Gurugram News: ‘पानी’ विवाद में किशोर पर जानलेवा हमला, लाठी-डंडे से जमकर पीटा, दो आरोपी गिरफ्तार

Gurugram News: गुरुग्राम में पानी के विवाद में कुछ युवकों ने एक किशोर पर जानलेवा हमला बोल दिया है। इस हमले में किशोर को गंभीर चोटें आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमला करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घायल किशोर का अस्‍पताल में इलाज चल रहा है।

Deadly attack in water dispute
गुरुग्राम में पानी विवाद में किशोर पर जानलेवा हमला  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • नल पर हाथ धोने को लेकर शुरू हुआ विवाद
  • बर्तन के ऊपर धो लिया हाथ तो बोला हमला
  • हमले में किशोर के सिर में आई गंभीर चोटें

Gurugram News: गुरुग्राम में ‘पानी’ को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में इतना बढ़ गया कि एक किशोर पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडे के साथ जानलेव हमला बोल दिया है। आरोपी ने किशोर को घेर कर तब तक पीटा जब तक वह गिरकर अचेत नहीं हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं परिजनों ने किशोर को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। सेक्टर-40 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, वारदात के कुछ घंटे बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी अनुसार माजीबर शेख अपने परिवार के साथ गांव कन्हई में रहता है। माजीबर द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार उनका 15 साल का बेटा हनीफ घर के बगले में लगे नल पर हाथ धोने गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि, यहां पर सोनू, प्यारेलाल समेत अन्य लोग बर्तन धो रहे थे। हनीफ ने हाथ धोने के लिए इनसे बर्तन हटाने को कहा, लेकिन इन आरोपियों ने बर्तन हटाने से मना कर दिया। जिस कारण हनीफ ने बर्तन के ऊपर ही हाथ धो लिए।

घर से लाए लाठी-डंडा और बोल दिया हमला

शिकतायकर्ता ने बताया कि, बेटे द्वारा बर्तन के ऊपर हाथ धोने से गुस्साए सोनू व प्यारेलाल समेत अन्य ने हनीफ को पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी अपने घरों से लाठी-डंडा लेकर आए और हनीफ पर हमला बोल दिया। इस हमले के दौरान सिर में गहरी चोट लगने से हनीफ अचेत होकर वहीं गिर गया। शोर शराबा सुनकर पीड़ित के परिजन जब घटनास्‍थल पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गए। वहीं घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-40 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू की। कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने आरोपी सोनू व प्यारे लाल को गिरफ्तार कर लिया। अब अन्‍य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

अगली खबर