बिहार के 16 जिलों में बाढ़ का कहर, 25 लोगों की अब तक मौत, 77.77 लाख प्रभावित

Bihar flood 2020: बिहार के 16 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, जिससे 77.77 लाख लोग प्रभावित हो चुके हैं। बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित जिला दरभंगा है।

बिहार के 16 जिलों में बाढ़ का कहर, 25 लोगों की अब तक मौत, 77.77 लाख प्रभावित
बिहार के 16 जिलों में बाढ़ का कहर, 25 लोगों की अब तक मौत, 77.77 लाख प्रभावित  |  तस्वीर साभार: BCCL
मुख्य बातें
  • बिहार में बाढ़ से 77.77 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं
  • 16 जिलों में बाढ़ की विभीषिका झेलने को लोग मजबूर हैं
  • कई जगह नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं

पटना : बिहार में बाढ़ कहर ढा रहा है। राज्‍य के 16 जिले इसकी चपेट में हैं, जिससे अब तक यहां 25 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 77,77,056 की आबादी इससे प्रभावित है। राज्‍य आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से गुरुवार को दी गई जानकारी के अनुसार, बाढ़ से सबसे अधिक दरभंगा जिला प्रभावित है, जहां 11 लोगों की जान गई है। इसके बाद मुजफ्फरपुर में छह, पश्चिम चंपारण में चार और सारण व सीवान में दो-दो लोगों की जान गई है। बाढ़ जनित घटनाओं में अब तक 75 मवेशियों की जान भी गई है।

बिहार के जो 16 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, उनमें सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, पूर्वी चम्पारण, पश्चिम चंपारण, खगड़‍िया, सारण, समस्तीपुर, सीवान, मधुबनी, मधेपुरा, सहरसा जिले शामिल हैं। इन जिलों 77.77 लाख से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में हैं। इन जिलों में अब तक 5,47,804 लोगों को सुरक्षित स्‍थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि 12 हजार से अधिक लोगों को सात राहत शिविरों में रखा गया है।

दरभंगा सर्वाधिक प्रभावित

दरभंगा जिला में सर्वाधिक 20,61,700 की आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है, जबकि सर्वाधिक 11 लोगों की जान यहां गई है। राज्‍य के बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कुल 33 टीम तैनाती की गई है। बाढ़ के कारण बेघर हुए लोगों को भोजन कराने के लिए 1006 सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की गई है, जिसके जरिये लोगों को भोजन-पानी मुहैया कराया जा रहा है।

बिहार के उक्‍त 16 जिलों में बाढ़ का कारण नदियों के जलस्‍तर में बढ़ोतरी को बताया जा रहा है। प्राप्‍त जानकारी के मुताबिक, अधवारा समूह नदी, लखनदेई, रातो, मरहा, मनुसमारा, बागमती, अधवारा समूह, कमला बलान, गंडक, बूढ़ी गंडक, कदाने, नून, वाया, सिकरहना, लालबेकिया, तिलावे, धनौती, मसान, कोशी, गंगा, कमला बलान, करेह और धौंस नदी के जलस्तर में काफी बढ़ोतरी हुई है। सीतामढी, मुजफ्फरपुर एवं दरभंगा में बागमती नदी, समस्तीपुर और खगड़िया में बूढी गंडक नदी और सीवान में घाघरा नदी में गुरुवार को पानी खतरे के निशान से ऊपर था।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर