द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव जीता, मिले 64% से अधिक मत, यशवंत सिन्हा को मिले 380177 वोट

राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने 64 फीसदी से अधिक मत प्राप्त कर विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को भारी अंतर से हरा दिया।

Droupadi Murmu won the presidential election, got more than 64 percent votes, Yashwant Sinha got 380177 votes
द्रौपदी मुर्मू ने जीता राष्ट्रपति चुनाव 

नई दिल्ली : राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की शानदार जीत हुई। उन्होंने गुरुवार (21 जुलाई) को कुल 6,76,803 मतों के साथ जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को कुल 3,80,177 वोट मिले। इस तरह यशवंत सिन्हा 296,626 वोट से हार गए। चौथे चरण की मतगणना के बाद निर्वाचन अधिकारी पी सी मोदी ने मुर्मू के 64.03% मतों के साथ चुनाव जीतने की आधिकारिक घोषणा की। सिन्हा को कुल वैध मतों के 36% वोट मिले। मुर्मू को 540 सांसदों सहित कुल 2824 मतदाताओं के वोट मिले जबकि यशवंत सिन्हा को 208 सांसदों सहित 1,877 मतदाताओं के वोट मिले। मतगणना के नतीजों की घोषणा करते हुए निर्वाचन अधिकारी मोदी ने कहा कि निर्वाचन अधिकारी के रूप में मैं द्रौपदी मुर्मू को भारत का राष्ट्रपति घोषित करता हूं। राज्यसभा के महासचिव और राष्ट्रपति चुनाव 2022 के लिए रिटर्निंग ऑफिसर, पीसी मोदी ने दिल्ली में उनके आवास पर निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को प्रमाण पत्र सौंपा।

राज्यसभा के महासचिव और राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिटर्निंग ऑफिसर पीसी मोदी ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू कुल 64 फीसदी वोट मिले। कुल 53 अवैध वोट थे। द्रौपदी मुर्मू को 6,76,803 के मूल्य के कुल 2824 वोट मिले और यशवंत सिन्हा को 3,80,177 के मूल्य के कुल 1877 वोट मिले। उन्होंने कहा कि द्रौपदी मुर्मू को गणना किए गए कोटे से अधिक वोट मिले, जिसके आधार पर मैंने, राष्ट्रपति चुनाव 2022 के लिए रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में, निर्वाचित राष्ट्रपति को घोषणा पत्र सौंपा।

सूत्रों ने कहा कि विपक्षी दलों के 17 सांसदों ने उनके समर्थन में क्रॉस वोटिंग की है। आंध्र प्रदेश के सभी विधायकों ने मुर्मू के पक्ष में मतदान किया, जबकि अरुणाचल प्रदेश में उन्हें चार को छोड़कर सभी विधायकों के मत मिले। निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सभी राज्यों में वोट मिला, विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने आंध्र प्रदेश, नागालैंड और सिक्किम में एक भी वोट नहीं मिला।

वहीं, राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने गुरुवार को अपनी हार स्वीकार करते हुए मुर्मू को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हर भारतीय उम्मीद करता है कि 15वें राष्ट्रपति के रूप में वह बिना किसी डर या पक्षपात के संविधान के संरक्षक के रूप में कार्य करेंगी।

द्रौपदी मुर्मू का पार्षद से राष्ट्रपति भवन तक का सफर, उनके गांव से एक्सक्लूसिव रिपोर्ट

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने पर मुर्मू को बधाई दी और कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में पूर्वी भारत के सुदूर हिस्से से ताल्लुक रखने वाली एक आदिवासी समुदाय में जन्मी नेता को राष्ट्रपति निर्वाचित कर भारत ने इतिहास रच दिया है। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू की प्रभावशाली जीत पर उन्हें बधाई दी और कहा कि उनकी विजय भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का संकेत है।

द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत, मोदी का 2024 में फिर PM बनना तय, विपक्ष के पास कोई प्लान नहीं?

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर