उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, MP, झारखंड और पंजाब से कई का राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुनाव, ये हैं नाम

Rajya Sabha: छत्तीसगढ़ में सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन शुक्रवार को राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुन लिए गए।

aap
पंजाब से AAP के दोनों उम्मीदवार चुने गए 

मध्य प्रदेश से कांग्रेस के विवेक तन्खा और बीजेपी की सुमित्रा वाल्मीकि, कविता पाटीदार राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुनी गईं हैं। छत्तीसगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। झारखंड से झामुमो प्रत्याशी महुआ माजी, भाजपा के आदित्य साहू राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए हैं। इसके अलावा पंजाब से प्रसिद्ध पर्यावरणविद् बलबीर सिंह सीचेवाल, उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ता विक्रमजीत सिंह साहनी राज्यसभा के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार के रूप में निर्विरोध चुने गए हैं।

छत्तीसगढ़ के पांच राज्यसभा सदस्यों में से दो छाया वर्मा (कांग्रेस) और रामविचार नेताम (भाजपा) का कार्यकाल इस महीने समाप्त हो रहा है। राज्य के तीन अन्य राज्यसभा सदस्य कांग्रेस से केटीएस तुलसी और फूलोदेवी नेताम तथा भाजपा से सरोज पांडेय हैं। उत्तर प्रदेश के रहने वाले व पत्रकारिता से राजनीति में आए 63 वर्षीय शुक्ला इससे पहले तीन बार राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं। रंजन बिहार से पूर्व लोकसभा सांसद हैं। रंजन के निर्विरोध चुन लिए जाने बाद अब राज्य से तीन महिला राज्यसभा सदस्य हो गई हैं।

भाजपा राज्य सभा चुनाव से साध रही है कई समीकरण, जानें रणनीति

उत्तर प्रदेश की खाली हो रही 11 राज्यसभा सीटों के लिए सत्तारूढ़ भाजपा के आठ उम्मीदवारों तथा समाजवादी पार्टी (सपा) समर्थित कपिल सिब्बल, राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) प्रमुख जयंत चौधरी और सपा के एक और उम्मीदवार को शुक्रवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से शुक्रवार को यहां जारी एक बयान में बताया कि 11 सीटों के सापेक्ष 11 नामांकन पत्र वैध पाये गए। 

राज्यसभा के उम्मीदवार की घोषणा से पहले सोनिया गांधी-आजाद के बीच क्या हुई थी बात?

आंध्र प्रदेश से राज्यसभा के लिए हुए द्विवार्षिक चुनाव में वाईएसआर कांग्रेस (वाईएसआरसी) के चार प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। निर्वाचित उम्मीदवारों में वी. विजयसाई रेड्डी, बी. मस्तान राव, आर. कृष्णैया और एस. निरंजन रेड्डी शामिल हैं। राज्यसभा में अब वाईएसआर कांग्रेस के सदस्यों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।

यहां-यहां हुए निर्वाचित

उत्तर प्रदेश में सभी 11, तमिलनाडु में छह, बिहार में पांच, आंध्र प्रदेश में चार, मध्य प्रदेश और ओडिशा में तीन-तीन, छत्तीसगढ़, पंजाब, तेलंगाना और झारखंड में दो-दो और उत्तराखंड में एक उम्मीदवार बिना किसी मुकाबले के निर्वाचित हुए। अब महाराष्ट्र की छह, राजस्थान और कर्नाटक की चार-चार और हरियाणा की दो सीट के लिए 10 जून को चुनाव होंगे। उसी दिन परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। बिहार के सभी पांच उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए, जिनमें मीसा भारती और फैयाज अहमद (राजद), सतीश चंद्र दुबे और शंभू शरण पटेल (भाजपा) और खीरू महतो (जेडीयू) शामिल हैं।

राजस्थान और हरियाणा में मुकाबला

इस बीच, राजस्थान की चार और हरियाणा की दो सीट के लिए कड़ा मुकाबला होना तय है क्योंकि अंतिम दिन किसी भी उम्मीदवार ने अपनी उम्मीदवारी वापस नहीं ली। कांग्रेस राजस्थान में तीन सीट की उम्मीद कर रही है, जबकि भाजपा एक सीट से ही चुनाव लड़ रही है, चौथी सीट के लिए भाजपा निर्दलीय और मीडिया कारोबारी सुभाष चंद्र का समर्थन कर रही है। हरियाणा में कांग्रेस ने एक सीट पर अजय माकन को और भाजपा ने खुद का एक उम्मीदवार मैदान में उतारा है, जबकि दूसरी सीट के लिए भाजपा एक अन्य निर्दलीय उम्मीदवार और मीडिया कारोबारी कार्तिकेय शर्मा का समर्थन कर रही है।

(भाषा के इनपुट के साथ)

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर