गिरिराज के बयानों पर खफा हुआ बीजेपी आलाकमान, नड्डा ने पार्टी मुख्यालय में किया तलब

देश
किशोर जोशी
Updated Feb 15, 2020 | 15:03 IST

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बयानों को लेकर पार्टी आलाकमान नाराज बताया जा रहा है। इस बीच गिरिराज सिंह को बीजेपी मुख्यालय में तलब किया गया है।

BJP President JP Nadda summons Union Minister Giriraj Singh over his recent controversial remarks
गिरिराज सिंह के बयान पर खफा हुआ बीजेपी आलाकमान, किया तलब 
मुख्य बातें
  • गिरिराज सिंह ने हाल ही में देवबंद को लेकर दिया था विवादित बयान
  • दिल्ली चुनाव के दौरान शाहीन बाग को लेकर भी गिरिराज ने दिया था विवादित बयान
  • बीजेपी आलाकमान गिरिराज को जारी किया समय, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे बात

नई दिल्ली:​ अपने विवादित बयानों की वजह से अक्सर सुर्खियों में रहने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। गिरिराज के विवादित बयानों से पार्टी आलाकमाननाराज बताया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गिरिराज के विवादित बयानों के चले उन्हें बीजेपी मुख्यालय में तलब किया है। 

क्या कहा था गिरिराज सिंह ने

दरअसल उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सीएए के समर्थन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गिरिराज सिंह ने कहा था कि देवबंद आतंकवाद की गंगोत्री है और इसे आतंकवाद को हमेशा समर्थन मिला है। गिरिराज ने कहा था 'यह देवबंद आतंकवाद की गंगोत्री है।  दुनिया में सारे बड़े-बड़े जो आतंकवादी पैदा हुए हैं, चाहे वह हाफिज सईद हो, ये सारे के सारे लोग यहीं से निकले हैं। ये लोग सीएए के खिलाफ नहीं हैं। ये भारत के खिलाफ हैं। यह एक तरह का खिलाफत आंदोलन है।' 

 

शाहीन बाग को लेकर दिया था विवादित बयान

इससे पहले दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भी शाहीन बाग को लेकर गिरिराज ने विवादित बयान दिया था। गिरिराज ने कहा था कि शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ आंदोलन नहीं हो रहा है बल्कि सुसाइल बम तैयार हो रहे हैं। बच्चों के दिमाग में जहर भरा जा रहा है।' इसका उदाहरण देते हुए गिरिराज ने कहा था, 'ठंड में एक बच्चा मर जाता है और उसकी मां कहती है कि मेरा बेटा शहीद हुआ है तो ये सुसाइड बॉम्ब नहीं है तो क्या है? देश की राजधानी में देश के खिलाफ साजिश हो रही है।'

शुक्रवार को हुआ था एक वीडियो वायरल

इससे पहले शुक्रवार को ही गिरिराज सिंह का एक वीडियो भी वायरल हुआ था जिसमें वो बेगूसराय के एसपी को फटकार लगाते हुए नजर आ रहे हैं। एसपी को डांट लगाते हुए गिरिराज सिंह इस वीडियो में कहते हैं, 'राक्षस लोगों को आपने बिठा दिया है... सबको मार-मार के ऐक्सिडेंट-एक्‍सीडेंट की रट लगा रहे हैं और जब कोई मिलने जाए तो उसको जेल भेज दिया जाता है। क्या चाहते हैं, इस्तीफा देकर हम यहां से निकल जाएं।'

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर