Gurugram News: गुरुग्राम में बड़ा हादसा, बेसमेंट की खोदाई के दौरान ढही मिट्टी में दबे तीन श्रमिक, दो की मौत

Gurugram News: एक प्लॉट के बेसमेंट की खोदाई के समय मिट्टी ढहने से तीन श्रमिक दब गए। इस हादसे में दो श्रमिकों की जहां मौत हो गई। वहीं आसपास के लोगों ने एक श्रमिक को समय रहते मिट्टी के अंदर से निकाल कर उसकी जान बचा ली। हालांकि ये श्रमिक भी गंभीर रूप से घायल है।

Two died after being buried in the soil
खोदाई के समय मिट्टी ढहने से दो श्रमिकों की मौत   |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • बेसमेंट की मिट्टी ढहने से नीचे दब गए बिहार के श्रमिकों की मौत
  • जेसीबी की मदद से मिट्टी हटाकर तीनों श्रमिकों को निकाला बाहर
  • सोमवार शाम तक श्रमिकों के परिजन पहुंचेंगे गुरुग्राम

Gurugram News: शहर के सेक्टर-73 में एक प्लॉट के बेसमेंट की खुदाई के समय मिट्टी ढहने से तीन श्रमिक दब गए। इस हादसे में दो श्रमिकों की जहां मौत हो गई, वहीं आसपास के लोगों ने एक श्रमिक को समय रहते मिट्टी के अंदर से निकाल कर उसकी जान बचा ली। हालांकि ये श्रमिक भी गंभीर रूप से घायल है। सांस लेने में तकलीफ होने के कारण उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सोमवार सुबह तक उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। 

बादशाहपुर थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप ने बताया कि दो श्रमिकों की मृत्यु की जानकारी मिलती है, इस घटना की पुलिस अपने स्‍तर पर जांच कर रही है। अभी तक पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। आपको बता दें कि सेक्टर-73 में एक मकान का निर्माण चल रहा है। इस प्‍लॉट में रविवार को बेसमेंट खोदने का कार्य चल रहा था। यह कार्य बिहार के रहने वाले श्रमिक मंसूर आलम, अकरम और मदन कर रहे थे। 

लोगों ने ही बुलाई जेसीबी 

बताया जा रहा है कि तीनों श्रमिक प्‍लॉट के अंदर थे कि तभी एकाएक ऊपर से मिट्टी ढहने लगी। जिसके नीचे तीनों दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास लोगों ने आनन-फानन जेसीबी की मदद से मिट्टी हटाकर तीनों श्रमिकों को बाहर निकाला। हालांकि तब तक मंसूर और अकरम की मौत हो चुकी थी। वहीं मदन की सासें चल रही थीं। जिसके कारण उसे तत्‍काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सांस लेने में ज्‍यादा परेशानी होने की शिकायत आने के बाद कई टेस्‍ट कराए गए। जिसकी रिपोर्ट सोमवार को आई। डॉक्‍टरों के अनुसार मदन के श्वास नली में मिटृटी फंसी हुई है। जिसके कारण यह परेशानी हो रही है। 

पुलिस को परिजनों के गुरुग्राम पहुंचने का इंतजार 

बादशाहपुर थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप ने बताया कि तीनों श्रमिक यहां पर कई सालों से अकेले रहकर श्रमिक का कार्य करते थे। घटना के बाद प्‍लॉट के मालिक से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली गई है। इसके अलावा श्रमिकों के परिवार की जानकारी लेकर उनके परिजनों को भी सूचना दी गई है। सोमवार शाम तक परिजन यहां पहुंच जाएंगे। जिसके बाद अगर वे किसी के खिलाफ शिकायत करते हैं तो उसके अनुसार मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अभी तक किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है।

 

अगली खबर