तमिलनाडु में कोरोना के मामले 1 लाख से ऊपर, महाराष्ट्र के बाद बना दूसरा राज्य

देश
लव रघुवंशी
Updated Jul 04, 2020 | 07:22 IST

Coronavirus in Tamil Nadu: तमिलनाडु में कोरोना वायरस के मामले 1 लाख से ऊपर पहुंच गए हैं। इस मामले में तमिलनाडु महाराष्ट्र के बाद दूसरे स्थान पर है। दिल्ली तीसरे नंबर पर है।

Coronavirus
तमिलनाडु में तेजी से फैला कोरोना वायरस  |  तस्वीर साभार: AP
मुख्य बातें
  • देश में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 6,25,544 हो गए हैं
  • पहले नंबर पर महाराष्ट्र है, यहां कुल मामले 1,92,990 हो गए हैं
  • महाराष्ट्र और तमिलनाडु के बाद दिल्ली तीसरे नंबर पर है, यहां कुल मामले 94,695 हो गए हैं

नई दिल्ली: महाराष्ट्र के बाद तमिलनाडु देश का दूसरा राज्य बन गया है, जहां कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 1 लाख पार पहुंच गई है। शुक्रवार को राज्य में 4329 नए मामले आए। इसके बाद कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1,02,721 हो गई है। हालांकि अच्छी बात है कि राज्य में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 58,378 हो गई है। प्रदेश में 42,955 लोगों का इलाज चल रहा है। तमिलनाडु में कोरोना से कुल 1385 जानें गई हैं। 

इसमें से अकेले चेन्नई में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 64,689 हो गई है। यहां 996 लोगों की मौत हुई है। तमिलनाडु में अब तक 12,70,720 नमूनों की जांच की जा चुकी है। 

'कम्यूनिटी ट्रांसमिशन नहीं'

गुरुवार को तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री सी विजयबास्कर ने राज्य में कम्यूनिटी ट्रांसमिशन से इनकार किया और कहा कि राज्य सरकार हमेशा पारदर्शी रही है और जनता के सामने कोविड-19 के सभी प्रकार के आंकड़ों को रखा है। उन्होंने कहा, 'कोई कम्यूनिटी ट्रांसमिशन नहीं है। केवल इंडियन मेडिकल काउंसिल ऑफ रिसर्च (ICMR) ही यह घोषणा कर सकती है कि कम्यूनिटी ट्रांसमिशन है या नहीं। पहले से ही सर्वेक्षणों के आधार पर यह कहा गया है कि कोई कम्यूनिटी ट्रांसमिशन नहीं है।'

कोरोना के मामलों की बात करें तो पहले नंबर पर महाराष्ट्र है। यहां कुल मामलों की संख्या 1,92,990 हो गई है। 1,04,687 ठीक हो चुके हैं, 79,927 का इलाज चल रहा है। राज्य में कोरोना से अब तक 8,376 जानें जा चुकी है।  

तीसरे नंबर पर दिल्ली

वहीं तमिलनाडु के बाद दिल्ली का नंबर है। यहां कोरोना के कुल मामले बढ़कर 94,695 हो गए हैं। वहीं मृतकों की संख्या बढ़कर 2,923 हो गई है। दिल्ली में 65,624 मरीज कोरोना से ठीक हो चुके हैं, जबकि 26,148 का इलाज चल रहा है।

रिकवरी रेट 60% से अधिक

देश की बात करें तो भारत में कोविड-19 के मामले बढ़कर शुक्रवार को 6,25,544 हो गए। वहीं इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 18,213 हो गई है। अभी तक 3,79,892 मरीज ठीक हो गए हैं, जबकि 2,27,439 का इलाज चल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में कोरोना वायरस रोगियों के सही होने की दर 60 प्रतिशत से अधिक हो गई है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर