Delhi Violence: अमित शाह का केरल दौरा रद्द-परीक्षाएं टालीं-सीमाएं सील, यहां पढ़ें 10 बड़े अपडेट

देश
लव रघुवंशी
Updated Feb 25, 2020 | 23:18 IST

North East Delhi Violence: उत्तर पूर्वी दिल्ली में हिंसा को देखते हुए उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए गए हैं। सीबीएसई ने जिले में परीक्षाएं टाल दी हैं। अमित शाह ने केरल दौरा रद्द कर दिया है।

Delhi Violence
दिल्ली में हिंसा  |  तस्वीर साभार: AP
मुख्य बातें
  • दिल्ली में फैली हिंसा को लेकर कई अफवाह उड़ रही हैं। गृह मंत्रालय और पुलिस ने लोगों से उन पर भरोसा न करने को कहा है
  • गृह मंत्री अमित शाह ने गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के साथ करीब 3 घंटे लंबी बैठक की है
  • आईपीएस अधिकारी श्रीवास्तव को दिल्ली पुलिस का विशेष आयुक्त नियुक्त किया गया

नई दिल्ली: उत्तर पूर्वी दिल्ली में भड़की हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। मृतकों की संख्या 13 पहुंच चुकी है। घायलों की संख्या भी 180 से ज्यादा है। अब उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए गए हैं। सीबीएसई ने उत्तर पूर्वी दिल्ली में बुधवार को आयोजित होने वाली कक्षा 10वीं, 12वीं की परीक्षाएं टाल दी हैं। इसके अलावा उत्तर पूर्वी दिल्ली में निजी और सरकारी स्कूल बुधवार को भी बंद रहेंगे। 

यहां पढ़ें हिंसा को लेकर अब तक के 10 बड़े अपडेट:

  1. डीसीपी नॉर्थ वेस्ट, दिल्ली ने कहा, 'अशोक विहार इलाके में एक मस्जिद को नुकसान पहुंचाने के बारे में कुछ गलत सूचना/समाचार प्रसारित किए गए हैं। यह स्पष्ट करना है कि अशोक विहार के क्षेत्र में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। कृपया झूठी जानकारी न फैलाएं।' उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश।
  2. उत्तर पूर्वी दिल्ली में बुधवार को भी निजी और सरकारी स्कूल बंद रहेंगे। दिल्ली के शिक्षा मंत्री सिसोदिया ने कहा कि स्कूलों ने सभी आंतरिक परीक्षाएं टाल दी है। सीबीएसई ने उत्तर पूर्वी दिल्ली में बुधवार को आयोजित होने वाली कक्षा 10वीं, 12वीं की परीक्षाएं टाली, बाकी इलाके में तय कार्यक्रम के मुताबिक परीक्षाएं होंगी।
  3. गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में हिंसा को लेकर तिरुवनंतपुरम की अपनी यात्रा रद्द कर दी है। उन्हें पद्म विभूषण पी परमेस्वरनजी के लिए प्रार्थना सभा में भाग लेने के लिए केरल जाना था।
  4. उत्तर पूर्वी दिल्ली से जुड़ी तीन सीमाओं को सील कर दिया गया है और गाजियाबाद में बार और पब को बंद कर दिया गया है। लाल बाग, लोनी के डीएलएफ किनारे वाले रोड और साहिबाबाद के तुलसी निकेतन सीमा पर बैरिकेड लगा दिए गए हैं।
  5. IPS एसएन श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से दिल्ली पुलिस में विशेष आयुक्त (कानून और व्यवस्था) के रूप में नियुक्त किया गया है। दिल्ली के पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक ने कहा, 'कुछ समाचार एजेंसी ने खबर चलाई कि दिल्ली पुलिस ने कहा कि उसे गृह मंत्रालय से पर्याप्त बल नहीं मिला है, यह जानकारी गलत है। MHA लगातार हमारा समर्थन कर रहा है और हमारे पास पर्याप्त बल हैं। दिल्ली पुलिस इससे पूरी तरह इनकार करती है।'
  6. भाजपा नेता कपिल मिश्रा के भाषण पर दिल्ली पुलिस क पीआरओ एमएस रंधावा ने कहा, 'यह जांच के तहत है, हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता स्थिति को नियंत्रित करना है। हम उन सभी एफआईआर की जांच करेंगे जो दर्ज की गई हैं और अगर कोई मुख्य साजिशकर्ता पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी। 11 FIR दर्ज की गई हैं और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।'
  7. नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों ने जाफराबाद मेट्रो स्टेशन सड़क खाली किया। लोगों ने शनिवार रात से धरना शुरू किया था। करावल नगर में अर्धसैनिक बलों पर एसिड फेंका गया। लक्ष्मी नगर से भी हिंसा की खबरें आईं, पथराव हुआ। यहां दुकानें बंद हो गईं। 
  8. गृह मंत्री अमित शाह ने लंबी बैठक की हैं, जो दिल्ली पुलिस और गृह मंत्रालय के अधिकारियों के साथ लगभग 3 घंटे तक चली। नवनियुक्त विशेष पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव भी बैठक में शामिल हुए। 24 घंटे से कम समय में गृह मंत्री की अध्यक्षता में ये तीसरी बैठक थी।
  9. दिल्ली पुलिस के पीआरओ एमएस रंधावा ने बताया, 'हिंसा में 56 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। हेड कांस्टेबल रतन लाल की जान गई है। डीसीपी शाहदरा को भी सिर में चोट लगी है। 130 नागरिक घायल हुए हैं।
  10. शांति समितियों के सदस्यों ने दिल्ली पुलिस के आलाकमान से मुलाकात की। उन्होंने जाफराबाद में महिला प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त करने को कहा और सड़क खोलने की अपील की।

 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर