द्रौपदी मुर्मू ने जीता राष्ट्रपति चुनाव, जानिए पीएम मोदी, यशवंत सिन्हा समेत किसने क्या कहा

राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हरा दिया। इसके बाद उनकी जीत पर प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई। 

Droupadi Murmu won the presidential election, Know who said what including Yashwant Sinha
द्रौपदी मुर्मू ने जीता राष्ट्रपति चुनाव 

नई दिल्ली : राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) ने गुरुवार (21 जुलाई) को विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा (Yashwant Sinha) को हरा दिया। देश की 15वीं राष्ट्रपति बन गईं। उनकी जीत के बाद प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं। विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने हार स्वीकार की, राष्ट्रपति चुनाव में जीत पर द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी। 

यशवंत सिन्हा ने कहा कि मैं द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव 2022 में उनकी जीत पर दिल से बधाई देता हूं। मुझे उम्मीद है कि वास्तव में, हर भारतीय उम्मीद करता है कि 15 वें राष्ट्रपति के रूप में वह बिना किसी डर या पक्षपात के संविधान के संरक्षक के रूप में कार्य करें। मैं देशवासियों के साथ उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द्रौपदी मुर्मू को देश का नया राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी। साथ ही उन सभी सांसदों और विधायकों को जिन्होंने पार्टी लाइन से हटकर द्रौपदी मुर्मू जी की उम्मीदवारी का समर्थन किया है उन्हें धन्यवाद दिया। निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने द्रौपदी मुर्मू को देश का नया राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी है।

गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, एक अति सामान्य जनजातीय परिवार से आने वाली NDA प्रत्याशी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का भारत का राष्ट्रपति चुना जाना पूरे देश के लिए अत्यंत गौरव का पल है, उन्हें बधाई देता हूं। यह विजय अन्त्योदय के संकल्प को चरितार्थ करने व जनजातीय समाज के सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर है। श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी जिन विषम परिस्थितियों से संघर्ष करते हुए आज देश के इस सर्वोच्च पद पर पहुँची है वो हमारे लोकतंत्र की अपार शक्ति को दर्शाता है। इतने संघर्षों के बाद भी उन्होंने जिस निःस्वार्थ भाव से खुद को देश व समाज की सेवा में समर्पित किया वो सभी के लिए प्रेरणीय है। मोदी जी के नेतृत्व में NDA के सहयोगियों,अन्य राजनीतिक दलों व निर्दलीय जनप्रतिनिधियों का जनजातीय गौरव श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी के पक्ष में मतदान करने पर आभार व्यक्त करता हूं। मुझे विश्वास है कि भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में मुर्मू जी का कार्यकाल देश को और गौरवान्वित करेगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में प्रभावी जीत दर्ज करने के लिए श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को बधाई। वे गांव, गरीब, वंचितों के साथ-साथ झुग्गी-झोपड़ियों में भी लोक कल्याण के लिए सक्रिय रहीं हैं। आज वे उनके बीच से निकल कर सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंची हैं। यह भारतीय लोकतंत्र की ताक़त का प्रमाण है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ट्वीट किया कि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को देश की राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई। जनता की आशाओं और आकांक्षाओं को वाणी देने तथा उनकी समस्याओं के समाधान में आपकी सदैव महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आशा है आपके कुशल मार्गदर्शन में देशवासी नए भारत के निर्माण में अग्रणी योगदान देंगे।

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राष्ट्रपति चुनाव में विजयी बनने पर द्रौपदी मुर्मू को यह कहते हुए बधाई दी कि यह ओडिशा में हर व्यक्ति के लिए गौरवशाली क्षण है। पटनायक ने कहा कि मुर्मू का सामान्य परिवार से लेकर देश के राष्ट्रपति पद तक पहुंचने का सफर प्रेरणादायी है और वह महिला सशक्तिरण का चमकता उदाहरण हैं। उन्होंने ट्वीट किया कि ओडिशा की बेटी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को भारत की 15 वीं राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बधाई। यह वाकई ओडिशा में हर व्यक्ति के लिए गौरवशाली क्षण है कि वह देश के शीर्षतम पद के लिए निर्वाचित हुई हैं।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया कि आज का दिन स्वतंत्र भारत के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में नई शुरुआत है। आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं। आपके संरक्षण में लोक कल्याण एवं विकास को गति मिलेगी और भारत विश्व पटल पर नई पहचान स्थापित करेगा। देश की स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के पावन अवसर पर सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में NDA ने जनजातीय समुदाय से आने वाली बहन श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति पद के लिए प्रत्याशी बनाया और आज वह देश के सबसे बड़े संवैधानिक पद पर निर्वाचित हुई हैं। जनजातीय गौरव की प्रतीक, आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का जीवन विषम परिस्थितियों में भी जनसेवा के संकल्प को अटल, अक्षुण्ण बनाए रखने का प्रेरणादायक उद्धरण है। आपने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी गरीब कल्याण के अखंड व्रत से समाज के कमजोर एवं वंचित वर्ग के जीवन को आलोकित किया।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने देश की नई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी।

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरल और विनम्र शुरुआत वाले आदिवासी व्यक्ति को भारत का राष्ट्रपति बनने का सम्मान मिल रहा है। द्रौपदी मुर्मू के चुनाव ने लोकतंत्र और संविधान में जनता के विश्वास को और मजबूत किया है।

मेघालय के सीएम कोनराड संगमा ने कहा कि यह एक महान और ऐतिहासिक क्षण है क्योंकि राष्ट्रपति का पद अब एक आदिवासी महिला के पास होगा। यह कुछ ऐसा है जो कई साल पहले अकल्पनीय था। मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने हमारे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम और अन्य नेताओं को वोट दिया जिन्होंने इसे संभव बनाया।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर