बुलंदशहर में 2 साधुओं की हत्या: CM योगी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश, अखिलेश-प्रियंका की जांच की मांग

Bulandshahr incident: बुलंदशहर के बुलंदशहर में एक शख्स ने मंदिर में 2 साधुओं की हत्या कर दी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Bulandshahr incident
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है  |  तस्वीर साभार: ANI

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के अनूपशहर क्षेत्र स्थित एक शिवमंदिर में दो साधुओं की हत्या कर दी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को बेहद गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश दिए। मुख्यमंत्री के कार्यालय से ट्वीट कर कहा गया, 'मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने ग्राम पगौना, जनपद बुलंदशहर में हुई हत्या की घटना का संज्ञान लेते हुए डीएम, एसएसपी व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में विस्तृत आख्या देने व दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने निर्देश दिए हैं।'

एसएसपी बुलंदशहर संतोष कुमार सिंह ने बताया, 'अनूप शहर थाना क्षेत्र स्थित फगौना गांव में एक शिव मंदिर में जगदीश (50) और शेर सिंह (52) नामक साधुओं की हत्या कर दी गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह पाया गया है कि कुछ दिन पहले उसने पुजारियों का चिमटा छीन लिया था जिसके बाद उन्होंने उसे डांटा था। इसके बाद उसने आज 2 पुजारियों की हत्या कर दी। जांच चल रही है।' 

उन्होंने बताया कि गांव का ही रहने वाला मुरारी नामक युवक अक्सर मंदिर आता था। वह नशे का आदी था और करीब दो दिन पहले उसने इन साधुओं का चिमटा चुरा लिया था। मंगलवार तड़के इसी बात को लेकर उनका मुरारी के साथ झगड़ा हुआ था। मुरारी ने दोनों साधुओं की डंडे और धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी। 

न्यायोचित कार्रवाई हो: अखिलेश यादव
घटना पर समाजवादी पार्टी (SP) अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा, 'बुलंदशहर में मंदिर परिसर में दो साधुओं की नृशंस हत्या अति निंदनीय व दुखद है। इस प्रकार की हत्याओं का राजनीतिकरण न करके, इनके पीछे की हिंसक मनोवृत्ति के मूल कारण या आपराधिक कारण की गहरी तलाश करने की आवश्यकता होती है। इसी आधार पर समय रहते न्यायोचित कार्रवाई करनी चाहिए।' 

निष्पक्ष जांच होना चाहिए: प्रियंका गांधी
वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कह, 'अप्रैल के पहले 15 दिनों में ही उत्तर प्रदेश में 100 लोगों की हत्या हो गई। तीन दिन पहले एटा में पचौरी परिवार के पांच लोगों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए। कोई नहीं जानता उनके साथ क्या हुआ। आज बुलंदशहर में एक मंदिर में सो रहे दो साधुओं को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। ऐसे जघन्य अपराधों की गहराई से जांच होनी चाहिए और इस समय किसी को भी इस मामले का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। निष्पक्ष जांच करके पूरा सच प्रदेश के समक्ष लाना चाहिए। यह सरकार की जिम्मेदारी है।' 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर