'कोरोना संकट में आपकी पार्टी के कुछ लोग शानदार काम कर रहे हैं' नड्डा का सोनिया को पत्र

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने पत्र में लिखा है, 'कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में प्रधानमंत्री और भारत सरकार अपने सभी प्रयास कर रही है। संकट के दौरान प्रधानमंत्री ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की है।'

BJP president JP Nadda writes letter to Sonia Gandhi over Corona Crisis
कोरोना संकट पर जेपी नड्डा ने सोनिया गांधी को लिखा पत्र।  |  तस्वीर साभार: PTI
मुख्य बातें
  • कोरोना संकट पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखा पत्र
  • नड्डा ने कहा कि सोनिया यह देखें कि उनकी पार्टी कोरोना से जंग को कमजोर तो नहीं कर रही
  • भाजपा अध्यक्ष ने कोरोना संकट के दौरान लोगों की मदद करने पर कांग्रेस के कुछ सदस्यों की प्रशंसा की

नई दिल्ली : कोरोना के खिलाफ सरकार के अभियान पर सवाल उठाए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखा है। नड्डा ने मंगलवार को लिखे अपने पत्र में कहा है कि कांग्रेस पार्टी को कोरोना के खिलाफ देश के जंग को कमजोर नहीं करना चाहिए। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को 'दोमुहेंपन और निरर्थक बयानों के लिए याद किया जाएगा।' नड्डा ने कहा कि कोरोना के खिलाफ जंग में कांग्रेस के ही कुछ सदस्य 'प्रशंसनीय' काम कर रहे हैं। 

सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी
भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस अध्यक्ष को लिखे पत्र में कोरोना महामारी के खिलाफ मोदी सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की विस्तार से जानकारी दी है। साथ ही उन्होंने इस अफसोस जताया है कि कांग्रेस पार्टी के कुछ नेता और उसके कुछ मुख्यमंत्री कोरोना संकट पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'कोरोना के खिलाफ अभियान पर कांग्रेस के नेताओं की ओर से जारी लगातार आलोचना से वह दुखी हैं।' नड्डा ने कांग्रेस अध्यक्ष से यह देखने के लिए अनुरोध किया है कि कहीं उनकी पार्टी की भूमिका कोरोना के खिलाफ देश के जंग को कमजोर करने की तो नहीं है। 

नड्डा ने कहा-कांग्रेस का रुख देखकर वह हैरान नहीं
भाजपा अध्यक्ष ने अपने पत्र में लिखा है, 'कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में प्रधानमंत्री और भारत सरकार अपने सभी प्रयास कर रही है। संकट के दौरान प्रधानमंत्री ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की है। यहां तक कि पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा ने भी इस बात को माना है। खाते में सीधे पैसे भेजने की बात हो या खाद्य वितरण की गरीब हमेशा पीएम की प्राथमिकता में रहे हैं।' नड्डा ने आगे कहा कि कोरोना से जंग के खिलाफ कांग्रेस पार्टी का रवैया देखकर वह हैरान नहीं हैं।

नड्डा का सवाल-क्या कांग्रेस के सीएम टीका मुफ्त में देंगे?
उन्होंने कहा, 'संकट के समय कांग्रेस पार्टी के कुछ सदस्य लोगों की मदद करते हुए प्रशंसनीय काम कर रहे हैं लेकिन इनके इन कार्यों को पार्टी के ही वरिष्ठ सदस्य ग्रहण लगा दे रहे हैं।' नड्डा ने कहा कि भाजपा और एनडीए शासित राज्य अपने यहां कोरोना की मुफ्त वैक्सीन लोगों को लगा रहे हैं। क्या कांग्रेस की सरकारें अपने यहां भी लोगों को मुफ्त टीका देंगी? भाजपा अध्यक्ष ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी खुद को गरीबों की पार्टी होने का दावा करती है लेकिन क्या वह उन्हें मुफ्त टीका उपलब्ध कराएगी।' 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर