आतंकियों की गंगोत्री है देवबंद, यहां पैदा होते हैं हाफिज सईद: गिरिराज सिंह

Giriraj Singh controversial statement on Deoband: एक बार फिर विवादित बयान देते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने देवबंद को आतंकवादी पैदा करने वाली फैक्ट्री कहा है।

Giriraj singh bccl
गिरिराज सिंह (फाइल फोटो)  |  तस्वीर साभार: BCCL

नई दिल्ली: अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता गिरिराज सिंह ने एक बार फिर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया है। उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश का देवबंद आतंकी पैदा करने की फैक्ट्री और 'आतंकवाद की गंगोत्री' हैं। सहारनपुर में मीडिया से बात करते हुए गिरिराज ने कहा कि देवबंद हाफिज सईद जैसे आतंकवादी पैदा करता है। सहारनपुर में दारुल उलूम देवबंद स्थित है।

गिरिराज सिंह ने कहा, 'मैंने पहले एक बार कहा था कि देवबंद आतंकवादियों की गंगोत्री है। दुनिया के सभी मोस्ट वांटेड आतंकवादी देवबंद से आए थे, जिनमें हाफिज सईद या अन्य भी शामिल थे।' देवबंद में पिछले कुछ महीनों में मुस्लिम महिलाओं का उग्र सीएए विरोध देखने को मिला है और बीजेपी नेता अब इस पर निशाना साध रहे हैं। देवबंद इस्लामिक मदरसा दारुल उलूम देवबंद का भी घर है।

देवबंद में चल रहे सीएए के विरोध पर हमला करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा, 'ये लोग सीएए के खिलाफ नहीं हैं। ये भारत के खिलाफ हैं। यह एक तरह का खिलाफत आंदोलन है।' इससे पहले गिरिराज सिंह की ओर से शाहीन बाग के बारे में बयान दिया गया था कि यह 'आत्मघाती हमलावर' हमलावर पैदा कर रहा है।

गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया था कि शाहीन बाग में 'आत्मघाती हमलावर' खड़े किए जा रहे हैं। कट्टर हिंदुत्ववादी नेता ने प्रदर्शनकारियों पर निशाना साधने के लिए सोशल मीडिया पर एक महिला के भाषण का वीडियो पोस्ट किया था और कहा था कि बच्चों के दिमाग में जहर भरा जा रहा है।

बीजेपी नेता ने आरोप लगाया था कि शाहीन बाग का विरोध अब आंदोलन नहीं है। यहां आत्मघाती हमलावरों का एक समूह खड़ा किया जा रहा है और देश के खिलाफ साजिश रची जा रही है। गौरतलब है कि गिरिराज सिंह अपनी सांप्रदायिक और विवादित टिप्पणियों के लिए अक्सर सुर्खियों में रहते हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर