Covid-19 Cases in India: चार दिनों में 1 लाख नए केस, देश में कोरोना मरीजों की संख्या 8 लाख के पार

देश
आलोक राव
Updated Jul 11, 2020 | 06:36 IST

Coronacases in India: देश में कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इस महामारी से देश में जान गंवाने वालों की संख्या 22 हजार के करीब पहुंच गई है। कई राज्यों में लॉकडाउन फिर से लागू किया गया है।

India's coronavirus tally crosses 8 lakh, deaths near 22,000
देश में आठ लाख से ज्यादा हुई कोरोना मरीजों की संख्या।  |  तस्वीर साभार: PTI
मुख्य बातें
  • देश में कोविड-19 की मृत्यु दर घटकर 2.72 पर आ गई है
  • कई राज्यों में बड़े पैमाने पर मिल रहे हैं कोरोना के मरीज
  • उत्तर प्रदेश में 13 जुलाई तक नए सिरे से लॉकडाउन लागू है

नई दिल्ली : भारत में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार इजाफा हो रहा है। शुक्रवार को देश में कोविड-19 से संक्रमित लोगों की संख्या 8 लाख को पार कर गई। महाराष्ट्र, तमिलनाडु और दिल्ली में बड़ी संख्या में कोरोना के नए मरीजों का मिलना जारी है। कोरोना मरीजों की संख्या में यह उछाल ऐसे समय हुआ है जब इस महामारी पर नियंत्रण पाने के लिए कई राज्य अपने यहां लॉकडाउन को नए सिरे से लागू कर रहे हैं। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में 10 जुलाई की रात रात 10 बजे से 13 जुलाई की सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन लागू है। महाराष्ट्र के पुणे एवं ठाणे और केरल के तिरूवनंतपुरम में एक बार फिर लॉकडाउन के नियम सख्ती से लागू किए गए हैं।

राष्ट्रीय मृत्यु दर घटकर 2.72 पर आई
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि कोविड-19 की राष्ट्रीय मृत्यु दर घटकर 2.72 पर आ गई है। मंत्रालय का कहना है कि 30 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की मृत्यु दर राष्ट्रीय औसत से कम है। केंद्रीय परिवार एवं स्वास्थ्य कल्याण मंत्रालय का कहना है कि कोविड-19 से ठीक होने की दर अब बढ़कर 62.42 प्रतिशत हो गई है और 18 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में रिकवरी रेट राष्ट्रीय औसत से ज्यादा है।

कोविड-19 के आंकड़ों को सही परिप्रेक्ष्य में रखने की जरूरत
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने गुरुवार को कहा कि देश में कोविड-19 की संख्या को लेकर यह कहना है कि भारत इस महामारी से प्रभावित होने वाला दुनिया का तीसरा देश बन गया है, यह उचित नहीं है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह याद रखना चाहिए कि भारत में दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी आबादी रहती है। हर्षवर्धन ने कहा कि इन आंकड़ों को हमें सही परिप्रेक्ष्य में रखने की जरूरत है। 

यूपी में नए सिरे से लॉकडाउन 
उत्तर प्रदेश में लॉकडॉउन नए सिरे से लागू किया गया है। राज्य में अस्पताल, मेडिकल सहित अन्य जरूरी सेवाओं पर कोई रोक नहीं रहेगी लेकिन बाजार एवं अन्य सार्वजनिक गतिविधियों पर रोक लगाई गई है। 13 जुलाई की सुबह पांच बजे तक सार्वजनिक एवं निजी परिवहन पर रोक लागू है। उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में इस दौरान सार्वजनिक जगहों एवं संस्थाओं में बड़े पैमाने पर सैनिटाइजेशन कार्यक्रम चलाया जाएगा और कोविड-19 की मैपिंग की जाएगी।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर