दिग्विजय सिंह का नरोत्तम मिश्रा पर बड़ा आरोप, बोले- कांग्रेस वर्कर को जेल में दिया गया था सीवर का पानी

कांग्रेस ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ लगातार बदले की भावना से झूठे मामले दर्ज किये जा रहे है। पार्टी ने इसके लिए एक कमेटी बनाई है।

Digvijay Singh claims Cong worker was given sewage in jail at behest of Narottam Mishra
जेल में कांग्रेस वर्कर को दिया सीवर का पानी- दिग्विजय सिंह 
मुख्य बातें
  • दतिया में कांग्रेस कार्यकर्ता को जेल में पिलाया सीवेज का पानी- दिग्विजय सिंह
  • कांग्रेस बोली- सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं से राजनैतिक दुश्मनी निकाल रही है.
  • दिग्गी बोले- दतिया में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गये हैं

भोपाल: वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शनिवार राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए। दिग्विजय सिंह ने कहा कि नरोत्तम मिश्रा के इशारे पर दतिया में सबसे ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि एक ब्राह्मण कांग्रेस कार्यकर्ता को जेल में सीवेज पिलाया गया। मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने राज्य में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के खिलाफ चल रही कानूनी कार्रवाई एवं दर्ज किये जा रहे प्रकरणों के संबंध में 'प्रशासनिक अत्याचार प्रतिरोध समिति' का गठन किया है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को किया जा रहा है प्रताड़ित

समिति की पहली बैठक प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सभागार में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार राजनीतिक दुश्मनी के चलते कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। 

दिग्विजय सिंह का बीजेपी पर आरोप, गरीब मुसलमानों के बच्चों को पैसे देकर कराते हैं पथराव

कांग्रेस ने बनाई कमेटी

उन्होंने कहा, 'यह खुशी की बात है कि कमलनाथ ने समिति का गठन किया है। भाजपा सरकार में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं। हमारी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने निष्पक्षता की शपथ ली थी लेकिन पक्षपातपूर्ण तरीके से कार्रवाई की जा रही है। सरकारी कर्मचारी और प्रशासन संविधान के खिलाफ काम कर रहे हैं। पुलिस न्याय और कानून के खिलाफ काम कर रही है और मामले दर्ज करने में सरकार की मदद कर रही है। दतिया जिले में 50 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए गए थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जेल में प्रताड़ित किया जा रहा है।'

नरोत्तम मिश्रा पर आरोप

उन्होंने आरोप लगाया कि गृह मंत्री के इशारे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जेल में प्रताड़ित किया जा रहा है। दिग्विजय सिंह ने कहा, 'गृह मंत्री के क्षेत्र दतिया जिले में सबसे ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है। नरोत्तम मिश्रा के कहने पर एक ब्राह्मण कार्यकर्ता को जेल में सीवेज पिलाया गया।' सिंह ने आगे कहा कि कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल इस संबंध में एक रिपोर्ट तैयार कर पूर्व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात करेगा। उन्होंने कहा, 'हमारा शिव पुराण शुरू हो गया है। हम मुख्यमंत्री के बारे में जेपी नड्डा से शिकायत करेंगे।'

विवादित ट्वीट पर चार और केस के बाद बोले दिग्विजय सिंह, एक लाख केस करें फर्क नहीं पड़ता

बीजेपी का पलटवार

इस बीच, भाजपा मंत्री रजनीश अग्रवाल ने दिग्विजय सिंह के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'दिग्विजय सिंह की पार्टी कोई विश्वसनीयता नहीं बची है। वह झूठे आरोप लगाने, झूठे तथ्य पेश करने और भड़काऊ बातें कहने में माहिर हैं। इसलिए, इस तरह के आरोपों का कोई मतलब नहीं है। अगर किसी कांग्रेस कार्यकर्ता के खिलाफ ऐसी बात है, तो अदालत जाएं, जिससे सब कुछ साफ हो जाएगा।' अग्रवाल ने आगे कहा कि उनकी पार्टी बीजेपी बदला लेने के लिए कोई कार्रवाई नहीं करती और न ही वह इस तरह की हरकतों के पक्ष में है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर