CAA Protests : सीएए पर जनमत संग्रह कराने की ममता ने दी चुनौती, प्रदर्शन की 10 बड़ी बातें

देश
आलोक राव
Updated Dec 19, 2019 | 18:33 IST

Mamata Banerjee on CAA Protests : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता मुस्लिम टोपी बहनकर संपत्तियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

CAA Protests : सीएए पर जनमत संग्रह कराने की ममता ने दी चुनौती, प्रदर्शन की 10 बड़ी बातें, 10 major developments, Mamata Banerjee attacks BJP
CAA Protests : गुरुवार को देश के कई हिस्सों में हुए विरोध प्रदर्शन। 

नई दिल्ली : नागरिकता संशोधन विधेयक के खिलाफ देश में दूसरे दौर की हिंसा एवं विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। सीएए के खिलाफ गुरुवार को राजधानी दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, पंजाब सहित कई जगहों पर प्रदर्शन हुए। लखनऊ में प्रदर्शनकारी हिंसक हो गए और उन्होंने मीडियाकर्मियों को निशाने बनाते हुए आगजनी की। देश भर में उग्र होते प्रदर्शन को देखते हुए गृह मंत्रालय ने आपात बैठक बुलाई है। वहीं लाल किले के पास प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने पर प्रदर्शनकारी बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पर एकत्र हुए। इस बीच, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता मुस्लिम टोपी बहनकर संपत्तियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। आइए जानते हैं सीएए के खिलाफ प्रदर्शन से जुड़े अहम घटनाक्रम

  1. भाजपा पर निशाना साधते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि यह पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को मुस्लिमों के भेष में भेजकर सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा रही है और वह इस समुदाय की छवि खराब करना चाहती है। कोलकाता में एक रैली को संबोधित करते हुए ममता ने कहा, 'हम इस देश में किसी की दया पर नहीं रह रहे हैं।'
  2. नागरिकता संशोधन विधेयक के खिलाफ गुरुवार को उग्र एवं हिंसक प्रदर्शनों को देखत हुए गृह मंत्रालय ने स्थिति की समीक्षा के लिए आपात बैठक बुलाई। समझा जाता है कि इस बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी, केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला शामिल होंगे।
  3. राजधानी दिल्ली में गुरुवार को विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने कुल 19 स्टेशनों के एंट्री एवं एग्जिट प्वाइंट्स बंद कर दिए। हालांकि, मेट्रो स्टेशनों को करीब दो घंटे तक बंद रखने के बाद उन्हें खोल दिया गया। डीएमआरसी ने राजीव चौक जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन को भी बंद किया था।
    CAA Protest
  4. सीएए और एनआरसी के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शनों के मद्देनजर एम्स प्रशासन ने अपने छात्रों, रेजीडेंट डॉक्टर्स, फैकल्टी एवं स्टॉफ को अस्पताल परिसर में किसी तरह के हड़ताल एवं प्रदर्शन आयोजित न करने की चेतावनी जारी की है। अपने ज्ञापन में एम्स प्रशासन ने कहा है कि निर्देश का उल्लंघन करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
  5. देश भर में सीएए के खिलाफ जारी प्रदर्शनों के बावजूद भाजपा एवं सरकार का कहना है है कि नागरिकता कानून को लागू करने के बारे में दोबारा विचार करने का कोई सवाल नहीं है। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को कहा कि देश में सीएए को लागू करने के साथ ही राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) भी लाया जाएगा। 
  6. लखनऊ में गुरुवार को सीएए के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन देखने को मिला। यहां प्रदर्शनकारियों ने परिवर्तन चौक के समीप करीब 20 मोटरसाइकिलों, 10 कार, 3 बसों और मीडिया के ओबी वैन्स में आग लगा दी। हिंसक प्रदर्शनों के बाद लखनऊ में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। 
  7. दिल्ली पुलिस ने कहा कि हमें पता चला है कि दिल्ली के बाहर से लोग आए हैं। इसे देखते हुए हमने खास-खास जगहों पर सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती की है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली, लाल किला और मध्य दिल्ली में धारा 144 लगाई गई है। सोशल मीडिया पर भी हमारी करीबी नजर है।
    CAA Protest
  8. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में एक रैली के दौरान कहा कि भाजपा नागरिकता संशोधन विधेयक को हिंदू और मुसलमान के बीच लड़ाई का मुद्दा बनाना चाहती है। भाजपा में यदि साहस है तो वह संयुक्त राष्ट्र की निगरानी में सीएए पर जनमत संग्रह कराकर दिखाए। 
  9. गृह राज्य मंत्री जीके रेड्डी ने कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टियां धर्म के नाम पर छात्रों, एवं महिलाओं को उकसाने की कोशिश कर रही हैं। मंत्री ने कहा कि दिल्ली और लखनऊ के कुछ हिस्सों में सीएए के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और इससे चिंता करने की जरूरत नहीं है।
  10. गुरुवार सुबह सीएए के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के लिए निकले सीताराम येचुरी, योगेंद्र यादव, इतिहासकार रामचंद्र गुहा, उमर खालिद सहित कई नेताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर