UP: इस तरह महिलाओं को कांग्रेस से जोड़ेंगी प्रियंका गांधी, पूरे प्रदेश में होगा मैराथन दौड़ का आयोजन, विजेताओं को मिलेगी स्कूटी

देश
रंजीता झा
रंजीता झा | SPECIAL CORRESPONDENT
Updated Nov 15, 2021 | 22:41 IST

Congress Marathon Race: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की 3 करोड़ महिला वोटरों पर प्रियंका गांधी की नजर है। पूरे प्रदेश में कांग्रेस के वॉलेंटियर मैराथन दौड़ का आयोजन करवाएंगे।

Priyanka Gandhi
प्रियंका गांधी 
मुख्य बातें
  • उत्तर प्रदेश में महिलाओं को अपने साथ जोड़ने में लगी कांग्रेस
  • प्रियंका ने स्नातक पास करने वाली छात्राओं को स्कूटी और 12 पास छात्राओं को स्मार्टफोन का वादा किया है
  • 2017 में प्रदेश में महिला वोटरों की तादाद 6 करोड़ 44 थी

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस अब मैराथन दौड़ के सहारे महिला वोटरों को रिझाने में लगी है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और उनके रणनीतिकारों ने इसके लिए एक लंबा चौड़ा खाका तैयार किया है। इसके तहत आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में कांग्रेस के वॉलेंटियर मैराथन दौड़ का आयोजन करवाएंगे, जिससे सीधे तौर पर महिलाओं को और लड़कियों को जोड़ने की कोशिश की जाएगी। यूपी कांग्रेस ने राज्यभर में कई मैराथन दौड़ को आयोजित करने की योजना बनाई है। ये मैराथन दौड़ लड़कियों के लिए होंगी। प्रियंका गांधी वाड्रा ने 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' का जो नारा दिया है, मैराथन भी इसी नाम से होगा। इनमें विजेता होने वाली लड़कियों को पुरस्कार के तौर पर स्कूटी और स्मार्टफोन दिया जाएगा।

प्रियंका गांधी वाड्रा प्रतिज्ञा यात्रा के दौरान वादा कर चुकी हैं कि स्नातक पास करने वाली छात्राओं को मुफ्त स्कूटी और 12 पास छात्राओं को मुफ्त स्मार्टफोन दिया जाएगा। अब मैराथन यात्रा के जरिए प्रियंका गांधी और कांग्रेस पार्टी महिला वोटरों में यह विश्वास पैदा करना चाहती है कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो वह अपने वादे को पूरा करेगी। यही वजह है कि विजेताओं को स्कूटी और स्मार्टफोन चुनाव से पहले देकर कांग्रेस अपने वादे की विश्वसनीयता को और बढ़ाना चाहती है।

हर टीम के लिए यह तय किया गया है कि वह 1 दिन में 50 महिलाओं से मुलाकात करेगी। टीम में एक युवा और एक बुजुर्ग महिला शामिल होंगी। इनका काम होगा कि वह महिलाओं और लड़कियों से मुलाकात कर कांग्रेस के द्वारा तय किए गए सिल्कन बैंड को पहने जिस पर न सिर्फ प्रियंका गांधी का नारा होगा बल्कि उस पर प्रियंका गांधी के हस्ताक्षर भी मौजूद होंगे। कांग्रेस ने फिलहाल उत्तर प्रदेश के लिए ऐसे 1 करोड़ सिल्कन बैंड बनाए हैं। इसके अलावा यह 3 महिलाओं से प्रतिज्ञा फॉर्म भी भरवाएंगी और उनसे यह अनुरोध करेंगी कि वह अपने आगे 10 और महिलाओं से एक फॉर्म भरवाए। कांग्रेस की कोशिश है कि उत्तर प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को सीधे राजनीति में आने से जोड़ा जाए।

इस तरह के डोर टू डो कैंपेन के जरिए करीब 3 करोड़ महिला वोटरों पहुंचने का लक्ष्य है। 2017 के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में महिला वोटरों की तादाद 6 करोड़ 44 थी। यूपी कांग्रेस के सूत्रों का कहना है कि पार्टी ने 3 करोड़ महिला वोटरों तक पहुंचने की रणनीति इस आधार पर बनाई है क्योंकि  2017 के चुनाव में 3 करोड़ 10 लाख महिला वोटरों ने वोट किया था। इनमें 1.60 करोड़ वोटर 18 से 40 की आयु के थे। आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को 10 हजार रुपए मासिक मानदेय और प्रतिमाह 1000 रुपए वृद्धा पेंशन के वायदे के जरिए कांग्रेस महिलाओं के बीच अपनी पैठ बनाने की कोशिश में है।  

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर