगों की तलाश कर रही है।

Fraud in making Aadhar card
फर्जीवाड़ा कर बना दिया विदेशियों का फर्जी आधार कार्ड   |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • गिरफ्तार एक आरोपी दिल्‍ली का तो दूसरा रोहतक का
  • आरोपी नाइजीरियन महिला के कहने पर कर रहे थे फर्जीवाड़ा
  • इन आरोपियों को प्रति आधार कार्ड मिलता था 2500 रुपये

Faridabad News: फरीदाबाद के अंदर फर्जी तरीके से विदेशियों के आधार कार्ड बनाए जाने के मामले का खुलासा हुआ है। इस मामले का पर्दाफाश करते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने एक लैपटॉप, स्‍थानीय विधायक की फर्जी मोहर, एक कैमरा, एक बायोमेट्रिक और आयरिश मशीन बरामद की है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान राहुल व संजय के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि, ये आरोपी नाइजीरिया के रहने वाले नागरिकों से मोटे पैसे लेकर फर्जी आधार कार्ड बनाते थे।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राहुल रोहतक के गांव कांधला का रहने वाला है। वहीं संजय दिल्ली के सरिता विहार का रहने वाला है। राहुल बड़खल तहसील के बिहारी मार्केट में आधार कार्ड बनाने की दुकान है, जहां पर यह पिछले एक वर्ष से आधार कार्ड बनाने का काम कर रहा था। वहीं संजय का दिल्ली के नेहरू प्लेस में मोहर बनाने की दुकान है। दोनों मिलकर करीब एक माह से फर्जी आधार कार्ड बनाने का कार्य कर रहे थे।

आरोपियों ने बनाए 7 से 8 विदेशी नागरिकों के आधार कार्ड

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि, करीब एक माह पहले आरोपी राहुल की मुलाकात कृष्टि नाम की एक नाइजीरियन महिला से हुई थी। जिसने आरोपी को आधार कार्ड बनाने के लिए कहा था। नाइजीरियन महिला ने कहा था कि, उसके पास कोई दस्तावेज नहीं है और यदि वे उसका व उसके नाइजीरियन दोस्‍तों का आधार कार्ड बना दें तो वह उसे 2500 रुपये प्रति आधार कार्ड का भुगतान करेगी। जिसके बाद आरोपी राहुल और संजय मिलकर पैसों के लालच में महिला के कहने पर उसके 7-8 दोस्‍तों के फर्जी आधार कार्ड बना दिए। इसकी जानकारी मिलने के बाद क्राइम ब्रांच 85 की टीम ने कार्रवाई करते हुए पहले आरोपी राहुल को गिरफ्तार किया।

आरोपियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज

आरोपी के पास से एक लैपटॉप, विधायक की फर्जी मोहर, एक कैमरा, एक बायोमेट्रिक और आयरिश मशीन बरामद की गई है। इसके बाद राहुल की निशानदेही पर फर्जी मोहर बनाने के आरोप में आरोपी संजय को भी दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बीपीटीपी में धोखाधड़ी और फर्जी कागजात तैयार करने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अब पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर आधार कार्ड बनवाने वाले नाइजीरियन लोगों की तलाश कर रही है।

अगली खबर