Army Day 2021: सेना दिवस के बारे में क्‍या जानते हैं आप? जानिये आर्मी डे जुड़ी 10 अहम बातें

देश
Updated Jan 15, 2021 | 06:00 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

देशभर में आज सेना दिवस मनाया जा रहा है। इस साल भारत 73वां सेना दिवस मना रहा है। आ‍इये जानते इस खास दिन से जुड़ी 10 अहम बातें :

Army Day 2021: सेना दिवस के बारे में क्‍या जानते हैं आप? जानिये आर्मी डे जुड़ी 10 अहम बातें
Army Day 2021: सेना दिवस के बारे में क्‍या जानते हैं आप? जानिये आर्मी डे जुड़ी 10 अहम बातें  |  तस्वीर साभार: Twitter

नई दिल्‍ली : देश आज सेना दिवस (Army Day 2021) मना रहा है। हर साल 15 जनवरी को यह खास दिन मनाया जाता है। इस दिन सैन्‍य परेड निकाली जाती है तो सैन्‍य शक्ति का प्रदर्शन भी किया जाता है। इस दौरान सेना की वीरता, अदम्‍य साहस, शौर्य और उसकी कुर्बानी को याद किया जाता है। भारत इस साल 73वां सेना दिवस मनाने जा रहा है। आइये जानते हैं सेना दिवस से जुड़ी 10 खास बातें :

  1. सेना दिवस हर साल 15 जनवरी को फील्ड मार्शल केएम करियप्पा के सम्मान में मनाया जाता है। साल 1949 में आज ही के दिन वह भारतीय सेना के कमांडर इन चीफ नियुक्‍त हुए थे। वह आजाद भारत में इस पद पर नियुक्‍त होने वाले पहले भारतीय थे। इसी खास दिन को तब से सेना दिवस के तौर पर मानाया जाता है। जनरल करियप्‍पा ने 'जय हिंद' का नारा बुलंद किया था।
  2. जनरल करियप्पा ने 1947 में भारत और पाकिस्‍तान के बीच हुए उस जंग के दौरान भारतीय सेना की कमान संभाली थी, जब आजादी व विभाजन के चंद महीनों बाद पाकिस्‍तानी बलों ने कश्‍मीर में कबायलियों के भेष में हमला कर दिया था।
  3. जनरल करियप्‍पा के 1949 में भारतीय सेना की कमान संभालने तक ब्रिटिश मूल के कमांडर्स ही भारतीय सेना के प्रमुख की कमान संभालते थे। जनरल करियप्‍पा से ठीक पहले जनरल फ्रांसिस बचर भारतीय सेना के कमांडर-इन-चीफ थे, जो भारत के अंतिम ब्रिटिश कमांडर-इन-चीफ रहे।
  4. फील्ड मार्शल केएम करियप्पा ने जब आजाद भारत के पहले भारतीय सेना प्रमुख के तौर पर कमान संभाली, उस वक्‍त भारतय सेना में लगभग 2 लाख सैनिक थे। वहीं, आज भारतीय सेना में सक्रिय सैनिकों की संख्‍या 12 लाख से अधिक जबकि रिजर्व सैनिकों की संख्‍या 9 लाख से अधिक है।
  5. वैश्विक स्‍तर पर भारतीय सेना की गिनती दुनिया की शीर्ष पांच ताकतवर सेनाओं में होती है। सैन्य शक्ति के मामले में यह अमेरिका, रूस और चीन के बाद चौथे नंबर पर है। 
  6. केएम करियप्पा पहले ऐसे ऑफिसर थे, जिन्हें फील्ड मार्शल की रैंक दी गई थी। 1947 के भारत-पाकिस्‍तान युद्ध में भारतीय सेना का नेतृत्‍व करने वाले जनरल  करियप्पा साल 1953 में रिटायर हुए थे।
  7. भारतीय सेना से रिटायर होने के बाद फील्‍ड मार्शल केएम करियप्‍पा ने ऑस्‍ट्रेलिया और न्‍यूजीलैंड में 1956 तक उच्‍चायुक्‍त के तौर पर भी सेवा दी। 1993 में 94 साल की उम्र में उनका निधन हो गया था
  8. सेना दिवस के मौके पर 15 जनवरी को हर साल जवानों के दस्ते और अलग-अलग रेजिमेंट की परेड होती है और झांकियां निकाली जाती हैं। इस बार भी इस खास दिन पर परेड निकाली जाएगी, जिसका लाइव प्रसारण भी देखा जा सकेगा।
  9. सेना दिवस पर यूं तो देशभर में समारोहों का आयोजन होता है, लेकिन मुख्‍य परेड दिल्‍ली कैंटोनमेंट के करियप्‍पा परेड ग्राउंड में होता है। यहां से समारोह की लाइव कवरेज आज सुबह 10:15 बजे से फेसबुक, ट्वीटर, यूट्यूब पर देखी जा सकेगी।
  10. सेना दिवस के अवसर पर भारतीय सेना की ओर से मैराथन विजय रन का आयोजन भी किया जा रहा है। 1971 में पाकिस्‍तान पर मिली जीत के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्‍य में इस बार स्‍वर्णिम विजय वर्ष सेलिब्रेट किया जा रहा है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर