मौसम 21 सितंबर: जानें दिल्ली-NCR में कब मिलेगी गर्मी से राहत, कब होगी बारिश

Aaj Ka Mausam (मौसम का हाल): दिल्ली-एनसीआर में पिछले 12-13 दिनों से बारिश नहीं हुई है, जिससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। आज भी मौसम गर्म रहेगा।

weather
दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम 
मुख्य बातें
  • दिल्ली में पिछले कई दिनों से नहीं हुई बारिश
  • जबकि मानसून अभी खत्म नहीं हुआ है
  • बारिश में कमी के कारण पिछले कुछ दिनों में तापमान में इजाफा हुआ है

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। दिल्ली-एनसीआर में रविवार को उमस भरी गर्मी रही और यहां अगले दो-तीन दिन तक बारिश के आसार नहीं है। बारिश नहीं होने की वजह से पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में तापमान बढ़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में सितंबर में अब तक 78 फीसदी कम बारिश हुई है। यहां इस महीने में अब तक 20.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है जबकि इस महीने की सामान्य बारिश 96.2 मिमी है।

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामनी ने कहा कि दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 23 सितंबर और 24 सितंबर को अच्छी बारिश होने की संभावना है। मुंबई में 22 सितंबर को भारी वर्षा होने की संभावना है। अगले 48 घंटों के दौरान ओडिशा में अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है।

दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा। आज भी अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सयस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आज बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है। वहीं फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आसमान साफ रहेगा, बारिश की कोई संभावना नहीं है। गुरुग्राम में भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है।

कर्नाटक में भारी बारिश

वहीं कर्नाटक के कुछ हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश की वजह से काफी तबाही हुई है। खास तौर पर तटीय उडुपी जिला सबसे ज्यादा प्रभावित है जहां घर तथा फसलें पानी में डूब गई हैं, जिसके बाद सरकार ने रविवार को आपदा मोचन बल के कर्मियों को बचाव कार्य में लगाया है। कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी केंद्र (केएसएनडीएमसी) के अधिकारियों ने बताया कि मलनाड, तटीय क्षेत्र और कुछ आंतरिक और उत्तरी जिलों में अगले कुछ दिनों में भारी बारिश के लिए अलर्ट जारी किए गए हैं। उडुपी में स्थिति गंभीर है क्योंकि कुछ गांव पानी में डूब चुके हैं, घर गिर गए हैं, सड़कें बह गई हैं और खेतों में लगी फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई। उडुपी में जिला मुख्यालय नगर में भी कई घर, चार-पहिया वाहन और सड़कें पानी की चपेट में आई हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर