अब गोंडा में आशा कर्मी को बनाया निशाना, बाहरी लोगों के बारे में जानकारी जुटाने गई महिला के साथ बदसलूकी

देश
आलोक राव
Updated Apr 08, 2020 | 11:40 IST

Gonda : आशा कर्मचारी बीना यादव ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि वह छह अप्रैल को भौरी गंज इलाके के तकिया में दूसरे राज्यों एवं विदेश से आए लोगों के बारे में जानकारी एकत्र करने गई थीं।

ASHA worker verbally abused & manhandled by 5 people in Takiya area Bhauri Ganj in Gonda
यूपी के गोंडा में आशा कर्मी के साथ बदसलूकी।  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • बाहरी राज्यों से आए लोगों के बारे में जानकारी जुटाने गई थी आशा कर्मी
  • बताया कि पांच लोगों ने उसका रजिस्टर फाड़ दिया और बदसलूकी की
  • उत्तर प्रदेश में कोविड-19 से अब तक 326 लोग संक्रमित पाए गए हैं

लखनऊ : कोविड-19 के खिलाफ अभियान में शामिल लोगों के साथ कुछ लोग सहयोग करने की बजाय उनसे बदसलूकी करते पाए जा रहे हैं। अब उत्तर प्रदेश के गोंडा से शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां बाहर से आने वाले लोगों के बारे में जानकारी एकत्र करने पहुंची एक आशा कर्मचारी के साथ बदसलूकी की गई है। आशा वर्कर के साथ दुर्व्यवहार की यह घटना छह अप्रैल की है।

आशा कर्मचारी बीना यादव ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि वह छह अप्रैल को भौरी गंज इलाके के तकिया में दूसरे राज्यों एवं विदेश से आए लोगों के बारे में जानकारी एकत्र करने गई थीं। बीना ने बताया कि इस दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ सहयोग किया जबकि कुछ लोग उनके साथ अभद्रता के साथ पेश आए और उनके प्रति गलत शब्दों का इस्तेमाल किया। बीना ने कहा, 'लोगों ने उनके साथ बदतमीजी की और रजिस्टर फाड़ दिया।' आशा कर्मचारी ने बताया कि उनके साथ पांच लोगों ने बदसलूकी की। 

बता दें कि कोविड-19 के खिलाफ अभियान में जुटे आशा कर्मचारी के साथ बदसलूकी की यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिनों पहले बेंगलुरु में एक आशाकर्मी के साथ भी इसी तरह की घटना सामने आई। यहां आशा कर्मी अपनी टीम के साथ लोगों के बीच कोविड-19 संक्रमण के बारे में जागरूकता फैलाने गई थी लेकिन यहां एक समुदाय विशेष के लोगों ने उनके साथ बदसलूकी की। आशा कर्मी का दावा है कि उनकी टीम पर हमला किया गया और उनके मोबाइल फोन छीन लिए गए। आशा कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं ऐसे समय हो रही हैं जब सरकार ने कोविड-19 के खिलाफ अभियान में रुकावट पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।

देश 21 दिनों के लॉकडाउन के दौर से गुजर रहा है। लॉकडाउन की यह अवधि 14 अप्रैल को समाप्त हो रही है लेकिन कोरोना वायरस से संक्रमण की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसे देखते हुए कई राज्य सरकारों ने केंद्र सरकार से लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने की अपील की है। सूत्रों का भी कहना है कि सरकार लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने के बारे में विचार कर रही है। 

देश में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले बढ़कर बुधवार को 5194 पहुंच गए। पिछले 24 घंटे में 35 लोगों की मौत हुई है जबकि 773 नए केस सामने आए हैं। उत्तर प्रदेश में कोविड-19 से अब तक 326 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 21 लोगों को ठीक किया जा चुका है जबकि तीन लोगों की मौत हुई है। उत्तर प्रदेश सरकार कोविड-19 के संक्रमण को रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर