आज की ताजा खबर : Aaj Ki Taza Khabar, 2 सितंबर, 2022 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), 2 सितंबर, 2022 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 2 सितंबर (शुक्रवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार :

Aaj ki taza khabar 2 September 2022 latest news in hindi
Aaj Ki Taza Khabar, 2 सितंबर की बड़ी खबरें   |  तस्वीर साभार: Times Now

Aaj ki Taza Khabar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज केरल के कोच्चि शहर में पहले स्वदेशी विमानवाहक पोत ‘आईएनएस विक्रांत’ का जलावतरण किया, जो भारत के समुद्री इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा जहाज है। वहीं, कांग्रेस की सात सितंबर से आरंभ होने वाली ‘भारत जोड़ो’ यात्रा में राहुल गांधी के साथ कुल 117 नेता कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा करेंगे। इनमें पार्टी के मीडिया एवं प्रचार प्रमुख पवन खेड़ा और युवा नेता कन्हैया कुमार शामिल हैं।

उच्चतम न्यायालय ने ईसाई संस्थानों पर हो रहे हमलों को लेकर उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड जैसे राज्यों से रिपोर्ट तलब करने का बृहस्पतिवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय को निर्देश दिया, जबकि बंगाल की खाड़ी में चक्रवातीय परिसंचरण क्षेत्र बनने के संकेत मिलने के बाद मौसम वैज्ञानिकों ने पूर्वानुमान व्यक्त किया है कि उत्तर प्रदेश एवं बिहार के उन हिस्सों में मानसून के लौटने से पहले अभी और वर्षा हो सकती है जिनमें इस मौसम में अभी तक पर्याप्त वर्षा नहीं हुई।

चित्रदुर्ग की एक स्थानीय अदालत ने मुरुगा मठ द्वारा संचालित एक उच्च विद्यालय की लड़कियों के कथित यौन उत्पीड़न मामले में मठ के प्रमुख महंत शिवमूर्ति मुरुगा शरणारु की अग्रिम जमानत याचिका की सुनवाई शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी है। पढ़ें, आज की बड़ी और अहम खबरें:

Indian Economy Growth: भारत ने लगाई छलांग, बना दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, ब्रिटेन को पीछे छोड़ा

Indian Economy Growth: भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर कर  ब्रिटेन से आगे निकल गया। भारतीय अर्थव्यवस्था ने 2021 के अंतिम तीन महीनों में ब्रिटेन को पीछे छोड़ दिया है।

हांगकांग को 155 रन के अंतर से मात देकर सुपर-फोर में पहुंचा पाकिस्तान, भारत से पक्की हुई भिड़ंत

एशिया कप 2022 में आज ग्रुप ए के आखिरी मुकाबले में पाकिस्तान ने हांगकांग को 155 रन के बड़े अतंर से मात देकर एशिया कप के सुपर फोर राउंड में प्रवेश कर लिया है। पाकिस्तान की इस जीत के साथ ही भारत और पाकिस्तान की बीच एशिया कप 2022 में दूसरी भिड़ंत भी पक्की हो गई है। ये मुकाबला रविवार 4 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा। 
 

Noida Twin Towers: जहां था ट्विन टावर वहां बनेगा अब भव्य मंदिर? लोगों का प्रस्ताव, RWA जल्द लेगा फैसला

Noida Twin Towers:  नोएडा के जिस ट्विन टावर को विस्फोटक लगाकर ध्वस्त कर दिया है, अब उसकी जगह पर भव्य मंदिर बनाने की मांग उठने लगी है। इसके लिए बकायदा प्रस्ताव भी आ चुका है। जिसपर अब स्थानीय आरडब्लूए को फैसला लेना है।

इलेक्टोरल रोल को लेकर कांग्रेस में घमासान, गांधी परिवार को नया चैलेंज

Congress President Election: अगर इतिहास के पन्नों को पलटा जाए तो आजादी के बाद से अब तक कांग्रेस के 19 अध्यक्ष हुए हैं। जिसमें 5 अध्यक्ष गांधी परिवार से रहे है। और उनका बीते 75 साल में 37 साल अध्यक्ष पद पर कब्जा रहा है। और उससे भी बड़ी बात है कि पिछले 24 साल में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के अलावा कोई अध्यक्ष नहीं बन सका। इस दौरान केवल 2000 के चुनाव में नई-नई राजनीति में एंट्री करने वाली सोनिया गांधी के खिलाफ जितेंद्र प्रसाद में उतरे थे। लेकिन उन चुनावों में हारे उम्मीदवार जितेंद्र प्रसाद ने कई  गंभीर आरोप लगा दिए। जिसकी आंच आज भी कांग्रेस के कई नेताओं को परेशान कर रही है। पहले आनंद शर्मा फिर मनीष तिवारी और अब शशि थरूर और असम  के सांसद प्रद्युत बारदोली ने भी इलेक्टोरल रोल की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं।

75 रुपए में देख सकेंगे रणबीर कपूर-आलिया भट्ट की Brahmastra, केवल एक दिन के लिए है ऑफर

रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की फिल्म ब्रह्मास्त्र पार्ट वन शिवा नौ सितंबर को रिलीज होने वाली है। इससे पहले तीन सितंबर से ही फिल्म की एडवांस बुकिंग (Brahamastra Advance Booking) शुरू हो जाएगी। अब रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के फैंस के लिए खुशखबरी है। फैंस केवल 75 रुपए का टिकट खरीदकर ये फिल्म देख सकेंगे। लेकिन, इस ऑफर के साथ एक खास शर्त भी जुड़ी हुई है।  मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (MAI) और देशभर के सिनेमाघर मालिकों ने ये फैसला लिया है।    

केन्या की तरह नेपाल भी चीन के जाल में फंसेगा ! BRI बना रहा है सफेद हाथी

China BRI And Debt ridden Countries: बीते अगस्त में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 2 ऐसी घटनाए हुई हैं, जिससे साफ संकेत मिलता है कि चीन के मकड़जाल में कैसे छोटे और गरीब देश फंसते जा रहे हैं। पहले तो बात सोलोमन आइलैंड की, जिसने प्रशांत महासागर में नियमित गश्त के दौरान अमेरिकी कोस्ट गार्ड के एक जहाज को रिफ्यूलिंग की इजाजत नहीं दी। दूसरी घटना चीन और नेपाल के बीच रेलवे लाइन के लिए हुए समझौता है। जिसमें चीन, दोनों देश के बीच रेलवे ट्रैक बिछाने के लिए अपने विशेषज्ञों को सर्वे के लिए नेपाल भेजेगा। 

गुजरात में किसानों का कर्ज माफ करेंगे, 300 यूनिट फ्री बिजली देंगे, AAP संयोजक बोले- ये जादू सिर्फ केजरीवाल को आता है

गुजरात विधानसभा चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) के आक्रामक अभियान को जारी रखते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल देवभूमि द्वारका जिले में शुक्रवार को गुजरात के लोगों के लिए एक और गारंटी की घोषणा की। केजरीवाल ने कहा कि अगर आगामी चुनावों के बाद गुजरात में उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो किसानों का कर्ज माफ करेंगे।

अब महाराष्ट्र कांग्रेस में फूट? पहले मंत्री से मुलाकात और अब सीधे फडणवीस से...कहीं अशोक चव्हाण पाला तो नहीं बदलेंगे

जम्मू-कश्मीर में फूट का सामना कर रही कांग्रेस के लिए अब महाराष्ट्र में मुश्किलें खड़ी होती दिख रही हैं। महाराष्ट्र कांग्रेस के बड़े नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण को लेकर अटकलें हैं कि वो बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। अशोक चव्हाण ने गुरुवार को उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की है। जिसके बाद से ये अटकलें और तेज हो गई हैं।

गुजरात दंगा मामलों में एक्टिविस्ट तीस्ता सीतलवाड़ को राहत, सुप्रीम कोर्ट ने दी अंतरिम जमानत

सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को एक्टिविस्ट तीस्ता सीतलवाड़ को उस मामले में अंतरिम जमानत दी। जिसमें उन्हें 2002 के गुजरात दंगों के मामलों में निर्दोष लोगों को फंसाने के लिए कथित रूप से दस्तावेज बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि एक्टिविस्ट तीस्ता सीतलवाड़ लंबित जांच में पूरा सहयोग देंगी और उन्हें अपना पासपोर्ट सरेंडर करने के लिए कहा गया। 

अमृत काल में ग्रीन ग्रोथ और ग्रीन जॉब की मानसिकता के साथ आगे बढ़ रहा है भारत, मंगलुरु में बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलुरु में 3700 करोड़ रुपए की मशीनीकरण और औद्योगीकरण परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस मौक पर उन्होंने कहा कि हम बेहतर लॉजिस्टिक्स के लिए अपना बुनियादी ढांचा विकसित कर रहे हैं। अमृत काल के दौरान भारत ग्रीन ग्रोथ और ग्रीन जॉब की मानसिकता के साथ आगे बढ़ रहा है। नया भारत नए अवसरों की भूमि है।
 

आंकड़ों में हुआ खुलासा: अगस्त में 1 साल के उच्चस्तर पर पहुंची बेरोजगारी दर

देश में बेरोजगारी दर (Unemployment Rate) अगस्त में एक साल के उच्चस्तर 8.3 प्रतिशत पर पहुंच गयी। इस दौरान रोजगार पिछले महीने की तुलना में 20 लाख घटकर 39.46 करोड़ रह गया। सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकनॉमी (CMIE) के आंकड़ों के अनुसार, जुलाई में बेरोजगारी दर 6.8 प्रतिशत थी तथा रोजगार 39.7 करोड़ था। सीएमआईई के प्रबंध निदेशक महेश व्यास ने पीटीआई-भाषा से कहा, 'शहरी बेरोजगारी दर आमतौर पर ग्रामीण बेरोजगारी दर से ऊंची यानी आठ प्रतिशत रहती है, जबकि ग्रामीण बेरोजगारी दर लगभग सात प्रतिशत होती है।'

पुर्तगाल में हिंदुस्तानी महिला की मौतः हेल्थ मिनिस्टर का इस्तीफा, बोले अखिलेश- आशा है BJP के मंत्री भी कुछ सबक लेंगे

पुर्तगाल में एक गर्भवती भारतीय महिला की मौत के बाद वहां की स्वास्थ्य मंत्री मार्टा टेमिडो के इस्तीफे को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके मंत्रियों को घेरा है। उन्होंने कहा है कि उम्मीद है कि बीजेपी के मंत्री भी इस घटनाक्रम से कुछ सबक लेंगे। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने शुक्रवार (दो सितंबर, 2022) को ट्वीट किया, "पुर्तगाल में एक गर्भवती पर्यटक को दिल का दौरा पड़ने पर सही समय पर अस्पताल की सुविधा नहीं मिलने पर वहाँ के स्वास्थ्य मंत्री ने नैतिकता के आधार पर इस्तीफ़ा दे दिया। आशा है भाजपा के मंत्री भी इससे कुछ सबक लेंगे।"

बीजेपी के करीब 1000 विधायक और 300 सांसद, क्या सभी पवित्र हैं, तेजस्वी यादव ने कसा तंज

देश के अलग अलग हिस्सों में सीबीआई और ईडी सक्रिय है। व्यापारियों के ठिकानों के साथ साथ राजनीतिर चेहरों को भी छापेमारी का सामना करना पड़ रहा है। विपक्ष का आरोप है कि बीजेपी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। अगर ऐसा नहीं होता तो बीजेपी के एक भी सांसद या विधायक के यहां छापा क्यों नहीं पड़ रहा है। लगभग 1000 भाजपा विधायकों और 300 सांसदों में से किसी के घर पर छापा मारा गया है? क्या वे सभी पवित्र हैं? सुरक्षा मिलने के कारण उनके घरों पर छापेमारी नहीं की जाती है। बीजेपी में जाने वाले होते हैं पवित्र।

कांग्रेस देश की इकलौती पार्टी जो अध्यक्ष का करती है चुनाव, बीजेपी के आरोपों पर अजय माकन का पलटवार

कांग्रेस का अध्यक्ष कौन होगा उसकी औपचारिक प्रक्रिया 22 सितंबर से शुरू हो जाएगी। अगर एक से ज्यादा उम्मीदवारों में नामांकन दाखिल नहीं किया तो निर्विरोध चेहरा अध्यक्ष होगा। अगर चुनाव करने की नौबत आई तो 17 अक्टूबर को मतदान होगा। कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव पर बीजेपी लगातार कांग्रेस पर हमलावर है। लेकिन कांग्रेस के कद्वावर नेता अजय माकन का कहना है कि उनकी पार्टी इकलौती है जहां अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होता है।

मोदी लगातार बदल रहे हैं गुलामी के दौर की विरासत, जानें वो 6 बड़े फैसले

मोदी सरकार पिछले 8 वर्षों में लगातार गुलामी की उन प्रतीकों को हटा रही है, जो देश को ब्रिटिश काल की गुलामी की याद दिलाते हैं। इसी कड़ी में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय नौसेना का नया ध्वज या निशान जारी किया। नए ध्वज में अष्टकोणीय सीमाएं शिवाजी महाराज राजमुद्रा या छत्रपति शिवाजी महाराज की मुहर से प्रेरणा लेते हुए बनाई गई हैं। शिवाजी की दूरदृष्टि का ही परिणाम था कि उन्होंने एक विश्वसनीय नौसेना बेड़े का निर्माण किया। और अब उसने ब्रिटिश काल के प्रतीक सेंट जार्ज क्रॉस की जगह ले ली है।

आ गया 'समुंदर का सिकंदर' IAC Vikrant: दो फुटबॉल ग्राउंड जितना बड़ा डेक, चार आइफिल टावर जितना वजन और 30 जेट हो सकेंगे सवार

समुंदर का सिंकदर कहा जा रहा हिंदुस्तान का स्वदेसी एयरक्राफ्ट कैरियर विक्रांत (IAC Vikrant) शुक्रवार (दो सितंबर, 2022) को भारतीय नौसेना का हिस्सा बन गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के कोच्चि में एक कार्यक्रम के दौरान इसे देश को समर्पित किया। देश के पहले स्वदेशी एयरक्राफ्ट कैरियर को देश को समर्पित कर पीएम बोले- विक्रांत विशाल है, विराट है, विहंगम है। विक्रांत विशिष्ट है, विक्रांत विशेष भी है। विक्रांत केवल एक युद्धपोत नहीं है। ये 21वीं सदी के भारत के परिश्रम, प्रतिभा, प्रभाव और प्रतिबद्धता का प्रमाण है, जबकि विक्रांत की कमीशनिंग समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि 'अमृतकाल' के प्रारंभ में INS विक्रांत की कमीशनिंग अगले 25 वर्षों में राष्ट्र की सुरक्षा के हमारे मजबूत संकल्प को दर्शाती है। INS विक्रांत आकांक्षाओं और आत्मनिर्भर भारत का एक असाधारण प्रतीक है।

विशाल, विराट और विहंगम है IAC Vikrant...यह तैरता शहर भी, कोचीन से काशी तक पहुंच सकते हैं पोत में यूज हुए तार- बोले PM

भारत का पहला स्वदेशी और अब तक का सबसे बड़ा विमानवाहक पोत विक्रांत (स्वदेशी एयरक्राफ्ट कैरियर : IAC) आखिरकार नौसेना में शामिल हो ही गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (दो सितंबर, 2022) सुबह केरल के कोच्चि में इसे देश को समर्पित किया। कोचीन शिपयार्ड (Cochin Shipyard Limited) में पीएम ने 20,000 करोड़ रुपये की लागत से बने स्वदेशी अत्याधुनिक स्वचालित यंत्रों से युक्त विमान वाहक पोत आईएनएस विक्रांत के जलावतरण से पहले भारतीय नौसेना के नए ध्वज या निशान का अनावरण भी किया था। पीएम के मुताबिक, "विक्रांत विशाल और महान है। यह विशेष है। यह सिर्फ जंगी जहाज नहीं बल्कि 21वीं सदी के भारत की कड़ी मेहनत, प्रभाव और प्रतिबद्धता का सबूत है।

वीर शिवाजी की नौसेना से प्रेरित नेवी के ध्वज में क्या है खास, एक नजर

2 सितंबर 2022 का दिन भारत के गौरवशाली इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज कर लिया जाएगा। इस दिन भारत को ना सिर्फ अपना पहला स्वदेशी एयरक्राफ्ट कैरियर मिला है बल्कि नौसेना को अपना नया नेवल एनसाइन भी मिला है इसने ध्वज में भारत के गौरवशाली इतिहास का की शौर्य गाथा है और उपनिवेशवाद से आजादी का प्रतीक है। आइए आपको बताते हैं कैसे हुआ यह बदलाव। राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक के रूप में, तत्कालीन भारतीय नौसेना के पताका में ऊपरी बाएँ कैंटन में राष्ट्रीय ध्वज, लाल खड़ी और क्षैतिज धारियाँ और लाल धारियों के चौराहे पर एक सुनहरा पीला राज्य प्रतीक शामिल था। देवनागरी लिपि में उकेरे गए राष्ट्रीय आदर्श वाक्य 'सत्यमेव जयते' को राज्य चिन्ह के तहत शामिल किया गया था। यह सफेद पताका 01 सितंबर 22 तक भारतीय नौसेना के सभी संरचनाओं, जहाजों और प्रतिष्ठानों द्वारा उड़ाया गया है।

ये हैं भारत के प्रमुख नौसैनिक अड्डे,जानें दुश्मन पर कैसे रखते हैं नजर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के स्वदेशी युद्धपोत IAC विक्रांत को नौसेना को सौंप दिया है। इसके साथ ही भारतीय नौसेना को उसका नया ध्वज भी मिल गया है। इन दो अहम बदलावों से भारतीय नौसेना को एक अलग पहचान मिलेगी। खास तौर से IAC विक्रांत से भारत उन 6 देशों के एलीट ग्रुप में शामिल हो गया है, जो 40,000 टन से ज्यादा की क्षमता वाले युद्धपोत बनाने में सक्षम हैं। करीब 20,000 करोड़ की लागत से बने IAC विक्रांत के समुद्र में उतरने से भारतीय नौसेना के लिए हिंद महासागर में दुश्मन की गतिविधियों पर नजर रखना आसान हो जाएगा। इसका सबसे बड़ा फायदा चीन पर नकेल कसने में होगा। इस मौके पर भारतीय नौ सेना की ताकत और नौसेनिक अड्डे को बारे में भी जानना जरूरी है, कि आखिर हमारी सेना दुनिया के देशों के सामने कहां ठहरती है।

'चलते-फिरते शहर' से कम नहीं हैं दुनिया के ये टॉप पांच एयरक्राफ्ट कैरियरः जानें- किस मुल्क के पास कितने विमानवाहक पोत?

एयरक्राफ्ट कैरियर (विमानवाहक पोत) न सिर्फ जंग में हिस्सा लेने वाले बड़े पोत होते है, बल्कि यह किसी भी मुल्क की नौसेना के लिए मान, सम्मान, गौरव और शक्ति का प्रतीक भी होते हैं। अपनी एंट्री के बाद ऐसे जहाज कई राष्ट्रों की रक्षा प्रणाली में अहम फेरबदल करा चुके हैं। इन बड़े विमान वाहकों को फ़्लोटिंग एयर बेस के तौर पर भी जाना जाता है, जिन पर फ्लाइंग डेक भी होती है। यह विमानों को ले जाने, हथियार लगाने, तैनात करने और फिर से वहां लाने में सक्षम होता है।

पूर्व पाक स्पिनर ने कहा चहल संघर्ष कर रहे हैं, इस भारतीय गेंदबाज को मौका दिया जाना चाहिए

एशिया कप 2022 में अब तक टीम इंडिया के कुछ गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है, जबकि कुछ ने खराब। इन्हीं में से एक हैं भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल जो फिलहाल संघर्ष करते नजर आ रहे हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में आराम दिया गया था लेकिन वापसी के बाद पिछले दोनों मैचों में चहल एक भी विकेट लेने में सफल नहीं हुए हैं। पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया ने उनका विकल्प सामने रखा है।

होटल जैसा इस जेल में मिलता है खाना! FSSAI ने भी माना- 'क्वालिटी में है दम', दी 5 स्टार रेटिंग

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले की फतेहगढ़ सेंट्रल जेल फिलहाल चर्चा में है। वजह- न तो वहां के कैदी हैं और न उनकी कहानी। असल कारण है- वहां की जेल का खाना। दरअसल, भारतीय खाद्य सुरक्षा मानक प्राधिकरण (Food Safety and Standards Authority of India : FSSAI) ने वहां कैदियों को परोसे जाने वाले खाने की क्वालिटी के लिए फाइव स्टार रेटिंग दी है।

VIDEO: उप-राष्ट्रपति के चेहरे पर यहां तान दी गई पिस्तौल, रह गईं हक्की-बक्की; देखें- आगे क्या हुआ?

अर्जेंटीना की उप-राष्ट्रपति क्रिस्टीना फर्नांडीज का कत्ल करने का प्रयास किया गया। समर्थकों और भीड़ के सामने उनके चेहरे पर एक शख्स ने आकर पिस्तौल तान दी थी। वह भी बिल्कुल नजदीक आकर। हालांकि, अच्छी बात यह रही कि वह इस दौरान बाल-बाल बच गईं। यह पूरा वाकया जब हुआ, तो वहां पत्रकार और वीडियो जर्नलिस्ट भी थे, जिनके कैमरे में घटना कैद हो गई।

तीस्ता सीतलवाड़ केसः SC ने पूछा- क्या आप महिला के मामले में अपवाद बना रहे...HC में मानक व्यवस्था है?

एक्टिविस्ट तीस्ता सीतलवाड़ की जमानत याचिका से जुड़े केस में सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार (एक सितंबर, 2022) को चिंता जाहिर की। साथ ही देरी पर हैरानी जताते हुए सवाल पूछा कि गुजरात हाईकोर्ट ने तीस्ता की बेल याचिका र जवाब के लिए राज्य सरकार को नोटिस भेजने के बाद क्यों छह सप्ताह बाद 19 सितंबर को इसे सुनवाई के लिए लिस्ट किया? कोर्ट ने राज्य सरकार से पूछा कि क्या इस तरह की परिपाटी है? कोर्ट ने सरकार को शुक्रवार (दो सितंबर, 2022) तक इसका जवाब देने के लिए कहा गया है।  

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर