Chidambaram on Jharkhand result : झारखंड के नतीजों के बाद चिदंबरम ने बताई 2019 में बीजेपी की कहानी

देश
लव रघुवंशी
Updated Dec 23, 2019 | 19:15 IST

Chidambaram on Jharkhand result : झारखंड के नतीजों के बाद पी चिदंबरम ने कहा, 'हरियाणा में कमजोर हुए, महाराष्ट्र में अस्वीकृत हुए, झारखंड में हारे। 2019 में भाजपा की यही कहानी है।'

Chidambaram
पी चिदंबरम 

नई दिल्ली: झारखंड में झामुमो-कांग्रेस और आरजेडी के गठबंधन को निर्णायक बढ़त मिलने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बीजेपी को कमजोर किया, महाराष्ट्र में नकारा और झारखंड में पराजित किया।

चिदंबरम ने ट्वीट किया, 'हरियाणा में कमजोर हुए, महाराष्ट्र में अस्वीकृत हुए, झारखंड में हारे। 2019 में भाजपा की यही कहानी है। भारत के संविधान को बचाने के लिए सभी गैर भाजपा दलों को कांग्रेस के साथ आकर रैली करनी चाहिए।'

झारखंड से पहले हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव हुए। हरियाणा में बीजेपी बहुमत से दूर रही और बाद में उसे दुष्यंत चौटाला की पार्टी जननायक जनता पार्टी से गठबंधन करना पड़ा। दुष्यंत चौटाला उपमुख्यमंत्री बने। वहीं महाराष्ट्र में बीजेपी ने शिवसेना के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा। गठबंधन को बहुमत भी मिला, लेकिन मुख्यमंत्री पद को लेकर शिवसेना के साथ उसका विवाद हो गया और गठबंधन टूट गया। बाद में शिवसेना ने एनसीपी और कांग्रेस के साथ जाकर सरकार बना ली। उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बने। 

अब झारखंड में बीजेपी को झटका लगा है। यहां महागठबंधन को बहुमत मिल रहा है, वहीं बीजेपी सिर्फ 25 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। 

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी झारखंड के रुझानों पर जेएमएम के नेता हेमंत सोरेन को बधाई देते हुए कहा कि लोगों को विश्वास है कि वह उनकी आकांक्षाओं को पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि संशोधित नागरिकता कानून (CAA) और प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी राष्ट्रीय नागरिक पंजी (NRC) को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों के बीच झारखंड के विधानसभा चुनाव हुए थे। यह निर्णय नागरिकों के पक्ष में है। 

वहीं जेएमएम के हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य की जनता ने विधानसभा चुनाव में स्पष्ट जनादेश दिया है जो मील का पत्थर साबित होगा। आज हमारे लिए जनता की सेवा के लिए संकल्प का दिन है। आज राज्य में जो परिणाम आए हैं, वे हम सभी के लिए उत्साहजनक हैं। जनता का जनादेश स्पष्ट है। हम यह पूरा प्रयास करेंगे कि लोगों की उम्मीदें टूटें नहीं। झामुमो नेता ने कहा कि महागठबंधन पूरे राज्य के सभी वर्गों, संप्रदायों और क्षेत्रों की आकांक्षाओं का ध्यान रखेगा।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर