अमित शाह ने कहा- पंजाब की राजनीति में बड़ी भूमिका निभाएगी BJP, 2024 के लोकसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी

अमित शाह ने ट्वीट किया कि चंडीगढ़ में बीजेपी पंजाब के कोरग्रुप, पदाधिकारी, जिला व मोर्चा अध्यक्षों और अन्य नेता व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर हर बूथ पर संगठन को मजबूत बनाने हेतु विस्तार से चर्चा की। मोदी जी के नेतृत्व में एक सशक्त भाजपा ही पंजाब को सुरक्षित रख यहां की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ा सकती है।

Amit Shah
चंडीगढ़ में अमित शाह 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 4 जून को कहा कि उनकी भारतीय जनता पार्टी (BJP) पंजाब की राजनीति में बड़ी भूमिका निभाएगी और 2024 के लोकसभा चुनावों में राज्य में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरेगी। वह कोर ग्रुप के सदस्यों, पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों सहित प्रदेश भाजपा नेताओं को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि बीजेपी राज्य की राजनीति में बड़ी भूमिका निभाएगी..जो कोई भी हमसे हाथ मिलाना चाहता है, उसे एक छोटा सा भागीदार बनना होगा और जो लोग बीजेपी में आना चाहते हैं, उनका भी हम स्वागत करेंगे। शाह ने धर्म और लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए पंजाब के लोगों के ऐतिहासिक बलिदानों को भी याद किया।

शाह ने कहा कि मैं पंजाब के लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि केंद्र और देश पंजाब के हर नागरिक के साथ खड़े हैं और पंजाब में इस संकट की स्थिति को और खराब नहीं होने दिया जाएगा। गृह मंत्री ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि महज तीन महीने में उसका 'छल और धोखे' का चेहरा सामने आ गया है।

कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर आप सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह सोचकर कांप उठते हैं कि यह (आप) पांच साल में क्या करेगी। शाह ने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि भाजपा 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में उभरेगी क्योंकि लोग आप से असंतुष्ट हैं और वे अगले चुनावों में उन्हें जड़ से उखाड़ फेंकने का इंतजार कर रहे हैं। शाह ने सभी राजनीतिक अफवाहों पर विराम लगाते हुए कहा कि भाजपा अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और जो भी इसमें शामिल होना चाहता है उसे 'कमल' के चिह्न पर चुनाव लड़ना होगा। 

Chandigarh: गृह मंत्री अमित शाह से मिले सिद्धू मूसेवाला के परिजन, न्याय की लगाई गुहार

उन्होंने कहा कि हम यहां जीतने और राज्य में समृद्धि लाने के लिए हैं। पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने कहा कि पार्टी पंजाब के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी को भी शांति भंग नहीं करने देगी। शर्मा ने कहा कि भाजपा संगरूर लोकसभा उपचुनाव अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव सिंह ढींडसा के नेतृत्व वाले शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ मिलकर लड़ेगी।

किसानों की मांग समेत कई मुद्दों को लेकर अमित शाह से मिले भगवंत मान, बोले- मिला आश्वासन
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर