द्रौपदी मुर्मू आज लेंगी राष्ट्रपति पद की शपथ, जानिए कब कहां और कैसे जाएंगी, उनके दिन भर का कार्यक्रम

द्रौपदी मुर्मू आज (25 जुलाई) को देश के राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगी। भारत के चीफ जस्टिस एनवी रमण उन्हें संसद के सेंट्रल हॉल में सुबह 10.15 बजे शपथ दिलाएंगे। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 25 जुलाई कार्यक्रम इस प्रकार है।

Droupadi Murmu will take oath as President on July 25, 2022, Know when, where and how they will go, their day-long program
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शपथग्रहण 25 जुलाई को 

नई दिल्ली : नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) आज (25 जुलाई) देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की शपथ लेंगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि समारोह आज सुबह करीब सवा 10 बजे संसद के सेंट्रल हॉल में होगा। नई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह 10.15 बजे संसद के सेंट्रल हॉल में राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगी। जहां भारत के चीफ जस्टिस एनवी रमण उन्हें राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगे। गृह मंत्रालय ने कहा कि इसके बाद उन्हें 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। इसके बाद राष्ट्रपति का संबोधन होगा।

नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) का 25 जुलाई का कार्यक्रम इस प्रकार है:-  

  • द्रोपदी मुर्मू अपने अस्थायी आवास उमा शंकर दीक्षित लेन से राजघाट के लिए सुबह 08.15 बजे प्रस्थान करेंगी।
  • मुर्मू सुबह 08.30 बजे राजघाट पहुंचेंगी।
  • मुर्मू सुबह करीब 08.40 बजे अपने आवास पर लौट आएंगी।
  • मुर्मू सुबह 09:22 बजे राष्ट्रपति भवन पहुंचेंगी।
  • बारिश नहीं हुई तो सुबह 09:42 बजे राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में समारोह आयोजित किया जाएगा।
  • मुर्मू राष्ट्रपति भवन के प्रांगण से औपचारिक राष्ट्रपति के काफिले में सुबह 09:50 बजे रवाना होंगी।
  • मुर्मू सुबह 10 बजे तक संसद भवन के गेट 5 पर पहुंचेंगी।
  • मुर्मू को पीएम, लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति केंद्रीय हॉल तक ले जाएंगे।
  • मुर्मू के वहां पहुंचते ही सेंट्रल हॉल में राष्ट्रगान बजाया जाएगा।
  • शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10.15 बजे शुरू होगा। मुर्मू को भारत के मुख्य न्यायाधीश शपथ दिलाएंगे।
  • शपथ लेने के बाद डी मुर्मू शपथ रजिस्टर में हस्ताक्षर करेंगी।
  • राष्ट्रपति मुर्मू सुबह 10.23 बजे सेंट्रल हॉल में सभा को संबोधित करेंगी।
  • मुर्मू सुबह 10.57 बजे औपचारिक जुलूस के साथ राष्ट्रपति भवन लौटेंगी।
  • यदि 25 जुलाई को बारिश होती है, तो राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में प्लांड औपचारिक समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा।

समारोह से पहले, निवर्तमान राष्ट्रपति और निर्वाचित राष्ट्रपति संसद पहुंचेंगे। उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मंत्रिपरिषद के सदस्य, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, राजनयिक मिशनों के प्रमुख, संसद सदस्य और सरकार के प्रमुख असैन्य एवं सैन्य अधिकारी समारोह में शामिल होंगे। संसद के सेंट्रल हॉल में समारोह के समापन पर राष्ट्रपति, राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना होंगी, जहां उन्हें एक इंटर-सर्विस गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा और निवर्तमान राष्ट्रपति का शिष्टाचार सम्मान किया जाएगा।

25 जुलाई को शपथ ग्रहण करने वाली 10वीं राष्ट्रपति होंगी मुर्मू

द्रौपदी मुर्मू 25 जुलाई को शपथ लेने वाली देश की 10वीं राष्ट्रपति होंगी। रिकॉर्ड दर्शाते हैं कि वर्ष 1977 से लगातार राष्ट्रपतियों ने इस तिथि (25 जुलाई) को शपथग्रहण की है। भारत के पहले राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद ने 26 जनवरी 1950 को शपथ ली थी। 1952 में उन्होंने पहला राष्ट्रपति चुनाव जीता। राजेंद्र प्रसाद ने दूसरा राष्ट्रपति चुनाव भी जीता और मई 1962 तक इस पद पर रहे।

सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने 13 मई, 1962 को राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली और वह 13 मई, 1967 तक इस पद पर रहे। दो राष्ट्रपति-जाकिर हुसैन और फखरुद्दीन अली अहमद-अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सके क्योंकि उनका निधन हो गया था।

भारत के छठे राष्ट्रपति नीलम संजीव रेड्डी ने 25 जुलाई 1977 को शपथ ली। तब से 25 जुलाई को ज्ञानी जैल सिंह, आर. वेंकटरमण, शंकर दयाल शर्मा, के.आर. नारायणन, ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, प्रतिभा पाटिल, प्रणब मुखर्जी और रामनाथ कोविंद ने इसी तिथि को राष्ट्रपति पद की शपथ ली।

सबसे कम उम्र की राष्ट्रपति 

64 साल की द्रोपदी मुर्मू ने गुरुवार को विपक्षी दलों के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराकर इतिहास रच दिया। मुर्मू ने निर्वाचक मंडल सहित सांसदों और विधायकों के 64 प्रतिशत से अधिक वैध वोट प्राप्त किए और भारी मतों के अंतर से चुनाव जीता। वह देश की 15वीं राष्ट्रपति बनेंगी। मुर्मू को सिन्हा के 3,80,177 वोटों के मुकाबले 6,76,803 वोट मिले। वह आजादी के बाद पैदा होने वाली पहली और शीर्ष पद पर काबिज होने वाली सबसे कम उम्र की राष्ट्रपति होंगी। वह राष्ट्रपति बनने वाली दूसरी महिला भी हैं।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर