आज CWC की बैठक, उससे पहले गांधी परिवार के पक्ष में उतरे कांग्रेसी, सोनिया-राहुल से ही नेतृत्व करने की अपील

देश
लव रघुवंशी
Updated Aug 24, 2020 | 00:07 IST

Congress: 24 अगस्त को होने वाली कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक से पहले कई कांग्रेस नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष पद के लिए गांधी परिवार में पूर्ण विश्वास दिखाया है।

Rahul Gandhi and Sonia Gandhi
गांधी परिवार में कांग्रेस नेताओं का भरोसा 
मुख्य बातें
  • कई नेताओं ने पत्र लिखकर सोनिया गांधी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है
  • सोनिया गांधी ने पार्टी को एकजुट रखा है: अशोक गहलोत
  • बघेल ने राहुल को पत्र लिखकर कहा- फिर से संभाले कांग्रेस की कमान

नई दिल्ली: कांग्रेस में पार्टी नेतृत्व को लेकर बवाल मचा हुआ है। जहां एक तरह 20 से ज्यादा नेताओं ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर सामूहिक नेतृत्व की बात की है और संगठन में बड़े बदलाव की मांग की है, तो वहीं दूसरी और अब कई नेता सामने आकर राहुल गांधी को फिर से नेतृत्व संभालने के लिए कह रहे हैं। इनमें से कई सोनिया गांधी के नेतृत्व पर भी भरोसा जता रहे हैं। कई नेताओं ने कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक से एक दिन पहले गांधी परिवार में अपना विश्वास जताया है और सोनिया गांधी और राहुल गांधी से पार्टी का नेतृत्व करने को कहा है।

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस में गांधी परिवार के नेतृत्व को चुनौती देने के कुछ पार्टी नेताओं के प्रयास का विरोध किया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी जब तक चाहें उन्हें अध्यक्ष बने रहना चाहिए, उनके बाद राहुल गांधी को कमान संभालनी चाहिए, जो पूरी तरह सक्षम हैं।

कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार ने कहा, 'कर्नाटक में पूरी कांग्रेस सोनिया गांधी और गांधी परिवार के नेतृत्व के साथ खड़ी है। उन्होंने संकट के समय कांग्रेस का नेतृत्व किया और हमारी पार्टी को बचाया। कुछ भी जिस पर चर्चा की जानी चाहिए, उसे पार्टी फोरम में रखा जाना चाहिए और मीडिया में नहीं।'

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, '23 वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र लिखने की खबर अविश्वसनीय है और अगर यह सच है तो यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। मीडिया में जाने की कोई आवश्यकता नहीं थी, मेरा दृढ़ता से मानना है कि सोनिया गांधी जी को इस महत्वपूर्ण मोड़ पर पार्टी का नेतृत्व करते रहना चाहिए। जहां लड़ाई लोकतंत्र को बचाने की है, उन्होंने हमेशा चुनौतियों को सिर पर लिया है। लेकिन अगर उन्होंने अपना मन बना लिया है, तो मेरा मानना है कि राहुल गांधी को आगे आना चाहिए और कांग्रेस अध्यक्ष बनना चाहिए।'

लोकसभा में कांग्रेस पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर उन्हें पार्टी प्रमुख बने रखने का अनुरोध किया है। वे लिखते हैं, 'हम आपके नेतृत्व में हमारे पूर्ण और अटूट विश्वास को दोहराना चाहते हैं।' 

असम कांग्रेस अध्यक्ष रिपुन बोरा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी देने का अनुरोध किया है, ताकि वह पार्टी का नेतृत्व कर सकें और भाजपा और आरएसएस के सामने लड़ सकें।

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष बालासाहेब थोराट ने लिखा, 'राहुलजी को अब कांग्रेस का नेतृत्व करना चाहिए। उनकी भावनाओं के सम्मान के साथ हम कहना चाहेंगे, 'कम बैक, राहुलजी'। जब तक वह पूर्णकालिक अध्यक्ष के रूप में पदभार नहीं संभालते, सोनिया जी को पार्टी के अंतरिम अध्यक्ष के रूप में कांग्रेस परिवार का नेतृत्व करना चाहिए।'

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, 'हर चुनौती में हमारे लिए उम्मीद की किरण माननीय सोनिया जी और आदरणीय राहुल जी हैं। हम सभी आपके साथ हैं। छत्तीसगढ़ और देश के करोड़ों कार्यकर्ता और देशवासी आपके साथ हैं। देश जिस संकटपूर्ण दौर से गुज़र रहा है उससे आपके नेतृत्व में ही छुटकारा मिलेगा।'

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर