UP : BJP कार्यसमिति आज, जेपी नड्डा तय करेंगे 2022 की रणनीति, योगी कैबिनेट विस्तार पर चर्चा संभव

उत्तर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की शुक्रवार को लखनऊ में बैठक हो रही है। भाजपा अध्यक्ष सहित अन्य नेता इस बैठक से दिल्ली से जुड़ेंगे। राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं जिसकी तैयारी पार्टी ने शुरू कर दी है।

BJP working committee meeting today discussion on expansion of yogi cabinet likely
UP : BJP कार्यसमिति आज, जेपी नड्डा तय करेंगे 2022 की रणनीति।  |  तस्वीर साभार: PTI
मुख्य बातें
  • यूपी भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को लखनऊ में हो रही है
  • इस अहम बैठक से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं अन्य नेता दिल्ली से जुड़ेंगे
  • सूत्रों का कहना है कि बैठक में योगी कैबिनेट में विस्तार पर चर्चा हो सकती है

लखनऊ : देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने में आठ महीने से भी कम समय बचा है। ऐसे में यहां राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव में किस तेवर और अंदाज के साथ जाना है इसे लेकर सभी राजनीतिक दलों में बैठकों का दौर जारी है। बैठकों में चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की कार्यसमिति (working committee) बैठक शुक्रवार को हो रही है। प्रदेश पदाधिकारियों की गुरुवार को हुई बैठक में मिशन-2022 की रणनीति पर मंथन हुआ। 

बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा संभव-सूत्र
इस बैठक से भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित पार्टी के अन्य नेता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दिल्ली से जुड़ेंगे। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा हो सकती है। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी आने वाले दिनों में योगी कैबिनेट में विस्तार कर सकती है। इस बैठक के बारे में प्रदेश महामंत्री (संगठन) जेपीएस राठौर ने बताया कि शुक्रवार को लखनऊ में प्रदेश कार्यकारिणी की होने वाली बैठक में केंद्रीय और प्रदेश के नेता शामिल होंगे। 

बैठक में सीएम, डिप्टी सीएम सहित संगठन के लोग शामिल होंगे  
उन्होंने कहा, 'इस बैठक को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा संबोधित करेंगे। इस बैठक में दिल्ली मंच से नड्डा के अलावा महेंद्र नाथ पांडेय, स्मृति ईरानी अरुण सिंह मौजूद रहेंगे। जबकि उत्तर प्रदेश कार्यालय से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल सहित कार्यसमिति के सदस्य एवं पदाधिकारी शामिल होंगे।'

गुरुवार को स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक
गुरुवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर पार्टी की बैठक प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, संगठन महामंत्री सुनील बंसल सहित पार्टी एवं संगठन के नेता मौजूद रहे। सूत्रों का कहना है कि यूपी चुनावों को लेकर भाजपा अपने चुनावी अभियान एवं रणनीति को अंतिम रूप देना चाहती है, इसलिए प्रदेश से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक बैठकें हो रही हैं। 

मोदी कैबिनेट विस्तार में यूपी से बने 7 राज्य मंत्री 
चर्चा यह भी है कि चुनाव में जातियों का समीकरण बिठाने के लिए अलग-अलग समुदाय के नेताओं को अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसमें योगी कैबिनेट के विस्तार की बात भी शामिल है। शुक्रवार की बैठक में इस पर चर्चा हो सकती है। यानि कि चुनाव में जाने से पहले यूपी मंत्रिमंडल में एक और बदलाव हो सकता है। पीएम मोदी ने गत सात जुलाई को अपनी कैबिनेट का विस्तार किया। इस विस्तार में 15 कैबिनेट एवं 28 राज्य मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा 7 सांसदों को केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। इसमें तीन नेता ओबीसी, तीन अनुसूचित जाति और एक ब्राह्मण समुदाय से संबंध रखने वाले हैं।  

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर