Gurugram Corporation Survey: निगम का फरमान, वार्डबंदी के लिए नहीं दी ये जानकारी तो कटेंगे सीवर-पानी कनेक्शन

Gurugram Corporation Survey: गुरुग्राम नगर निगम के वार्डबंदी सर्वे में सहयोग न करने और आंकड़े छुपाने वालों पर अब नगर निगम कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। निगम अधिकारी ऐसे लोगों की लिस्‍ट तैयार कर रहे हैं, जिन्‍होंने कर्मचारियों की मदद नहीं की। जल्‍द ही इनके घरों के पानी और सीवर कनेक्‍शन काट दिए जाएंगे।

Gurugram MC
वार्डबंदी सर्वे में आंकड़े छुपाने पर कटेगा सीवर व पानी कनेक्‍शन   |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • वार्डबंदी सर्वे में आंकड़े छुपाने पर कटेगा सीवर और पानी कनेक्‍शन
  • नगर निगम अधिकारी तैयार कर रहे ऐसे लोगों की लिस्‍ट
  • लोग कर्मचारियों को नहीं दे रहे है किराएदारों की जानकारी

Gurugram Corporation Survey: गुरुग्राम निगम द्वारा कराए जा रहे वार्डबंदी सर्वे में आपके द्वारा दी गई अधूरी जानकारी आप पर भारी पड़ सकती है। नगर निगम अब ऐसे लोगों के घर का पानी और सीवर कनेक्‍शन काट लेगा। इस संबंध में निगम आयुक्‍त की तरफ से आदेश जारी हो चुका है। जिसमें कहा गया है कि, जो लोग सर्वे में निगम का सहयोग नहीं दे रहे और अधूरी जानकारी देकर निगम के सर्वे कार्य में बाधा डाल रहे उनके घर के पानी और सीवर कनेक्‍शन काट दिए जाएं।

दरअसल, इस साल के अंत तक गुरुग्राम नगर निगम का चुनाव होना है, इससे पहले प्रशासन चुनाव की तैयारियों में जुट हुआ है। इस समय निगम की तरफ से वार्डबंदी के लिए सर्वे करवाया जा रहा है। सर्वे का काम नगर निगम ने एक निजी एजेंसी को सौंपा है। एजेंसी के कर्मचारी घर-घर जाकर जनसंख्या के आंकड़े जुटा रहे हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वे करने में काफी परेशानी हो रही है। ज्‍यादातार लोग सही आंकड़े नहीं दे रहे। वहीं मकानों में रह रहे किरायेदारों की जानकारी जुटाने में भी परेशानी हो रही है।

निगम कर रहा ऐसे लोगों की सूची तैयार

निगम अधिकारियों ने बताया कि ऐसे लोगों की वजह से एजेंसी को सर्वे के आंकड़े जुटाने में काफी परेशानी हो रही है। इस कारण अब निगम आयुक्‍त के आदेश के बाद ऐसे लोगों की सूची तैयार की जा रही है, जो एजेंसी को सर्वे में आंकड़े देने में सहयोग नहीं कर रहे हैं। जल्‍द ही निगम द्वारा ऐसे लोगों के घरों के पानी व सीवर के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। निगम अधिकारियों ने बताया कि सबसे ज्‍यादा समस्‍या किराएदारों के आंकड़े जुटाने में हो रही है।

किराएदारों की जानकारी मांगने पर लोग करते हैं झगड़ा

जब एजेंसी के कर्मचारी लोगों से किराएदारों की जानकारी मांगते हैं तो लोग उन्हें मना कर देते है या फिर उनके साथ लड़ाई झगड़ा करने लगते हैं। इस वजह से एजेंसी को सर्वे में देरी हो रही है। निगम अधिकारी एजेंसी की मदद से ऐसे लोगों की सूची तैयार कर रहे हैं। नगर निगम के अधीक्षक अभियंता राधेश्याम शर्मा ने बताया कि, लोगों से अपील है कि वे वार्डबंदी के सर्वे में सहयोग करें। ऐसा नहीं करने वाले लोगों के घरों के पानी और सीवर कनेक्शन काटे जा सकते हैं।

अगली खबर