पंजाब में शानदार जीत के बाद विस्तार की तरफ आम आदमी पार्टी, इन 9 राज्यों के लिए घोषित किए अपने पदाधिकारी

देश
किशोर जोशी
Updated Mar 21, 2022 | 15:09 IST

पंजाब में सरकार बनाने के बाद आम आदमी पार्टी ने अपने विस्तार की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। पार्टी ने आज 9 राज्यों के लि अपने पदाधिकारियों का ऐलान कर दिया है।

After win in Punjab, AAP appoints new office-bearers in 9 states
आम आदमी पार्टी ने 9 राज्यों के लिए घोषित किए अपने पदाधिकारी 
मुख्य बातें
  • पंजाब में शानदार जीत के बाद आम आदमी पार्टी की नजरें अन्य राज्यों पर
  • आप ने 9 राज्यों के लिए घोषित किए विभिन्न पदाधिकारी
  • गुजरात औऱ हिमाचल प्रदेश पर है आप की विशेष नजर

नई दिल्ली: दिल्ली के बाद पंजाब में सरकार बनाने के बाद आम आदमी पार्टी ने अन्य राज्यों में विस्तार की प्रक्रिया को तेज कर दिया है और इसी कड़ी में आज पार्टी ने 9 राज्यों के लिए अपने पदाधिकारियों की घोषणा की।  इन पदाधिकारियों में पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल है। पंजाब में पार्टी की जीत में पर्दे के पीछे से चाणक्य की भूमिका निभाने वाले संदीप पाठक को गुजरात की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संदीप पाठक को आज ही पार्टी ने अपना राज्यसभा उम्मीदवार भी घोषित किया है।

राजेश शर्मा को असम का जिम्मा

पूर्वोत्तर राज्य असम की जिम्मेदारी राजेश शर्मा को दी गई है जिन्हें वहां का प्रभारी बनाया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ के पार्टी ने तीन पदाधिकारियों का ऐलान किया है। दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय को इलेक्शन इंचार्ज बनाया है जबकि दिल्ली के बुराड़ी से विधायक संजीव झा को प्रभारी बनाया गया है। वहीं संतोष श्रीवास्तव को छत्तीसगढ़ का संगठन मंत्री नियुक्त किया गया है।

गुजरात की जिम्मेदारी संदीप पाठक को

गुजरात के लिए पार्टी ने गुलाब सिंह को इलेक्शन इंचार्ज और डॉ. संदीप पाठक को प्रभारी बनाया है। संदीप पाठक दिल्ली आईआईटी में एसोसिएट प्रोफेसर के रूप में कार्य करते हैं।  वहीं हरियाणा के लिए पार्टी ने अपने विधायक सौरभ भारद्वाज को इलेक्शन इंचार्ज बनाया है जबकि राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता को प्रभारी तथा महेंद्र चौधरी को सह प्रभारी नियुक्त किया है।

संदीप पाठक, अशोक मित्तल और संजीव अरोरा जाएंगे राज्यसभा, AAP ने फाइनल किए 5 नाम

हिमाचल पर खास नजर

हिमाचल प्रदेश में पार्टी ने सर्वाधिक पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। पंजाब से सटे हिमाचल प्रदेश में पार्टी की सबसे अधिक नजर हैं। दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन को हिमाचल का इलेक्शन इंचार्ज बनाया है। उनके अलावा दुर्गेश पाठक को प्रभारी, रत्नेश गुप्त को सह प्रभारी, करमजीत सिंह रिंटू को सह प्रभारी, सतेंद्र टोंगर को संगठन मंत्री, तथा दीपक बाली को हिमाचल का मीडिया इंचार्ज बनाया गया है।

दक्षिण भारत के केरल के लिए पार्टी ने ए राजा को प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं पंजाब के लिए जरनैल सिंह को प्रभारी बनाया है जबकि डॉ. संदीप पाठक को सह प्रभारी बनाया है। विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी ने राघव चड्ढा को पंजाब का प्रभारी बनाया था जिन्हें अब राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर