देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 5 लाख के पार, भारत सर्वाधिक मौतों वाला तीसरा देश

देश
भाषा
Updated Feb 04, 2022 | 19:07 IST

देश और दुनिया में कोरोना कहर जारी है। भारत में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या  5 लाख के पार कर गई। भारत सर्वाधिक मौतों के मामले में भारत दुनिया में तीसरा देश हो गया है।

Death toll from corona in country crosses 5 lakh, India is third country with the most deaths
कोविड-19 से मरने वालों की संख्या बढ़ी  |  तस्वीर साभार: BCCL
मुख्य बातें
  • देश में कोविड मौतों का आंकडा 5,00,055 पर पहुंच गया।
  • चार लाख से बढ़कर 5 लाख होने में 217 दिन लगे।
  • दूसरी लहर के दौरान एक माह से भी कम समय में एक लाख लोगों की मौत हुई।

नई दिल्ली : भारत में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या गुरुवार को 5 लाख के आंकड़े को पार कर गई। इसके साथ ही भारत सर्वाधिक मौतों के मामले में अमेरिका और ब्राजील के बाद तीसरा देश बन गया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी आंकड़े के अनुसार, देश में कोविड मौतों का आंकडा 5,00,055 पर पहुंच गया। भारत में कोरोना संक्रमण से मौतों की संख्या चार लाख से बढ़कर पांच लाख होने में 217 दिन लगे। गत वर्ष एक जुलाई को मौतों का आंकड़ा चार लाख था।

देश में कोरोना मरीजों की मौत का आंकड़ा गत वर्ष 27 अप्रैल को दो लाख पर पहुंचा था जब दूसरी लहर के दौरान एक माह से भी कम समय में एक लाख और मरीजों की मौत हो गयी थी। पिछले साल 23 मई को कोरोना संक्रमितों की मौत का आंकड़ा तीन लाख पर पहुंच गया था। गौरतलब है कि कोविड-19 से मौतों का आंकड़ा दो अक्टूबर 2020 को एक लाख को पार कर गया था।

अमेरिका में सर्वाधिक 9.2 लाख मरीजों की जान इस संक्रामक बीमारी के कारण गई है, जबकि 6.3 लाख मौतों के साथ ब्राजील दूसरे स्थान पर है। सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा था कि देश में कोरोना महामारी की स्थिति में सुधार हुई है। इसने कहा था कि कुछ राज्य और जिले चिंता का विषय जरूर हैं लेकिन मोटे तौर पर कोविड-19 के संक्रमण में कमी आई है।

मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और गुजरात सहित 34 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आई है, जबकि केरल और मिजोरम चिंता का विषय हैं।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर