आज की ताजा खबर : Aaj Ki Taza Khabar, 3 अगस्त, 2022 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), 3 अगस्त, 2022 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 3 अगस्त (बुधवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार :

Aaj ki taza khabar 3 August 2022 latest news in hindi aaj ka hindi samachar live news updates
Aaj Ki Taza Khabar, 3 अगस्त की बड़ी खबरें  

Aaj ki Taza Khabar: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो मायावती ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी एनडीए के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ का समर्थन करेगी। ब्रिटेन में PM चुनाव पर खतरा मंडरा रहा है। अमेरिकी संसद की प्रतिनिधि सभा की स्पीकर नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा पर चीन बुरी तरह भड़क गया है। पेलोसी के ताइपे पहुंचने के थोड़ी देर बाद ही उसने अपने 21 फाइटर प्लेन  ताइवान के एयर डिफेंस आइडेंटिफिकेशन जोन (एडीआईजेड) में भेज दिए। भारत ने वेस्टइंडीज के खिालफ तीसरे टी20 मुकाबला अपने नाम कर लिया है। भारत के वेटलिफ्टर विकास ठाकुर ने  कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स 2022 में वेटलिफ्टिंग स्‍पर्धा में 96 किग्रा वर्ग में सिल्‍वर मेडल जीता। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री उदय सामंत की कार पर मंगलवार शाम भीड़ ने हमला कर दिया। उनकी कार पर यह हमला उस समय हुआ जब वह पुणे के काटराज इलाके से गुजर रहे थे। विशाखापत्तनम में मंगलवार को इंडस्ट्रियल एरिया के पास गैस लीक हो गई, जिसके बाद कई लोगों के बीमार होने की खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 50 लोगों की तबीयत बिगड़ी है। देश और दुनिया के आज के ताजा घटनाक्रम कुछ इस प्रकार हैं-

कोलकाता बेस्ड ईस्टर्न कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल आरपी कलिता एलएसी पर फॉरवर्ड पोस्ट्स के दौरे पर हैं। लेफ्टिनेंट जनरल कलिता पहले तेजपुर पहुंचकर यहां के सभी टॉप कमांडर्स से मुलाकात कर रहे हैं, जिसके बाद वह 4 दिन तक फॉरवर्ड पोस्ट पर ऑपरेशनल प्रिपेरेडनेस का जायजा लेंगे।

चीन-ताइवान तनाव के बीच एलएसी पर भारतीय कमांडरों का जमावड़ा, ड्रैगन से निपटने के लिए क्या है भारत की तैयारी?

कोरोना वायरस संकट के बीच मंकीवायरस धीरे-धीरे अपने पैर पसारने लगा है। ऐसा इसलिए, क्योंकि बुधवार (तीन अगस्त, 2022) को राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में इसका चौथा मामला सामने आया। वायरस की पुष्टि नाइजीरिया मूल की 31 साल की एक महिला में हुई। देश में यह पहली महिला है, जिसमें इस वायरस की पुष्टि हुई। 

पैर पसार रहा Monkeypox! दिल्ली में चौथा केस, फिरंगी महिला पॉजिटिव; जानें- बचाव को क्या करें और क्या नहीं

मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) ने बुधवार (तीन अगस्त, 2022) को बड़ा एक्शन लिया। जांच एजेंसी ने दिल्ली में नेशनल हेराल्ड का ऑफिस सील कर दिया। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, यह भी निर्देश दिया गया है कि बगैर जांच एजेंसी की अनुमति के दफ्तर खोला न जाए।

'यंग इंडियन' का ऑफिस सीलः सोनिया का घर-AICC हेडक्वार्टर भी 'घिरा', बोली कांग्रेस- पुलिसिया पहरों से न डरेगी सच की आवाज़

नेशनल हेराल्ड केस में यंग इंडियन का ऑफिस दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से सील किए जाने को लेकर कांग्रेस ने साफ कर दिया कि वह इस तरह के एक्शन से न तो झुकने वाली है, न भागने वाली है और न ही डरने वाली है। मुख्य विपक्षी दल का दावा है कि वह महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी और केंद्र की आर्थिक नीतियों को लेकर प्रदर्शन करना चाहती है, पर उसकी आवाज को दबाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धमकी और प्रतिशोध की राजनीति कर रहे हैं।

न झुकेंगे, न भागेंगे और न डरेंगे...PM कर रहे धमकी की राजनीति- 'यंग इंडियन' पर ED के एक्शन पर कांग्रेस ने किया साफ

उपराष्ट्रपति चुनाव (Vice-Presidential Polls 2022) में आम आदमी पार्टी (आप) विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को सपोर्ट करेगी। आप की ओर से यह नाम बुधवार (तीन अगस्त, 2022) दोपहर पीएसी (राजनीतिक मामलों की समिति) की बैठक के दौरान लिया गया।

Vice-Presidential Polls 2022: मार्गरेट अल्वा का समर्थन करेगी AAP, विपक्ष की हैं उम्मीदवार

इस बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के निवासियों को खास संदेश मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के 3 करोड़ परिवारों को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर संदेश देंगे। यह संदेश 'योगी की पाती' के नाम से लोगों को पत्र के रूप में मिलेगा। मुख्यमंत्री का यह खास संदेश स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर आजादी के अमृत महोत्सव को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।

स्वतंत्रता दिवस पर पहुंचेगी CM आदित्यनाथ 'योगी की पाती' 3 करोड़ निवासियों को मिलेगा संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर सरकार और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में 'हर घर तिरंगा' अभियान चला रही है। बाइक रैली से इसकी शुरुआत हुई, जिसे उपराष्ट्रपति एम वैंकेया नायडू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सरकार के इस कार्यक्रम में बड़े ही जोर-शोर से केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के सांसदों ने हिस्सा लिया। वहीं, विपक्ष ने इसकी आलोचना की है। बाइक तिरंगा रैली में विपक्षी सांसदों के शामिल नहीं होने पर अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि सरकारी कार्यक्रम को अगर राजनीतिक कार्यक्रम में बदल दिया जाए तो उसे क्या कहा जाएगा। उन्होंने कहा, 'मोदी जी दिन-रात खादी की बात करते हैं और तिरंगे के लिए कपड़े बाहर से मंगा रहे हैं।'

तिरंगा यात्रा पर विपक्ष ने BJP से पूछा सवाल, 50 साल तक खुद तिरंगा नहीं फहराने वाले हमें देशभक्ति न सिखाएं

इस समय सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि अमेरिका सहित पूरी दुनिया महंगाई का सामना कर रही है। तेजी से आर्थिक रिकवरी के साथ- साथ अर्थव्यवस्थाएं और देशों के केंद्रीय बैंक हर संभव प्रयास कर रहे हैं। आज यानी 3 अगस्त 2022 से भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक सीमिति की बैठक (MPC Meeting) शुरू हुई। बैठक में लिए गए फैसलों की घोषणा 5 अगस्त को गवर्नर शक्तिकांत दास (Shaktikanta Das) द्वारा किए जाएंगे। इस बैठक पर एक्सपर्ट्स के साथ- साथ आम नागरिकों की भी नजर है।

RBI MPC Meeting: आरबीआई की बैठक आज से शुरू, क्या एक बार फिर महंगा होगा आपका लोन?

बीते कुछ महीनों में टाटा मोटर्स ने बिक्री के मामले में बड़ा इजाफा दर्ज किया है और इस बिक्री के इस आंकड़े और आगे ले जाने के लिए टाटा मोटर्स ने अगस्त 2022 में अपनी कारों पर जोरदार डिस्काउंट दिए हैं. 40,000 रुपये तक दिए गए ये ऑफर्स टाटा टिआगो, टिगोर, हैरियर और सफारी पर दिए गए हैं. ग्राहकों को 31 अगस्त तक ही इन ऑफर्स का फायदा मिलने वाला है. बता दें कि टाटा कंपनी ने हाल ही में अपने सभी पैसेंजर वाहनों की कीमत बढ़ाई है, ऐसे में अगर आप इसी महीने टाटा की नई कार खरीदते हैं तो आपको ये डील काफी सस्ती पड़ने वाली है. 

TATA कारों पर इस महीने मिल रहा भारी डिस्काउंट, जानें कौन-कौन से मॉडल्स पर ऑफर्स

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बुधवार को एशिया कप 2022 और नीदरलैंड्स के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तानी क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया है। बाबर आजम दोनों जगह पर पाकिस्तानी टीम की कप्तानी करेंगे। एशिया कप का आगाज 27 अगस्त को हो रहा है और 28 अगस्त को पाकिस्तान का मुकाबला भारत से होगा।

Asia Cup 2022: पाकिस्तान ने एशिया कप के लिए अपनी टीम का किया ऐलान, यहां देखिए पूरी टीम

 ताइवान को लेकर अमेरिका और चीन के बीच आई तल्खी टकराव और आपसी संघर्ष की ओर बढ़ती दिख रही है। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की स्पीकर नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा के बाद चीन बौखला गया है और उसने अमेरिका और ताइवान दोनों को अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है। ताइवान से लगती अपनी समुद्री सीमा पर उसने युद्धाभ्यास शुरू किया है और एयरपोर्ट पर लड़ाकू विमानों की तैनाती कर दी है। उसने धमकी दी है कि पेलोसी यदि ताइवान की यात्रा पर आती हैं तो वह 'हाथ पर हाथ रखकर' बैठा नहीं रहेगा। चीन की बयानबाजी और तैयारी देखकर ऐसा लगता है कि हालात युद्ध के बन रहे हैं। ताइवान पर चीन और अमेरिका के बीच टकराव पर रक्षा के जानकारों ने टाइम्स नाउ नवभारत से बातचीत में अपनी राय जाहिर की है।

'ताइवान ही तय करेगा कि अमेरिका सुपर पावर रहेगा या नहीं', चीन की धमकियों पर जानें रक्षा विशेषज्ञों की राय  

कांग्रेस का अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा, इस पर चर्चा अभी से शुरू हो गई है। अगले महीने सितंबर में संगठन का चुनाव होना है, ऐसे में माना जा रहा है कि पार्टी को अपना फुलटाइम अध्यक्ष मिल जाएगा। सूत्रों की मानें तो अध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेस में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। एक गुट है जो यह मानता है कि अध्यक्ष पद पर राहुल गांधी की ताजपोशी एक बार फिर होनी चाहिए तो एक गुट प्रियंका गांधी को अध्यक्ष बनाए जाने के पक्ष में हैं।

सितंबर में मिलेगा कांग्रेस को अपना अगला अध्यक्ष? किसकी होगी ताजपोशी, राहुल-प्रियंका या कोई और

जैसी संभावना थी कांग्रेस  विधायक कुलदीप बिश्नोई ने हरियाणा विधानसभा से इस्तीफा दे दिया है। वह कल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होंगे, इस बात के संकेत उन्होंने पहले दे दिए थे। आदमपुर से मौजूदा विधायक कुलदीप बिश्नोई ने आज विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता को अपना इस्तीफा सौंपा। इसके पहले कांग्रेस ने जून में हुए राज्यसभा चुनाव में बिश्नोई के 'क्रॉस वोटिंग' करने के बाद पार्टी के सभी पदों से हटा दिया था। चार बार के विधायक और दो बार के सांसद बिश्नोई पहले से ही पार्टी से नाराज चल रहे थे। इस साल की शुरुआत में उन्होंने कांग्रेस की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष पद पर नियुक्त नही किए जाने के बाद बगावती तेवर अपना लिए थे।

आज खाने- पीने के सामान की ऑनलाइन डिलीवरी करने वाले मंच (Zomato) में एक बड़ी ब्लॉक डील होने की संभावना है क्योंकि ऑनलाइन कैब सेवा देने वाली कंपनी उबर (Uber) फूड डिलीवरी करने वाले ऑनलाइन मंच में अपनी समूची हिस्सेदारी बेच सकती है। मर्चेंट बैंकिंग से जुड़े सूत्रों ने जानकारी दी कि उबर फूड-टेक फर्म में 7.8 फीसदी हिस्सेदारी 37.3 करोड़ डॉलर यानी 2,939 करोड़ रुपये में बैच सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक 2,938 करोड़ रुपये का यह ऑफर ब्लॉक डील के लिए तय 48-54 रुपये के शेयर प्राइस रेंज के निचले सिरे पर आधारित है।

जोमैटो में अपनी पूरी हिस्सेदारी बेच सकती है उबर, 2939 करोड़ में डील संभव

केंद्रीय सतर्कता आयुक्त के रूप में सुरेश एन पटेल ने बुधवार को शपथ ली है। उन्हें यह शपथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा दिलाई गई।  राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।  इसके पहले पटेल कार्यकारी सीवीसी के रूप में काम कर रहे थे। सीवीसी का कार्यकाल 4 वर्ष या फिर 65 साल की उम्र तक होता है।

एस.एन.पटेल बने CVC, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिलाई शपथ

बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाले में आरोपी टीएमसी के पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी पर मंगलवार को एक महिला ने चप्पल फेंक दी। इस महिला का नाम सुभ्रा घोरूई है। इस महिला का स्वास्थ्य ठीक नहीं है और वह इस घोटाले को लेकर काफी नाराज है। इस महिला ने हमारे सहयोगी चैनल 'टाइम्स नाउ' को बताया है कि आखिर उसने पार्थ चटर्जी पर चप्पल क्यों फेंकी? महिला का कहना है कि उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। घोटाले की रकम  गरीब लोगों तक यदि पहुंची होती तो उन्हें लाभ हुआ होता।  

Bengal SSC Scam : महिला ने बताया पार्थ चटर्जी पर चप्पल क्यों फेंकी? कल अस्पताल में हुई घटना

'हर घर तिरंगा' अभियान पर सरकार और विपक्ष के बीच तकरार बढ़ती जा रही है। संस्कृति मंत्रालय की तरफ से बुधवार को तिरंगा बाइक रैली का आयोजन हुआ। यह रैली लाल किले से विजय चौक तक निकाली गई जिसमें भाजपा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री शामिल हुए। विपक्ष के सांसदों ने इस रैली से दूरी बनाई। इस पर भाजपा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। तो कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भाजपा एवं सरकार पर पलटवार किया। रमेश ने तिरंगे के साथ पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की तस्वीर शेयर की। तस्वीर के साथ उन्होंने ट्वीट किया, 'हम हाथ में तिरंगा लिए अपने नेता नेहरू की डीपी लगा रहे हैं, वह भी खादी में।'

Tiranga rally: तिरंगा बाइक रैली से दूर रहा विपक्ष तो BJP ने उठाए सवाल, जयराम ने तिरंगे के साथ शेयर की नेहरू की तस्वीर

सुर्खियों में रहने वाले दुनिया के सबसे रईस शख्स और इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी टेस्ला (Tesla) के मालिक एलन मस्क (Elon Musk) अपना खुद का एयरपोर्ट बना सकते हैं। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, टेस्ला के बॉस चाहते हैं कि उनके और उनके अधिकारियों के लिए गीगा टेक्सास और बोरिंग कंपनी की सुविधाओं तक पहुंच और आसान हो। ऑस्टोनिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, योजनाओं से संकेत मिलता है कि हवाईअड्डा बास्ट्रोप शहर के पूर्व में ऑस्टिन में हो सकता है। हालांकि, रिपोर्ट में सटीक स्थान और संभावित समय का खुलासा नहीं किया गया।

अपना खुद का एयरपोर्ट बनाएंगे एलन मस्क! ये है टेस्ला बॉस का प्लान

पिछले 24 घंटे में कोविड संक्रमण के करीब 3400 मामलों में बढ़ोतरी हुई है। बुधवार को सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय  द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार , देश में 17,135 नए मामले सामने आए हैं। जो कि मंगलवार के 13734 मामलों की तुलना में करीब 25 फीसदी ज्यादा है। 24 घंटों में हुई बढ़ोतरी के बाद देश में ईलाज करा रहे मरीजों की 1,37,057 पर पहुंच गई। जबकि कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,40,67,144 हो गई।  पिछले 24 घंटे में कोविड से 47 लोगों की मौत हुई  है। जबकि कोविड-19 से मरने वालों की कुल संख्या  5,26,477 पहुंच गई है। इस समय मरीजों के ठीक होने की दर 98.49 फीसदी है।

Covid-19 Case Update:फिर बढ़े कोविड-19 केस, पिछले 24 घंटे में 17,135 केस और 47 की मौत

 उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक बड़ा घोटाला सामने आया है। प्राइमरी स्कूल के प्रिसिंपल ने शिक्षा विभाग और बैंक कर्मचारियों के साथ मिलकर मिड-डे मील के 11.46 करोड़ रुपये का गबन कर लिया। विजिलेंस टीम की जांच में के अनुसार ये घोटाला साल 2008 से 2014 के बीच किया गया है। प्रिंसिपल ने एक एनजीओ बनाकर अपने परिवार के लोगों को उसमें अहम पदों पर बैठाकर यह घोटाला किया है।

UP: प्रिंसिपल ने बच्चों के डकार लिए 11 करोड़, मिड-डे मील में ऐसे किया घोटाला

 राजधानी दिल्ली की सड़कों पर बुधवार को अद्भुत नजारा देखने को मिला। बाइक पर सवार होकर और हाथ में तिरंगा झंडा लेकर सांसदों ने  लाल किले से विजय चौक तक रैली निकाली। संस्कृति मंत्रालय की तरफ से आयोजित इस तिरंगा बाइक रैली का मकसद 'हर घर तिरंगा' अभियान के बारे में लोगों तक जानकारी पहुंचाना है। इस तिरंगा बाइक रैली में सभी सांसदों से शामिल होने की अपील की गई थी लेकिन रैली में केवल भाजपा के सांसद और केंद्रीय मंत्री पहुंचे। इस रैली को उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल होने के लिए पहुंचे केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि यह आजादी का एक उत्सव है। स्वतंत्रता सेनानियों की बलिदान की वजह से आज हम खुले आसमान में सांस ले पा रहे हैं

Tiranga Bike Rally : लाल किले से तिरंगा लेकर बाइक पर निकले सांसद, गिरिराज सिंह का तंज- विपक्ष कहीं चीन का झंडा न थाम ले  

चीन की धमकियों की परवाह न करते हुए ताइवान की यात्रा पर पहुंचीं अमेरिकी प्रतिनिधी सभा की स्पीकर नैंसी पेलोसी ने बड़ा बयान दिया है। बुधवार को ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग-वेन (Tsai Ing-wen) से उनकी मुलाकात हुई। इस मुलाकात के बाद चीन को कड़ा संदेश देते हुए पेलोसी ने कहा कि दुनिया के सामने लोकतंत्र एवं तानाशाही में से किसी एक को चुनने का विकल्प है। अमेरिका ताइवान के लोकतंत्र के साथ खड़ा है। स्पीकर ने कहा कि यह देश लोकतंत्र के रास्ते पर आगे बढ़ा है और इसने साबित किया है कि चुनौतियों का सामना करने के बावजूद उम्मीद, साहस एवं दृढ़ इच्छाशक्ति से एक शांतिपूर्ण एवं समृद्ध भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।

ताइपे में राष्ट्रपति साई इंग-वेन से मिलीं नैंसी पेलोसी, बोलीं-दुनिया के सामने लोकतंत्र एवं तानाशाही में से एक को चुनने का विकल्प

 ब्रिटेन में प्रधानमंत्री पद के चुनाव में साइबर अटैक का खतरा मंडरा रहा है। इसको लेकर खुफिया एजेंसी GCHQ ने अपने अलर्ट में कहा है कि हैकर्स बैलेट पेपर में बदलाव कर सकते हैं। रॉयटर्स के अनुसार इसे देखते हुए चुनाव प्रक्रिया में देरी हुई है। खतरे की वजह से कंजरवेटिव पार्टी अपने सदस्यों के लिए बनाई योजना को रद्द करने के लिए मजबूर हो गई है। बोरिस जॉनसन के इस्तीफे के बाद ब्रिटेन में प्रधानमंत्री चुनने की प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। और फाइनल मुकाबला भारतीय मूल के ऋषि सुनक और लिज ट्रस के बीच है। 

ब्रिटेन में PM चुनाव पर खतरा,क्या सुनक और ट्रस पर अटकेगा फैसला

नागिरकता संशोधन कानून ( CAA) को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा बयान दिया है। शाह ने कहा है कि कोरोना की प्रीकॉशन डोज का काम पूरा होने के बाद नागरिकता कानून के नियम बनाए जाएंगे। गृह मंत्री ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी से हुई बातचीत के बाद यह जानकारी दी। दरअसल, अधिकारी ने शाह से मुलाकात के दौरान सीएए को जल्द से जल्द लागू करने की मांग की थी। CAA 11 दिसंबर, 2019 को संसद द्वारा पारित किया गया था और 12 दिसंबर को इसे नोटिफाई कर दिया गया था। हालांकि अभी तक नियम नहीं बनाए जाने के कारण यह  लागू नहीं हो पाया है।

CAA पर अमित शाह का बड़ा बयान, कोरोना की प्रीकॉशन डोज के बाद बनेंगे नियम

उप राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवारों के समर्थन पर राजनीतिक दल अपनी स्थिति साफ करते जा रहे हैं। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो मायावती ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी एनडीए के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ का समर्थन करेगी। उप राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव छह अगस्त को होना है। इस पद के लिए विपक्ष ने मार्गेट अल्वा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। बीते महीने राष्ट्रपति पद का चुनाव हुआ। इस चुनाव में एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को जीत मिली। राजनीतिक दलों के समीकरण को देखते हुए उप राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार की जीत पक्की मानी जा रही है

Vice-Presidential election : उप राष्ट्रपति चुनाव में NDA के साथ आईं मायावती, धनखड़ को समर्थन देने की वजह बताई

अमेरिकी संसद की प्रतिनिधि सभा की स्पीकर नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा पर भड़के चीन ने अब सैन्य धमकी देनी शुरू कर दी है। पेलोसी के ताइवान पहुंचने के थोड़ी देर बाद ही उसने अपने 21 फाइटर प्लेन  ताइवान के एयर डिफेंस आइडेंटिफिकेशन जोन (एडीआईजेड) में भेज दिए। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने दाखिल हुए चीन के फाइटर प्लेन की तस्वीर भी जारी की है। इस बीच चीन ने अमेरिका को एक बार फिर से चेतावनी दी है कि वह उसकी संप्रभुता और अखंडता से खिलवाड़ नहीं करें, क्योंकि ऐसा करना बेहद खतरनाक हो सकता है। साफ है कि चीन बार-बार अपनी सैन्य ताकत की धमकी दे रहा है। ऐसे में अगर चीन ने ताइवान पर हमला किया तो सैन्य क्षमता को देखते हुए ताइवान का लंबे समय तक टिकना बेहद मुश्किल होगा।

सैन्य ताकत में चीन- ताइवान कोई मुकाबला नहीं, युद्ध हुआ तो मोबाइल-लैपटॉप-कार से लेकर इन पर सीधा असर

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री उदय सामंत की कार पर मंगलवार शाम भीड़ ने हमला कर दिया। उनकी कार पर यह हमला उस समय हुआ जब वह पुणे के काटराज इलाके से गुजर रहे थे। हमले के बाद सामंत ने कोथरूड पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिंदे गुट के विधायक ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि हमला करने वाले कौन थे लेकिन पुलिस को यह पता करने की जरूरत है कि डंडे और पत्थरों के साथ आए ये लोग कौन थे। विधायक ने कहा कि उन्होंने इस घटना की जानकारी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को दी है। 

पुणे में शिंदे गुट के विधायक उदय सामंत पर हमला, सीएम शिंदे बोले-हमलावरों पर होगी कार्रवाई

पंजाब के किसानों का अपनी मांगों को लेकर आज होने वाला आंदोलन टल गया है। किसानों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात और मिले आश्वासन के बाद आंदोलन टालने का फैसला किया है। किसानों और मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में इस बात पर सहमति बनी है कि सरकार गन्ने का जो बकाया मिलों के पास  है उसकी अदायगी सरकार करेगी। इसके अलावा गन्ने के रेट पर भी सहमति बनी है। गन्ने की बकाया अदायगी के लिए सरकार ने सात सितंबर तक का समय किसानों को दिया है। इसके अलावा तीन कृषि कानूनों के विरोध में हुए किसान आंदोलन में मारे गए किसानों के परिवारों को 5 अगस्त तक 5 लाख रुपये की सहायता राशि दे दी जाएगी।

पंजाब: आज किसान नहीं करेंगे आंदोलन, सरकार से इन मुद्दों पर बनी सहमति

अमेरिकी संसद की प्रतिनिधि सभा की स्पीकर नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा पर चीन बुरी तरह भड़क गया है। पेलोसी के ताइपे पहुंचने के थोड़ी देर बाद ही उसने अपने 21 फाइटर प्लेन  ताइवान के एयर डिफेंस आइडेंटिफिकेशन जोन (एडीआईजेड) में भेज दिए। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने एडीआईजेड में दाखिल हुए चीन के फाइटर प्लेन की तस्वीर जारी की है। पेलोसी पूर्वी एशिया के दौरे पर हैं, वह मंगलवार को ताइवान पहुंचीं, इसके बाद वह जापान एवं दक्षिण कोरिया के दौरे पर जाएंगी। 

Pelosi Taiwan Visit : अमेरिका से टकराव की ओर चीन, पेलोसी के ताइपे पहुंचने के बाद ताइवान के रक्षा क्षेत्र में भेजे 21 फाइटर प्लेन

भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 का पांचवां दिन अच्छा रहा। भारत ने मंगलवार को अपने खाते में 4 और मेडन जोड़ लिए। भारत ने दोहरी स्वर्णिम संफलता हासिल करने के अलावा दो रजत पदक जीते। बता दें कि भारत के मेडल की संख्या बढ़कर अब 13 पर पहुंच गई है, जिसमें पांच गोल्ड, पांच सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज शामिल हैं। भारत पदक तालिका में फिलहाल छठे स्थान पर है। आइए जानते हैं कि भारतीय दल ने पांचवें दिन कैसा प्रदर्शन किया।

CWG 2022: लॉन बॉल्स और टेबल टेनिस में स्वर्णिम सफलता, बैडमिंटन में मिला रजत, पांचवें दिन ऐसा रहा भारत का प्रदर्शन

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर