नमोलाइटिस बीमारी का सामना कर रही है बीजेपी, भारत जोड़ो यात्रा तंज का कांग्रेस ने दिया जवाब

देश
रंजीता झा
रंजीता झा | SPECIAL CORRESPONDENT
Updated Sep 09, 2022 | 14:30 IST

भारत जोड़ो यात्रा पर बीजेपी की तरफ से लगातार तंज पर कांग्रेस ने भी निशाना साधा है। कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी नमोलाइटिस नाम की खास बीमारी से ग्रसित है।

Bharat Jodo Yatra, Congress, BJP, Rahul Gandhi, Pramod Tiwari, Narendra Modi
प्रमोद तिवारी, कांग्रेस नेता 
मुख्य बातें
  • 12 राज्यों से गुजरेगी भारत जोड़ो यात्रा
  • 3570 किमी लंबी है यह यात्रा
  • करीब 6 महीने में यात्रा होगी पूरी

भारती जनता पार्टी ने कांग्रेस की 'भारत जोड़ो' यात्रा पर तंज कसा तो कांग्रेस ने भी पटलवार किया है। पार्टी के नेता ने इस दौरान बीजेपी को नमोलाइटिस बीमारी से ग्रसित पार्टी बताया। उन्होंने इसे कैंसर से अधिक खतरनाक बीमारी करार दिया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में बीजेपी को वोट दिखता है, हम तो देश को जोड़ने निकले हैं। लोगों का समर्थन हमें मिल रहा है। प्रमोद तिवारी ने कहा, ''नमोलाइटिस में सिर्फ नाम बदलने का काम किया जाता है। ये सिर्फ केंद्र सरकार की नहीं बल्कि भाजपा शासित राज्यों की सरकार भी यही काम कर रही है। तिवारी ने कहा, "भाजपा वाले यही काम करते हैं। ये जगहों का नाम बदलते हैं। योजनाओं का नाम बदलते हैं, लेकिन काम कुछ नहीं करते हैं।'' उन्होंने आगे कहा कि राजपथ कोई अंग्रेजो का दिया हुआ नाम नहीं था, राजपथ हमारी समृद्धि का प्रतिक है। कांग्रेस नेता ने कहा कि देश की दिक्कत राजपथ और कर्तव्य पथ नहीं, बल्कि महंगाई और बेरोज़गारी है।

पहले दिन राहुल गांधी ने तय की 20 किमी दूरी
आपको बताते चलें कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के कई नेताओं के साथ 'भारत जोड़ो' यात्रा की शुरुआत कर पहले दिन करीब 20 किलोमीटर की दूरी तय की। इस मौके पर पार्टी ने कहा कि यात्रा के बाद वह नए अवतार में सामने आएगी तथा उसे मित्र एवं विरोधी दल हल्के में नहीं ले सकेंगे। राहुल गांधी 118 अन्य 'भारत यात्रियों' तथा कई नेताओं के साथ 3570 किलोमीट की यात्रा पर निकले तो रास्ते में बड़ी संख्या में लोग सड़क के किनारे खड़े थे और उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज और ढोल-नगाड़ों के साथ राहुल का स्वागत किया। तेज कदमों से पदयात्रा कर रहे राहुल कई स्थानों पर लोगों से मिले और बातचीत की। यात्रा के पहले दिन राहुल और अन्य यात्रियों ने करीब 20 किलोमीटर की दूरी तय की। शाम के समय राहुल गांधी के साथ हजारों की संख्या में लोग पैदल चले। 

'मैंने स्पष्ट रूप से तय कर लिया है कि मैं क्या करूंगा, मन में कोई भ्रम नहीं है', पार्टी अध्यक्ष बनने के सवाल पर बोले राहुल

कांग्रेस के लिए जीवन रक्षक है यह यात्रा
इस यात्रा की शुरुआत के पहले दिन कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने 'भारत जोड़ो' यात्रा को पार्टी के लिए ''जीवन रक्षक'' करार देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि यह यात्रा पार्टी को एक नए अवतार में लाएगी तथा वह पहले से अधिक आक्रामक एवं सक्रिय होगी जिसे मित्र और राजनीतिक विरोधी हल्के में नहीं ले सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यह विपक्ष की यात्रा नहीं है, बल्कि कांग्रेस की यात्रा है जो पार्टी को मजबूत करने के लिए है। 

दिल्ली में कांग्रेस ने निकाली सांकेतिक भारत जोड़ो यात्रा
वहीं, दिल्ली कांग्रेस ने गुरुवार को सांकेतिक रूप से सभी जिलों में भारत जोड़ो यात्रा निकाली। इस दौरान लोगों के बीच एकता और सद्भाव का संदेश दिया गया। यात्रा का संचालन दिल्ली के पूर्व मंत्री डॉ. नरेन्द्र नाथ किया। डॉ. नरेन्द्र नाथ ने बताया कि देश भर में भारत जोड़ो यात्रा निकालने का उद्देश्य देश में उत्पन्न आर्थिक असमानताएं, सामाजिक भेदभाव, केन्द्र सरकार द्वारा जरूरत से अधिक केन्द्रीयकरण को खत्म करने और देश की जनता को बांटने के खिलाफ आवाज को बुलंद करना है। भारत जोड़ो यात्रा आसमान छूती महंगाई और रिकॉर्डतोड़ बेरोजगारी जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे देशवासियों के अधिकारों के लिए निकाली जा रही है। भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली में लगभग 45 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर