Gurugram News: छह महीने पहले हुई विदेशी महिला से मुलाकात, शुरू हुआ प्यार की आड़ में हैवानियत का सिलसिला

Gurugram News: गुरुग्राम में ताइवान की एक महिला को शादी का झांसा देकर रेप करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला गुरुग्राम में वर्ष 2017 से रहती है। वह यहां पर एक एनजीओ में कार्य करती है। वहीं आरोपी एक निजी क्लिनिक में कार्यरत था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

foreign woman raped
विदेशी महिला से शादी का झांसा देकर किया रेप   |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • पीड़ित ताइवान की महिला एक एनजीओ में करती है कार्य
  • आरोपी शादी का वादा कर छह माह से कर रहा था यौन शोषण
  • महिला ने जब शादी का दबाव डाला तो आरोपी ने बना ली दूरी

Gurugram News: गुरुग्राम में एक विदेशी महिला को शादी का झांसा देकर रेप करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ताइवान की रहने वाली है। महिला ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि शादी का झांसा देकर उसका पिछले छह माह से लगातार रेप किया जा रहा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर एक 29 साल के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि, पीड़ित महिला वर्ष 2017 से गुरुग्राम में रह रही है और वह यहां पर एक एनजीओ के लिए काम करती है।

वहीं, रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया आरोपी रवींद्र विश्वकर्मा एक निजी क्लिनिक में काम करता है। पुलिस ने बताया कि, दोनों की मुलाकात करीब 6 महीने पहले एक-दूसरे से हुई थी। पुलिस ने कहा कि, पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर जांच की जा रही है। अभी तक की पूछताछ में पता चला था कि, दोनों का आपस में प्रेम संबंध था। आरोपी युवक शादी करने का वादा कर महिला के साथ संबंध बनाता रहा, लेकिन बाद में मुकर गया।

शादी का वादा कर किया यौन शोषण

पीड़ित महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह पिछले पांच साल से सेक्टर-52 में रह रही थी। आरोपी विश्वकर्मा भी पास में ही रहता था। महिला ने बताया कि करीब छह माह पहले दोनों के बीच जान पहचान हुई और धीरे-धीरे दोनों की नजदीकी बढ़ने लगी। एक दिन विश्वकर्मा ने बातचीत के दौरान ही उसे विवाह का प्रस्ताव दिया, उसने भी प्रस्‍ताव स्वीकार कर लिया। पीड़िता ने बताया कि, इसके बाद आरोपित ने शादी के झूठे वादे कर उसका लगातार यौन शोषण करता रहा। जब उसने शादी के लिए दबाव डाला तो वह अपनी बात से मुकर गया और उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया। इस मामले के जांच अधिकारी एएसआई चंद्रकांत ने कहा कि, विश्वकर्मा के खिलाफ सेक्टर 53 पुलिस थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार कर लिया है।

अगली खबर