बिहार में हादसों का छठ; औरंगाबाद में भगदड़ में 2 बच्चों की मौत, समस्तीपुर में 2 महिलाओं ने गंवाई जान

देश
Updated Nov 03, 2019 | 10:08 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

बिहार के औरंगाबाद में सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। छठ घाट पर मची भगदड़ में दो लोगों की मौत हो गई।

stampede in chhath puja bihar
छठ पूजा में मची भगदड़  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • बिहार में छठ पूजा के दौरान हुए अलग-अलग हादसे
  • औरंगाबाद में छठ घाट पर मची भगदड़ में 2 बच्चों की मौत
  • समस्तीपुर में मंदिर की दीवार ढहने से 2 महिलाओं की मौत

नई दिल्ली : पूरे देश में चार दिनों का महापर्व छठ बेहद धूमधाम से मनाया गया। बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में खासतौर पर मनाए जाने वाले इस त्यौहार को लेकर लोगों में जमकर उत्साह रहता है। हालांकि बिहार के औरंगाबाद में छठ पूजा इस बार मातम लेकर आया। छठ के पावन मौके पर औरंगाबाद के एक घाट पर मची भगदड़ में दो लोगों की जानें चली गई। घटना शनिवार शाम की है। 

जानकारी के मुताबिक घाट पर मची भगदड़ में 2 बच्चों की मौत हो गई है। मरने वालों में पटना का एक 6 साल का लड़का है और एक भोजपुर की 18 माह की बच्ची है। इसमें कई लोग गंभीर रुप से घायल भी हुए हैं। यह घटना सूर्यकुंड में घटी। सूत्रों के अनुसार अधिकारियों ने फौरन स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। 

जिला मजिस्ट्रेट राहुल रंजन महिवाल और एसपी दीपक बर्णवाल मृतक बच्चों के परिजनों से मिले और उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने बताया कि घाट पर भारी संख्या में भीड़ जुट गई थी जिसके कारण ये हादसा हुआ। सूत्रों का कहना है कि काफी लोग इस हादसे में गंभीर रुप से घायल हुए हैं और मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है।  

इस हादसे में महिलाओं बच्चों सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। औरंगाबाद में सूर्यकुंड में लगने वाले मेला में ये भगदड़ मची थी। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। बता दें कि बिहार में छठ पूजा के दौरान यहां लगने वाला मेला बेहद लोकप्रिय है और हर साल बड़ी संख्या में लोग इसे देखने आते हैं।

 

 

इसके बावजूद भी लचर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पूरे बिहार में छठ पूजा के दौरान हुए अलग-अलग हादसों में नदी में डूबने से चार लोगों की मौत हो गई।

बिहार के समस्तीपुर में भी छठ घाट पर एक मंदिर की दीवार ढह जाने से दो महिलाओं की मौत हो गई। स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एसडीआरएफ) का रेस्क्यू अभियान जारी है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर