Bharat Bandh: आज किसानों का भारत बंद, जानें क्या-क्या खुला रहेगा, क्या-क्या बंद रहेगा, अन्य जरूरी बातें

देश
लव रघुवंशी
Updated Dec 08, 2020 | 05:30 IST

Bharat Bandh Today: कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों ने आज भारत बंद का ऐलान किया है। ज्यादातर राजनीतिक दलों ने उनका समर्थन किया है। जानें आज क्या-क्या बंद रहेगा और क्या-क्या खुला रहेगा।

bharat bandh
आज भारत बंद  |  तस्वीर साभार: AP
मुख्य बातें
  • भारत बंद के आह्वान के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं : दिल्ली पुलिस
  • किसानों के भारत बंद का समर्थन करेगी ट्रांसपोर्ट यूनियन
  • भारत बंद में शामिल नहीं होंगे व्यापारी, ट्रांसपोर्टर: कैट, एआईटीडब्ल्यूए

नई दिल्ली: कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आज 'भारत बंद' का ऐलान किया है। इस भारत बंद को खूब समर्थन मिल रहा है। विपक्षी नेताओं ने सामने आकर इसका समर्थन किया है। वहीं केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा है कि किसान संगठनों और उनके समर्थन में विपक्षी दलों द्वारा आहूत भारत बंद के दौरान सुरक्षा कड़ी की जाए और साथ ही शांति सुनिश्चित की जाए।  केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जारी देशव्यापी परामर्श में कहा कि राज्य सरकारों तथा केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासकों को सुनिश्चित करना चाहिए कि कोविड-19 दिशानिर्देशों का पालन किया जाए और सामाजिक दूरी बनाए रखी जाए। भारत बंद के दौरान शांति और धैर्य बनाए रखा जाए और एहतियाती कदम उठाए जाएं ताकि देश में कहीं भी अप्रिय घटना नहीं हो।

11 बजे से 3 बजे तक चक्का जाम 

किसान नेता बलवीर सिंह राजेवाल ने कहा कि भारत बंद दोपहर बाद तीन बजे तक रहेगा, लेकिन जरूरी सेवाओं के लिए अनुमति होगी। हम किसानों से अपील करते हैं कि वे भारत बंद लागू करने के लिए किसी पर दबाव नहीं डालें। किसान नेता निर्भय सिंह धुडिके ने कहा कि हमारा विरोध केवल पंजाब तक सीमित नहीं है। कनाडा से ट्रूडो जैसे दुनिया भर के नेता भी हमें समर्थन दे रहे हैं। हमारा विरोध शांतिपूर्ण है। किसान नेता डॉ. दर्शन पाल ने कहा, 'पूरे दिन बंद लागू किया जाएगा। सुबह 11 बजे से 3 बजे तक चक्का जाम रहेगा। यह एक शांतिपूर्ण बंद होगा। हम अपने मंच पर किसी भी राजनीतिक नेताओं को अनुमति नहीं देने पर दृढ़ हैं।'

दिल्ली में बंद रहेंगी मंडियां

भारत बंद के दौरान उन लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी जो मेडिकल के काम से या शादियों में जा रहे होंगे। जो लोग शादी में जा रहे होंगे उन्हें शादी का कार्ड दिखाना पड़ेगा। इसके साथ ही आवश्यक सेवा से जुड़े लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। वहीं दूध, फल, सब्जी और अन्य वस्तुओं पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी। दिल्ली की सभी मंडियां बंद रहेंगी। आजादपुर मंडी के अध्यक्ष, आदिल अहमद खान ने कहा, 'किसानों द्वारा किए गए 'भारत बंद' के समर्थन में दिल्ली की आजादपुर मंडी और शहर की अन्य सभी मंडियां बंद रहेंगी।'  

मुंबई में सामान्य रूप से चलेंगी टैक्सी

लुधियाना से चरणजीत सिंह लोहारा प्रधान पंजाब ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने कहा, 'ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने किसानों के समर्थन में 8 दिसंबर को चक्का जाम करने का फैसला किया है। परिवहन संघ, ट्रक यूनियन, टेंपो यूनियन सभी ने बंद को सफल बनाने का फैसला किया है। यह बंद पूरे भारत में होगा।' बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट के PRO ने कहा, 'बेस्ट की बसें चालू रहेंगी और 'भारत बंद' का हिस्सा नहीं होंगी।' मुंबई के टैक्सी यूनियन ने 'भारत बंद' के समर्थन में हड़ताल का आह्वान नहीं किया है। टैक्सी और ऑटो सामान्य रूप से चलेंगे। 

दिल्ली में यातायात सेवाएं हो सकती हैं बाधित

दिल्ली के सर्वोदय चालक संघ के अध्यक्ष कमलजीत गिल ने कहा कि ओला, उबर और ऐप आधारित अन्य टैक्सी सेवाओं से जुड़े चालक सेवाएं नहीं देंगे। दिल्ली टैक्सी टूरिस्ट ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सम्राट ने एक बयान में कहा कि दिल्ली स्टेट टैक्सी कोऑपरेटिव सोसाइटी और कौमी एकता वेलफेयर एसोसिएशन समेत कई संघ हड़ताल में शामिल होंगे। हालांकि कई अन्य ऑटो और टैक्सी संघों ने किसानों की मांगों का समर्थन करने के बावजूद सामान्य सेवाएं जारी रखने का फैसला किया है। दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ के महासचिव राजेंद्र सोनी ने कहा कि महत्वपूर्ण ऑटो, टैक्सी चालक संघ हड़ताल में शामिल नहीं होंगे। व्यापारियों के संगठन कनफेडेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने कहा कि भारत बंद के दौरान दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में बाजार खुले रहेंगे। ऑल इंडिया ट्रांसपोर्टस वेलफेयर एसोसिएशन भी घोषणा की है कि भारत बंद के दौरान परिवहन या ट्रांसपोर्ट क्षेत्र का परिचालन भी सामान्य रहेगा।

इन दलों ने 'भारत बंद' को समर्थन दिया

कांग्रेस, एनसीपी, समाजवादी पार्टी, डीएमके, वाम मोर्चा सहित 11 राजनीतिक दलों  ने भारत बंद को समर्थन दिया है। बसपा, शिवसेना, आम आदमी पार्टी भी इस समर्थन के साथ हैं। हालांकि, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि वह किसानों के साथ खड़ी हैं लेकिन अपने यहां 'भारत बंद' को लागू नहीं करेंगी। टीएमसी सामसद सौगत राय ने कहा कि बंद पार्टी के सिद्धांतों के विपरीत है।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर