धाकड़ EXCLUSIVE : ममता बनर्जी ने ली कांग्रेस की 'सुपारी', ये है 'ऑल इंडिया प्लान'?

ममता बनर्जी ने 2024 की तैयारी में जुट गई है। कांग्रेस छोड़ टीएमसी में शामिल होने वालों का तांता लग गया है। विपक्ष का चेहरा बनने के लिए  युद्ध स्तर पर कोशिश कर रही हैं। यहां देखिए धाकड़ EXCLUSIVE...

Dhakad EXCLUSIVE: Mamata Banerjee took the 'supari' of Congress, this is 'All India Plan'?
धाकड़ EXCLUSIVE में जानिए क्या है टीएमसी का प्लान 
मुख्य बातें
  • ममता का जय बांग्ला 2024 में जय भारत? 
  • TMC में शामिल होने की कांग्रेस में होड़
  • 2024 में मोदी Vs राहुल या ममता?

Dhakad Exclusive : 'मैं नहीं जानती 2024 में क्या होगा? लेकिन इसके लिए अभी से तैयारियां करनी होंगी। हम जितना समय नष्ट करेंगे, उतनी ही देरी होगी। बीजेपी के खिलाफ तमाम दलों को मिल कर एक मोर्चा बनाना होगा' 21 जुलाई 2021 को ममता बनर्जी ने एक वर्चुअल संबोधन में ये ऐलान किया था और अब पिछले एक हफ्ते की बात करें तो ऐसा लगता है कि ममता बनर्जी अपने ऐलान को अमल में लाने की युद्ध स्तर पर कोशिश कर रही हैं और उनकी कोशिश कामयाब होती भी दिख रही है। 2024 में क्या होता है ये कहना जरा जल्दबाजी होगी लेकिन आज की स्थिति से एक संदेश साफ है कि ममता बनर्जी ने कांग्रेस की सुपारी ले ली है। उत्तरपूर्व के राज्य मेघालय में कांग्रेस में सुनामी आ गई है। मेघालय कांग्रेस के 17 में से 12 कांग्रेस विधायकों ने कांग्रेस का हाथ छोड़ दिया और ममता बनर्जी का दामन थाम लिया है। इन 12 कांग्रेस विधायकों में सबसे बड़ा नाम मेघालय के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता मुकुल संगमा का है। आप यहां धाकड़ EXCLUSIVE में विस्तार जान सकते हैं।

मुकुल संगमा ने कहा कि ये बात ठीक है कि मेघालय छोटा राज्य है। वहां की राजनीतिक उठा-पटक का बहुत अधिक प्रभाव दिल्ली तक नहीं दिखाई देता लेकिन ममता बनर्जी की राजनीतिक रेस दिल्ली तक दिखाई देने लगी है। ममता बनर्जी अभी दो दिन दिल्ली में ही थीं। 

जय बांग्ला कहने वाली ममता दीदी के अब तो नारे भी बदलने लगे हैं। ममता बनर्जी के ऑल इंडिया प्लान की झलक उनके नारों में भी दिखने लगी है। जय हरियाणा, जय गोवा और 2024 में जय भारत, ममता बनर्जी का ऑल इंडिया प्लान यही है और उसके लिए ममता बनर्जी पूरे भारत में अपनी पार्टी में मैन पावर बढ़ाने में लगी हैं और यकीन मानिए कांग्रेस का वो बड़ा नुकसान कर रही है। ऐसा लग रहा है कि मोदी के कांग्रेस मुक्त भारत के संकल्प को ममता बनर्जी ने अपना लिया है। आप देश के नक्शे पर समझिये कि ममता बनर्जी कहां कहां से अपनी पार्टी में रिक्रूटमेंट कर रही हैं।

त्रिपुरा और गोवा में चुनाव की तैयारी कर रही हैं

गोवा में कांग्रेस के विकल्प के रूप में TMC को पेश कर रही हैं। उनका फोकस 15 राज्यों में संगठन को मजबूत बनाने में है और अंतिम लक्ष्य 2024 से पहले कांग्रेस को मुख्य विपक्ष के स्थान से रिप्लेस करना है। जिसका एक ही रास्ता है। कांग्रेस में तोड़-फोड़ और इसका अहसास तो अब कांग्रेस को भी हो गया है और बौखलाई कांग्रेस ने इशारों में ममता बनर्जी को बीजेपी की टीम B कह दिया। अधीर रंजन चौधरी कहते हैं कि ममता बनर्जी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इशारे पर कांग्रेस को तोड़ने में लगी हैं।

ममता बनर्जी और कांग्रेस का टकराव अब जगजाहिर है

ममता बनर्जी दो दिन दिल्ली में रहीं। मोदी के खिलाफ विपक्ष को लामबंद कर रही थीं लेकिन वो विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से नहीं मिली। सवाल पूछा गया, तो मन का उद्गार निकला।

ममता बनर्जी ने 2024 की तैयारी के मद्देनजर दोतरफा मोर्चा खोल दिया है। पहला मोर्चा बीजेपी के खिलाफ और दूसरा कांग्रेस के खिलाफ वो विपक्ष की नेता बनने के लिए सोनिया गांधी और राहुल गांधी को विपक्ष की सीट से हटा देना चाहती हैं और फिलहाल ममता बनर्जी पूरा जोर इसी में लगा रही हैं। तो आइये हम आपको ममता बनर्जी की मौजूदा शक्ति भी बता देते हैं।

  1. फिलहाल ममता बनर्जी की TMC के 22 लोकसभा सांसद हैं और राज्यसभा सांसद 11 हैं।
  2. संसद में TMC चौथी सबसे बड़ी पार्टी है...नंबर 1 बीजेपी, नंबर 2 कांग्रेस, नंबर 3 DMK और चौथे नंबर पर TMC है।
  3. अब अगर 8 राष्ट्रीय पार्टियों की बात करें तो वो हैं- बीजेपी, कांग्रेस, BSP, CPI, CPM, NCP, NPP और ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस

ममता बनर्जी का जनाधार भी कम नहीं है

देश भर में बीजेपी के 1432 विधायक हैं। कांग्रेस के 764 और TMC के 224 विधायक हैं।

इसका मतलब ये हुआ कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों में मोदी वर्सेज राहुल की जगह मोदी वर्सेज ममता हो जाए तो हैरानी नहीं होगी।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर