Ghaziabad News: गाजियाबाद निगम इस खास काम में बना आइडियल, प्रदेश के 16 नगर निगम को बंटेगा यह ज्ञान

Ghaziabad News: गाजियाबाद नगर निगम अब कूड़ा निस्‍तारण करने के लिए प्रदेश के 16 दूसरे नगर निगमों को ट्रेनिंग देगा। इसके लिए निगम की तरफ से एक कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। निगम अधिकारी जल्‍द ही दूसरे निगम अधिकारियों के साथ मिलकर उनके कूड़ा निस्‍तारण योजना को बनाने में मदद करेंगे।

Ghaziabad MC
गाजियाबाद निगम देगा कूड़ा निस्‍तारण की ट्रेनिंग   |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • गाजियाबाद सिखाएगा कूड़ा निस्‍तारण का गुण
  • लखनऊ, वाराणसी जैसे शहर भी लेंगे ट्रेनिंग
  • गाजियाबाद कर रहा कूड़े से लाखों की कमाई

Ghaziabad News: गाजियाबाद नगर निगम को एक बड़ी उपलब्धि मिली है। गाजियाबाद नगर निगम अब कूड़ा निस्तारण के लिए प्रदेश के 16 नगर निगम को ट्रेनिंग देगा। इस ट्रेनिंग की शुरुआत भी हो गई है। साथ ही कूड़ा निस्तारण पर मंथन के लिए कौशांबी स्थित एक होटल में कार्यशाला का आयोजन किया गया था, जिसमें सभी 16 नगर निगम के अधिकारियों ने भाग लिया, इसमें लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी जैसे प्रदेश के बड़े निकाय भी शामिल हैं। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित प्रमुख सचिव नगर विकास विभाग अमृत अभिजात ने गाजियाबाद में कूड़ा निस्तारण योजना की सराहना करते हुए दूसरे नगर निकायों को इससे सीखने की नसीहत दी।

निगम अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यशाला में गाजियाबाद नगर निगम के कूड़ा निस्‍तारण की जानकारी विस्‍तार से दी गई। साथ ही दूसरे नगर निगमों से उनके कूड़ा निस्तारण में आने वाली समस्‍याओं के बारे में भी जाना। अधिकारियों के अनुसार वाराणसी, मथुरा, आगरा सहित सभी शहरों में कूड़े की अलग-अलग समस्या हैं। अब सभी नगर निगमों के साथ मिलकर काम करना है। जिससे स्‍वच्‍छता मिलने के साथ निगम की आय भी बढ़ेगी।

कूड़ा निस्तारण से निगम कर रहा लाखों की कमाई

बता दें कि गाजियाबाद के कूड़ा डंप जोन में कूड़ा निस्तारण फैक्टरी बनाई गई है। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि, पीपीपी मॉडल पर तैयार इस फैक्टरी में गीले कचरे से खाद तैयार की जाती है, वहीं सूखे कचरे में से प्लास्टिक, लोहा, कांच निकाल कर अलग कर लिया जाता है। इसके लिए उन लोगों को नौकरी दी गई जो कि शहर में कूड़ा बीनने का कार्य करते थे। कूड़े से निकले प्लास्टिक का इस्तेमाल शहर की सुंदरता के लिए बेंच, बोर्ड सहित अन्य सामान बनाने में होता है। वहीं अन्‍य सामानों को भी दोबारा उपयोग में लाया जाता है। इस फैक्‍ट्री की बदौलत निगम की हर माह लाखों रुपये की अतिरक्ति कमाई होती है। निगम अब पांचों जोन में कूड़ा निस्तारण फैक्ट्री बनाने जा रहा है।

इन नगर निगमों को गाजियाबाद देगा ट्रेनिंग

गाजियाबाद नगर निगम जिन शहर के नगर निगमों को ट्रेनिंग देगा उनमें लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, गोरखपुर, कानपुर, आगरा, मेरठ, बरेली, झांसी, अलीगढ़, मुथरा, सहारनपुर, मुरादाबाद, फिरोजाबाद, शाहजहांपुर शामिल हैं।

अगली खबर