Gurugram: गुरुग्राम में कंपनी में प्रदर्शन और तोड़फोड़ मामले में 123 श्रमिक गिरफ्तार

Gurugram JNS Instruments Limited Company : जेएनएस इन्सट्रूमेंट्स लिमिटेड कंपनी में श्रमिकों के उग्र प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने इस घटना में लिप्‍त 123 श्रमिकों को गिरफ्तार कर उनपर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

haryana police
श्रमिकों ने कंपनी में की तोड़फोड़   |  तस्वीर साभार: BCCL
मुख्य बातें
  • जेएनएस इन्सट्रूमेंट्स लिमिटेड कंपनी में हुआ था उग्र प्रदर्शन
  • पुलिस ने गिरफ्तार कर 123 श्रमिकों पर दर्ज किया मामला
  • श्रमिकों का आरोप पुलिस ने बिना किसी उकसावे के लाठीचार्ज किया

Gurugram JNS Instruments Limited Company :  मानेसर की एक कंपनी में कुछ कर्मचारियों को बर्खास्त किए जाने के विरोध में उग्र श्रमिकों ने प्रदर्शन करते हुए वाहनों को आग लगाकर कई को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना के बाद अब पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने अभी तक इस घटना में शामिल 123 श्रमिकों को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि मारुति के लिए कल-पुर्जे बनाने वाली कंपनी जेएनएस इन्सट्रूमेंट्स लिमिटेड ने कुछ श्रमिकों को निकाल दिया था, जिसके विरोध में कंपनी के अन्‍य श्रमिक पिछले कुछ दिनों से प्रदर्शन कर रहे थे।

अधिकारियों ने बताया कि, कंपनी के पास दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 लागू कर दी थी और कंपनी परिसर के 500 मीटर के दायरे में किसी भी प्रदर्शनकारी के प्रवेश पर रोक लगा दी थी। हालांकि, प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने मंगलवार को कंपनी के प्रवेश द्वार को अवरुद्ध कर दिया। साथ ही कंपनी में कार्य करने जा रहे अन्य कर्मचारियों को भी धमकाया। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई की चेतावनी दी।

वाहनों को किया क्षतिग्रस्त

उन्होंने बताया कि चूंकि श्रमिक परिसर से बाहर नहीं निकले, इसलिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने उनके खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया। जिसके बाद शाम में लगभग सात बजे प्रदर्शनकारी कंपनी के बाहर जमा हो गए और प्रदर्शन उग्र हो गया। श्रमिकों ने एक बस में आग लगा दी और कई अन्‍य वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। आईएमटी, मानेसर थाना प्रभारी सुभाष कुमार ने बताया कि हमने 123 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया था,लेकिन बाद में हमने उन्हें चेतावनी के साथ थाने से जमानत देकर छोड़ दिया। बाकि लोगों पर भी जल्‍द कार्रवाई की जाएगी।

श्रमिकों का आरोप पुलिस ने भांजी लाठियां

वहीं प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का आरोप है कि प्रदर्शन स्‍थल पर मौजूद पुलिस ने बिना किसी उकसावे के श्रमिकों पर लाठियां भांजी। जिसमें कई श्रमिकों को चोटे आई। इससे बाकि के श्रमिक उग्र हो गए।

अगली खबर