मौसम 27 सितंबर: दिल्ली-NCR में आज भी बारिश के आसार नहीं, जानिए क्या कहता है मौसम विभाग का अनुमान

Aaj Ka Mausam (मौसम का हाल): दिल्ली सहित मैदानी भागों में उत्तर-पश्चिमी हवाएँ चलेंगी जिससे नमी कम हो जाएगी और दिन के तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। मौसम काफी शुष्क रहने वाला है।

delhi ncr weather today
दिल्ली एनसीआर में आज का मौसम (स्काईमेट)  |  तस्वीर साभार: Twitter

नई दिल्ली : देश के उत्तरी भागों से मॉनसून अब वापसी की तैयारी में है और मैदानी भागों से लेकर पहाड़ों तक कोई प्रभावी सिस्टम नहीं हैं जिसके चलते बारिश जम्मू कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश तक गायब हो गई है। कल इन भागों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा।

दिल्ली सहित मैदानी भागों में उत्तर-पश्चिमी हवाएँ चलेंगी जिससे नमी कम हो जाएगी और दिन के तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। मौसम काफी शुष्क रहने वाला है। दिल्ली एनसीआर में तेज धूप के साथ मौसम में उमस के साथ गर्मी रहेगी। अधिकतम तापमान 36 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 24 डिग्री तक रहने की संभावना है। बारिश होने के बेहद कम लगभग 10 फीसदी संभावना है। वातावरण में 47 फीसदी तक नमी रहेगी जबकि हवाएं 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है।

मानसून की वापसी से पहले उत्तर भारत में बारिश की संभावना नहीं: मौसम विभाग

मौसम विभाग ने शुक्रवार को कहा कि देश के उत्तर और उत्तर-पश्चिमी भागों में बारिश की संभावना नहीं है क्योंकि दक्षिण-पश्चिमी मानसून की वापसी का समय करीब है। विभाग ने साथ ही इन भागों में अधिकतम तापमान सामान्य सीमा से अधिक रहने का अनुमान जताया।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अपनेी दैनिक रिपोर्ट में कहा कि राजस्थान, गुजरात, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के अधिकतर हिस्सों में शुक्रवार को बारिश नहीं हुई।

अक्टूबर में मॉनसून की वापसी की संभावना

वहीं, निजी मौसम एजेंसी ''स्काईमेट वेदर'' ने पूर्वानुमान जताया कि पश्चिमी राजस्थान से एक अक्तूबर से मानसून की वापसी हो सकती है। इसके मुताबिक, उत्तर भारत के बडे हिस्से से सात अक्तूबर तक मानसून की वापसी पूरी हो सकती है। वहीं, दिल्ली में लगातार 17वें दिन भी बारिश दर्ज नहीं की गई और मौसम उमस भरा बना रहा।

आईएमडी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में फिलहाल मानसून की कोई बारिश अभी संभव नहीं है और बारिश के अभाव में अगले कुछ दिनों में पारा कुछ और बढ़ने की संभावना है। हालांकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर