गोंडा में 'पुजारी' पर हमले के बाद कांग्रेस, सपा दोनों योगी सरकार पर बरसे कहा- "यह कथित रामराज्य है"

देश
रवि वैश्य
Updated Oct 11, 2020 | 13:47 IST

उत्तर प्रदेश के गोंडा में पुजारी पर जानलेवा हमले के बाद विपक्ष को सरकार पर हमला बोलने का मौका मिल गया और कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने सरकार को निशाने पर लिया।

congress sp attack on yogi government
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने प्रदेश की सत्ता पर काबिज योगी सरकार पर जमकर हमला बोला 

उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर अक्सर ही विपक्ष सवाल उठाता रहता है वहीं ताजा घटनाक्रम में गोंडा में एक पुजारी पर जानलेवा हमला किया गया जिसके बाद उसे गंभीर हालत में लखनऊ ले जाया गया है। इसके बाद तो कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने प्रदेश की सत्ता पर काबिज योगी सरकार पर जमकर हमला बोल डाला और कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति ध्वस्त है, सूबे में भूमाफियाओं और सत्ता का गठजोड़ सामने है जिसका परिणाम राज्य में देखने को मिल रहा है कांग्रेस ने तो पिछले दो सालों में उत्तर प्रदेश में साधु-संतों पर हुए कुछ हमलों को गिनाते हुए मैप तक जारी कर डाला है।

समाजवादी पार्टी  ने गिरती कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी में लगातार पुजारी निशाना बनाए जा रहे हैं लेकिन सरकार चुप है वहीं कांग्रेस ने पिछले दो साल में यूपी में साधु-संतों पर हमले गिनाते हुए मैप जारी किया है इस बावत प्रदेश कांग्रेस ने ट्वीट किया है।

यूपी कांग्रेस ने ट्वीट किया, 'यूपी में पिछले दिनों एक के बाद एक साधुओं की हत्याएं हुई हैं। कुछ हत्याओं को पुलिस बस आत्महत्या बता कर अपनी कन्नी काट लेती है।'

वहीं समाजवादी पार्टी ने कहा-गोंडा में राम जानकी मंदिर के पुजारी सम्राट दास को शनिवार रात मारी गई गोली, अत्यंत दुखद! लगातार यूपी भर में निशाना बनाए जा रहे पुजारी, कब तक चुप रहेगी सरकार? मामले में हो कड़ी कार्रवाई।'

गोंडा में एक पुजारी को गोली मार दी गई

उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक पुजारी को गोली मार दी गई, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के पीछे जमीन का विवाद बताया जा रहा है और इसके पीछे भूमाफियाओं का हाथ बताया जा रहा है। पुजारी को इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। इस घटना से इलाके में हड़कंप है।बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में श्री राम जानकी मंदिर के पुजारी को शनिवार देर रात गोली मारी गई है गोली लगने से पुजारी अतुल बाबा उर्फ सम्राट दास गंभीर रूप से घायल हो गए।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर