Womens Day 2020: महिलाएं जिंदगी में जरूर अपनाएं ये पांच आदतें, आपके साथ पूरा परिवार भी रहेगा स्वस्थ

हेल्थ
Updated Mar 07, 2020 | 16:51 IST | Ritu Singh

Womens Day Special: महिलाओं को अपने पूरे परिवार का ख्याल रखना पड़ता है लेकिन इस चक्कर में वो खुद को नजरअंदाज कर देती हैं, जो कि बहुत हानिकारक है। महिलाएं ये पांच आदतें जरूर डालें।

हेल्दी रहने के लिए हर महिला को अपनानी चाहिए ये पांच आदतें
5 health tips which women must do it, पांच आदतें जो हर महिला काे अपनानी चाहिए 
मुख्य बातें
  • सप्ताह में तीन घंटे एक्सरसाइज जरूर करें
  • प्यास लगने से पहले पानी पीने की आदत डालें
  • सही समय पर हेल्दी नाश्ता करने की आदत

Womens Day Special: एक महिला अपने परिवार की जरूरतों के लिए पूरा समय देती है। हालांकि इसमें अपनी जरूरतों को वह हमेशा ही नजरअंदाज करती है, लेकिन यदि आप हमेशा अपने परिवार को खुश और हेल्दी रखने के साथ खुद को भी खूबसूरत और हेल्दी बनाए रखना चाहती हैं तो आपको जीवन में पांच चीजें हमेशा गांठ बांध कर रखनी होंगी। खुद को स्वस्थ रख कर ही आप दूसरों का ख्याल रख सकती हैं और खुशियां दे सकती हैं। इसलिए अपने जीवन में पांच चीजों की आदत डालें। ये वो आदते हैं जो हर महिला के लिए जरूर है। हर महिला अपने आप को खूबसूतर और हेल्दी रखना चाहती है, बस इसके लिए एक डेडिकेशन की जरूरत है। तो आइए जानें ये पांच हेल्दी आदतें क्या हैं।

समय पर करें हेल्दी ब्रेकफास्ट 

याद रखें आपका समय पर नाश्ता करना ज्यादा जरूरी है, क्योंकि आप पर पूरे घर को स्वस्थ रखने क जिम्मेदारी है। इसलिए कभी भी कुछ भी खाने की आदत बदल दें। समय पर नाश्ता करें और हेल्दी नाश्ता करें। आपके नाश्ते में फाइबर, ग्लूकोज, कैल्शियम, विटामिन और प्रोटीन की अच्छी मात्रा होनी चाहिए। क्योंकि ये आपको पूरे दिन एनर्जी से भरपूर रखेगा। साथ ही आपके शरीर की रोज की जरूरत भी इसी नाश्ते से पूरी हो सकेगी। इसके लिए अपने नाश्ते में हमेशा पोषकता का ध्यान जरूर दें।

जंक फूड का करें त्याग और हेल्दी फूड लेने की डालें आदत

फिट बॉडी बनाए रखने का अहम नियम है कि आप अपनी दिनचर्या से अस्वास्थ्यकर जंक और तैलीय भोजन को हटा दें, क्योंकि ये आपकी सेहत को ही नहीं बर्बाद करेगा बल्कि आपकी इम्युनिटी को भी कमजोर करेगा। इसके अलावा शरीर में आलस भी भरेगा। इसलिए प्रोटीन, कैल्शियम, वसा, कार्ब्स, खनिज और फाइबर से भरपूर फूड को प्राथमिकता दें। ये आपको बीमारियों से दूर रखेंगे और आपके अंदर स्फूर्ति बनाए रखेंगे।

सप्ताह में तीन घंटे एक्सरसाइज के लिए निकालें

वैसे तो आपको हर दिन कम से कम 30 मिनट अपने स्वास्थ्य के लिए निकालने चाहिए। 30 मिनट कोई भी एक्सरसाइज करना आपको पूरे जीवन काल में हमेशा रोगों से बचाए रखेगा। यदि आपके पास समय की कमी है तो हफ्ते में कम से कम तीन घंटे एक्सरसाइज के लिए जरूर निकालें। आपकी बॉडी के टोनअप, खूबसूरती और बीमारियों से बचाव के लिए ये आदत आपके रुटीन का हिस्सा जरूर होना चाहिए।

अपने शरीर को हाइड्रेटेड रखें

प्यास लगने से पहले पानी पीने की आदत डालें। पानी हमेशा बैठ कर सिप कर पिएं। शरीर अगर हाइड्रेट रहेगा तो आपको कभी आलस, सिर में दर्द, कब्ज या इफेक्शन जैसी अन्य दिक्कते नहीं होंगी। हाइड्रेट स्किन ग्लो भी करती है और उसमें झुर्रियां भी नहीं पड़ती। साथ ही शरीर से विषैले तत्व भी फ्लश आउट होते रहते हैं। इसलिए रोज कम से कम डेढ़ लीटर पानी पीने की आदत डालें।

कार्ब्स की जगह प्रोटीन और फाइबर को जगह दें

आपको कुकीज, चॉकलेट, शहद और सफेद चावल जैसे परिष्कृत कार्ब युक्त खाद्य पदार्थों से बच कर रहना चाहिए। ये शरीर में रक्त शर्करा के स्तर को बढ़ाते हैं और अधिक इंसुलिन का उत्पादन करते हैं। इससे वजन बढ़ने की समस्या भी होती है। कार्ब्स की जगह फाइबर और प्रोटीन युक्त चीजों को खाने में ज्यादा से ज्यादा लें। ये आपकी स्किन और सेहत दोनों के लिए अच्छा होगा। खाने के साथ सलाद और मल्टीग्रेन रोटी के साथ ब्राउन राइस खाएं। रोज एक फल जरूर खाएं। मीठा कम लें और ऑयली फूड को ना कहें।

तो इस महिला दिवस पर आप खुद को पहले स्वस्थ रखने का संकल्प लें और तय करें की ये पांच आदतें आपके जीवन में आजीवनकाल के लिए शामिल होंगी। 

अगली खबर