Gurugram Weather News: गर्मी ने तोड़ा 23 साल का रिकार्ड, सोमवार तक तापमान पहुंच सकता है 44 डिग्री तक

Gurugram Weather News: साइबर सिटी गुरुग्राम में गर्मी नए रिकार्ड बना रही है। यहां पर बढ़ते तापमान ने 23 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वहीं मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में तापमान 44 डिग्री को पार कर सकता है। मंगलवार से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

Gurugram Weather News
गर्मी से लोगों का हाल हुआ बेहाल  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • साइबर सिटी में भीषण गर्मी बना रही नए रिकार्ड
  • बढ़ते तापमान ने तोड़ा 23 साल का रिकार्ड
  • सोमवार तक तापमान कर सकता है 44 डिग्री को पार

Gurugram Weather News: भीषण गर्मी ने साइबर सिटी गुरुग्राम के लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया है। अप्रैल के पहले सप्‍ताह में ही यहां बढ़ते तापमान ने नए रिकार्ड बनाने शुरू कर दिए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार 1 अप्रैल को यहां अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से नौ डिग्री अधिक है। वर्ष 1999 के बाद से अभी तक यह अप्रैल माह के पहले सप्‍ताह में दर्ज किया गया सबसे उच्चतम तापमान है।

वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक यानी 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। गर्मी के कारण शहर की सड़के दोपहर के समय सूनी हो जाती हैं। सबसे ज्‍यादा परेशानी का सामना बाइक और पैदल चलने वाले यात्रियों को हो रही है।

इस साल दर्ज हुआ था अधिक तापमान

गुरुग्राम में इससे पहले वर्ष 1999 में अप्रैल के पहले सप्‍ताह में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। वहीं साल 2000 के तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो उच्चतम अधिकतम तापमान था। अधिकारियों के अनुसार अप्रैल के शुरुआती सप्‍ताह में औसत अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है।

बनेंगे कई नए रिकार्ड  

बढ़ते तापमान से शहरवासियों को अभी राहत मिलती नहीं दिख रही है। आईएमडी के साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुग्राम में 4 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है, वहीं इस दौरान न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। बढ़ता तापमान कई नए रिकार्ड बना सकता है। गर्मी के साथ शहर का मौसम शुष्क रहेगा। वहीं सोमवार और मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि, दक्षिण हरियाणा क्षेत्र में जल्‍द ही अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आ सकती है। शुष्क और ठंडी उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण पंजाब में अधिकांश स्थानों पर तापमान पहले ही दो डिग्री कम हो चुका है। इसका असर हरियाणा में भी महसूस किया जाएगा।

अगली खबर