दिल्ली कोरोना वायरस समाचार,2 अप्रैल: दिल्ली में कोविड-19 के 219 केस, इनमें 108 लोग मरकज के

देश
रामानुज सिंह
Updated Apr 02, 2020 | 17:24 IST

Delhi Coronavirus Latest News UPDATES 02 April: पूरे देश समेत दिल्ली में भी कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। यहां पढ़ें दिल्ली की पल-पल की खबरें।

Delhi Corona News in Hindi, Delhi Lockdown Day 9
कोरोना मामले पर दिल्ली के अपडेट्स   |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • देश भर में संक्रमितों की संख्या 2000 के करीब पहुंच गई है
  • दिल्ली में कुल संक्रमितों की संख्या 152 हो गई है
  • दिल्ली में संक्रमितों में 53 लोग वह हैं जो दक्षिणी दिल्ली के निजामुद्दीन में पिछले महीने निजामुद्दीन मरकज में शामिल हुए थे

नई दिल्ली : कोरोना वायरस को रोकने के लिए लॉकडाउन के दौरान पूरे देश में अभियान तेज हो गया है। जबकि संक्रमितों की संख्या 2000 के करीब पहुंच गई है। वहीं दिल्ली की बात करें तो  कुल संक्रमितों की संख्या 152 हो गई है। इनमें 53 लोग वह हैं जो दक्षिणी दिल्ली के निजामुद्दीन में पिछले महीने आयोजित धार्मिक कार्यक्रम मरकज में शामिल हुए थे। 6 संक्रमितों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, 2 संक्रमितों की मौत हो गई और एक विदेश जा चुका है। अधिकारियों ने बताया कि सरकारी अस्पतालों के 3 डॉक्टरों के भी कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। 

कुल केस- 152  डिस्चार्ज/ठीक हुए- 06   मौत-2

यहां पढ़ें दिल्ली में कोरोना वायरस पर 02 अप्रैल को आए समाचार

दिल्ली में कोविड-19 के 219 केस, इनमें 108 लोग मरकज के

केजरीवाल ने बताया कि मरकज निजामुद्दीन से बाहर लाए गए 2346 लोगों में से 1810 लोगों को क्वरंटाइन में रखा गया है जबकि 536 लोगों को शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती किया गया है। सभी 2346 लोगों का टेस्ट किया जा रहा है। इसके चलते राजधानी में आने वाले दिनों में कोविड-19 की संख्या बढ़ सकती है। दिल्ली में अब तक कोविड-19 के 219 केस हैं। इनमें 108 लोग मरकज के हैं। दिल्ली में वायरस से अब तक चार मौत हुई है। इसमें भी दो मरकज के हैं।

ऑटो, टैक्सी, ई-रिक्शा चालकों को 5 हजार रुपए देगी दिल्ली सरकार
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को कहा कि उनकी सरकार सार्वजनिक परिवहन मुहैया कराने वाले ऑटो, टैक्सी, ई-रिक्शा, आरटीवी एवं ग्रामीण सेवा चालकों के बैंक खाते में 5000 रुपए ट्रांसफर करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे लागू होने में एक सप्ताह से 10 दिनों का समय लग सकता है।

मरकज के लोगों ने लॉकडाउन के आदेश का पालन किया- वकील
मुशर्रफ अली खान, तबलीगी जमात प्रमुख मौलाना मोहम्मद साद के वकील ने कहा कि लॉकडाउन के आदेश का पालन करते हुए सभी लोग जहां थे वहीं रुक गए थे। 25 तारीख को लिखित में थाने में एक एप्लिकेशन दी गई जिसमें मरकज से गए और रुके लोगों की पूरी लिस्ट थी। वहां रुके लोगों को निकलवाने की परमिशन मांगी गई थी। मरकज में 365 दिन 24 घंटे 4-5 हजार लोग रोजाना आते हैं और रोज वहां से जाते हैं। यहां से जमात बनकर पूरे मुल्क में जाती है और मुसलमान समाज में फैली सामाजिक बुराइयों को दूर करने का काम करती है। ये लोग मस्जिदों में रहते हैं,टीवी नहीं देखते हैं,अखबार नहीं पढ़ते हैं।

'तबलीगी जमात के लोगों का आगे आना चाहिए'
मुशर्रफ अली खान, तबलीगी जमात के प्रमुख मौलाना मोहम्मद साद के वकील ने कहा कि तबलीगी जमात (दिल्ली) का दौरा करने वाले लोगों को आगे आना चाहिए और अपने बारे में अधिकारियों को बताना चाहिए। जिम्मेदार नागरिक के तौर पर प्रशासन की मदद करना और उनके आदेश का पालन करना हमारा कर्तव्य है। उधर उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने गुलाबी बाग और प्रताप नगर इलाके को सेनिटाइज किया गया। 

एम्स के डॉक्टर कोरोना वायरस से हुए संक्रमित 
एम्स सूत्र ने बताया कि दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS)के फिजियोलॉजी विभाग के एक डॉक्टर कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। उन्हें आगे के कई परीक्षण के लिए नए निजी वार्ड में भर्ती कराया गया है। उनके परिवार की भी जांच होगी।
मरकज वाले स्थान को किया जा रहा है सेनिटाइज
निजामुद्दीन में पुलिस कर्मी सेनिटाइजेशन का काम कर रहे हैं। यहां पर तबलीगी जमात ने एक धार्मिक आयोजन किया था जिसमें कुछ लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। 

152 केस में 53 केस मरकज 
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली में कल शाम तक कोरोना वायरस के 152 केस हैं। इसमें से 53 केस मरकज के हैं। दिल्ली में कल 32 लोगों का आंकड़ा बढ़ा है जिसमें 29 मरकज के थे। दिल्ली में अभी 700 के करीब कोरोना के पुष्ट और संदिग्ध मामले हैं। आज भी काफी लोगों की रिपोर्ट आएगी। 

LNJP में मरकज 188 मरीज 
मरकज मामले पर LNJP अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. किशोर सिंह ने कहा कि अभी हमारे पास 216 मरीज हैं, इनमें से 188 मरीज एक ही ग्रुप से जुड़े हैं (तबलीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल होने वाले)। उनमें से हमें अब तक 24 मरीजों की रिपोर्ट मिली है, इनमें 23 लोग पॉजिटिव हैं।
 
डिस्इंफेक्ट होगी मरकज बिल्डिंग 
महमूद, असिस्टेंट डिविजनल ऑफिसर दिल्ली फायर सर्विस ने कहा कि हमारे डायरेक्टर ने हमें निर्देश दिया है कि मरकज बिल्डिंग को बाहर से डिस्इंफेक्ट (कीटाणुमुक्त) करना है अंदर नहीं जाना है। हमारे पास पानी है एमसीडी वाले इसमें कैमिकल मिक्स करेंगे। हमारे पास 2 गाडियां हैं।

मरकज में शामिल होने वाले  275 विदेशी की पहचान
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और दिल्ली सरकार द्वारा किए गए एक संयुक्त अभियान में, 275 विदेशी नागरिकों (इंडोनेशिया से 172, किर्गिस्तान से 36 और बांग्लादेश से 21) शामिल हैं, जिन्होंने दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में तब्लीगी जमात मण्डली में शिरकत की और उनकी पहचान की गई है।

44 डीटीसी बस ड्राइवरों के खिलाफ FIR
दिल्ली पुलिस ने 29 मार्च को प्रवासी मजदूरों को ले जाने वाले 44 दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) बस ड्राइवरों के खिलाफ FIR दर्ज की। FIR-"बस ड्राइवर, कंडक्टर और DIIMTS के प्रमुख (दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टी-मोडल ट्रांजिट सिस्टम) सीके गोयल और अन्य सरकारी कर्मचारियों ने अपराध किया है। जब डीटीसी बस ड्राइवरों से पूछा गया कि वे यात्रियों को बिना टिकट जारी किए क्यों ले जा रहे हैं, तो उन्होंने कहा, 'ऊपर से ऑर्डर है'

लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर 4,053 लोगों हिरासत में
देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान सरकारी आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में बुधवार को 4,053 लोगों को हिरासत में लिया गया जबकि 200 से ज्यादा मामले दर्ज किए गए। दिल्ली पुलिस से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, बुधवार शाम 5 बजे तक भारतीय दंड संहिता की धारा 188 (सरकारी आदेश का उल्लंघन) के तहत 249 मामले दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि धारा 65 (पुलिस अधिकारियों के तर्कपूर्ण निर्देशों का पालन करने संबंधी) में 4,053 लोगों को हिरासत में लिया गया है जबकि 515 वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान आवाजाही के लिए बुधवार को कुल 1,022 पास जारी किए गए हैं।


 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर