Ghaziabad Suicide Case: गाजियाबाद में पिता-पुत्री की संदिग्ध मौत, फंदे से लटके मिले शव, पुलिस जांच में जुटी

गाजियाबाद समाचार
Updated Feb 25, 2022 | 19:38 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Ghaziabad Suicide Case: गाजियाबाद में पिता-पुत्री की संदिग्ध मौत के बाद सनसनी फैल गई है। 25 वर्षीय अमित चौहान और उनकी 1 साल की बेटी का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है।

Ghaziabad Suicide Case
गाजियाबाद में पिता-पुत्री की संदिग्ध मौत के बाद सनसनी 
मुख्य बातें
  • गाजियाबाद में पिता-पुत्री की संदिग्ध मौत के बाद सनसनी
  • गुरुवार रात को पति-पत्नी में जमकर हुआ था विवाद
  • पुलिस हत्या के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है

Ghaziabad Suicide Case: उत्तर प्रदेश के जिला गाजियाबाद में गुरुवार देर रात पिता-पुत्री की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई। दोनों के शव शुक्रवार सुबह फांसी के फंदे पर लटके मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शव को कब्जे में लिया। पुलिस पिता-पुत्री की मौत की आत्महत्या और हत्या के पहलू से जांच करा रही है। दोनों के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिता और बेटी के फांसी के फंदे पर लटकने की सूचना आग की तरह फैल गई और कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।

पेट्रोल पंप पर सेल्समैनी करता था अमित

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया है कि अमित मूल रूप से हापुड़ का रहने वाला है। और गाजियाबाद में विजयनगर थाना क्षेत्र के अकबरपुर बहरामपुर गांव में पत्नी व बच्ची के साथ रहता था। मृतक अमित इंदिरापुरम क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर बतौर सेल्समैन नौकरी करता था। गुरुवार रात अमित और पत्नी अलग-अलग कमरे में सोये हुए थे। शुक्रवार सुबह अमित और एक वर्षीय बेटी भूमिका की लाश फांसी के फंदे पर लटकी मिली। 

पत्नी से हुआ था विवाद

बेटी और पति की संदिग्ध मौत पर पत्नी का कहना है कि वो रात को अलग कमरे में सोई हुई थी। सुबह उठकर जब देखा तो मृतक अमित की पत्नी ने शोर मचाया जिस पर पड़ोसी इकट्ठा हो गए। इसके बाद सूचना देकर विजयनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ही आकर दोनों शवों को नीचे उतारा। अमित की पत्नी ने पुलिस को सिर्फ इतना बताया है कि पारिवारिक विवाद के चलते दोनों में कल रात दो बजे तक झगड़ा हुआ था। इसके बाद पति-पत्नी अलग-अलग कमरे में सो गए थे। फिर रात में क्या हुआ, उसे कोई जानकारी नहीं। शुक्रवार सुबह सोकर उठने के बाद ही यह सब पता चला। फिलहाल आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक कलह के बाद अमित ने मासूम बेटी की मुंह दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद भी सुसाइड कर लिया।

क्राइम ऑफ सीन से सुसाइड पर संदेह

इस घटना को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। क्राइम ऑफ सीन की बात की जाए तो अमित का शव बेशक फांसी पर लटका मिला हो, लेकिन उसकी मुद्रा बेड पर बैठने जैसी है। सामान्य तौर पर लोग जमीन पर पैर लटकाकर बैड पर बैठ जाते हैं। ठीक इसी स्थिति में अमित का शव मिला है। ऐसे में बेहद कम आशंका है कि अमित ने सुसाइड किया हो। उसके दोनों पैर जमीन से छुए हुए मिले हैं। सीओ स्वतंत्र सिंह ने बताया कि शुरुआती छानबीन में कल रात दंपति में झगड़े की जानकारी मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सारी चीजें स्पष्ट हो पाएंगी।

अगली खबर