Ghaziabad News: गाजियाबाद बनाएगा नया रिकॉर्ड, पांच जुलाई को एक साथ लगाए जाएंगे 10.44 लाख पौधे

Ghaziabad News: गाजियाबाद प्रशासन पौधारोपण महाअभियान के तहत 5 जुलाई को 1022 स्थानों पर एक साथ 10,44,245 लाख पौधे रोपित करने जा रहा है। इसके लिए प्रशासन की तरफ से पहले ही 11,44,962 लाख से अधिक गड्ढे तैयार कर चुका है। इस अभियान में सरकारी अधिकारी व कर्मचारी के साथ सामाजिक संगठन शामिल होंगे।

 Ghaziabad Administration
अधिकारियों के साथ बैठक करती नोडल अधिकारी चैत्रा वी.  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • 5 जुलाई को जिले में 1022 स्थानों पर लगाए जाएगें एक साथ 10,44,245 लाख पौधे
  • पौधारोपण के लिए प्रशासन ने तैयार किए 11,44,962 लाख गड्ढे
  • सरकारी अधिकारी व कर्मचारी के साथ सामाजिक संगठन लेंगे हिस्‍सा

Ghaziabad News: गाजियाबाद प्रशासन पांच जुलाई को पौधारोपण में नया रिकॉर्ड बनाने जा रहा है। 5 जुलाई को जिले के 1022 स्थानों पर एक साथ 10,44,245 लाख पौधे रोपित किए जाएंगे। इस पौधारोपण के लिए प्रशासन द्वारा 11,44,962 लाख से अधिक गड्ढे पहले ही खोदे जा चुके हैं। इस पौधारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए जिला अधिकारी द्वारा उसी तरह से जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है, जैसे चुनाव के दौरान लगाई जाती है।

इस अभियान के गाजियाबाद जिला का नोडल अधिकारी मेरठ मंडल की अपर आयुक्त चैत्रा वी. को नियुक्‍त किया गया है। उन्‍होंने जिला कलक्‍ट्रेट में बैठक कर पौधारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए योजना पर अधिकारियों के साथ विस्‍तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि, पर्यावरण में संतुलन बनाने के लिए पौधरोपण करना अत्यंत जरूरी है। यह एक ऐसा मुहीम है जो आने वाली हमारी पीढ़ी को जीवन देगा। उन्होंने आमजन से भी आह्वान करते हुए कहा कि, पांच जुलाई के इस पौधारोपण अभियान को जन आंदोलन बनाते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करें।

कंट्रोल रूम से ली जाएगी प्रति घंटे की प्रगति रिपोर्ट

नोडल अधिकारी ने बैठक में अधिकारियों को हर पौधे की जिओ टैगिग करने के साथ पौधारोपण स्थलों पर पौधे पहुंचाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्‍होंने बताया कि, इस अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से एक कंट्रोल रूम स्‍थापित किया जा रहा है। जहां पर समस्त विभागों के समन्वयक अधिकारी को बैठाया जाएगा। ये अधिकारी सुनिश्चित करेंगे कि, माइक्रो स्तर पर भी यह अभियान सफल हो सके। इस कंट्रोल रूम से पौधरोपण अभियान की प्रति घंटे की प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी।

कर्मचारी से लेकर सामाजिक संगठन लेंगे हिस्‍सा

इस पौधारोपण अभियान में सभी विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों के अलावा कई सामाजिक संगठन भी हिस्‍सा लेंगे। इसके लिए पंचायत से लेकर जिला स्तर तक जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इस पौधारोपण महाअभियान में सरकारी और गैर सरकारी संस्थाएं, व्यापार मंडल, आरडब्ल्यूए, सिविल डिफेंस, रोटरी, लायंस क्लब आदि की सहभागिता पूरी तरह से रहेगी। इसके अलावा भी अन्‍य एनजीओ एवं समाजसेवी संस्थाओं से संपर्क कर उन्‍हें पौधरोपण अभियान में शामिल होने के लिए निशुल्‍क पौध उपलब्ध करया जाएगा।

अगली खबर