Weather: दिल्ली से पहाड़ तक ठंड की चपेट में, अगले दो दिन तक उत्तर भारत में जारी रहेगी शीतलहर

देश
किशोर जोशी
Updated Dec 17, 2020 | 09:24 IST

Cold Wave in North India: राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिनों के दौरान शीतलहर जारी रह सकती है।

Cold wave conditions very likely in Uttarakhand, Himachal Pradesh, Haryana, Uttar Pradesh during next 2 days
शीतलहर की चपेट में उत्तर भारत, अगले दो दिन तक जारी रहेगी ठंड 
मुख्य बातें
  • दिल्ली सहित पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में
  • पहाड़ों पर जमकर हो रही है बर्फबारी, मैदानी इलाकों में शीतलहर
  • मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक मैदानी इलाकों में जारी रहेगी शीतलहर

नई दिल्ली: उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप जारी है और बुधवार सुबह भी मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी इलाके भी कोहरे की चादर में लिपटे हुए दिखायी दिए। कई पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने से मैदानी इलाकों में शीतलहर और तेज हो गई है और तापमान में भारी गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ राजस्थान, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीत लहर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग का अनुमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, '17 दिसंबर की सुबह के समय उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में अलग-थलग जगहों पर घना कोहरा छाया रह सकता है। अगले 4 दिनों के दौरान तमिलनाडु, पुदुचेरी और कराइकल, केरल और माहे और लक्षद्वीप के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।' वहीं उत्तराखंड में राजधानी देहरादून भी गुरुवार को घने कोहरे की चादर में लिपटी नजर आई।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में भारी बर्फबारी हुई है। वहीं हिमाचल के ऊंचे इलाकों में भी बर्फबारी होने से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है।

दिल्ली में सर्दी जारी

मौसम विभाग ने बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से आने वाली बर्फीली हवाओं के चलते मंगलवार को शीत लहर की घोषणा कर दी थी। आईएमडी ने बताया कि बुधवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 18.6 डिग्री दर्ज किय गया। दिल्ली में मंगलवार को तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस मौसम में अब तक का शहर का न्यूनतम तापमान था। अधिकतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री कम 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर