Jharkhand Polls: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी और कांग्रेस ने जारी की पहली लिस्ट

देश
Updated Nov 10, 2019 | 18:43 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद बीजेपी और कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की।

Jharkhand assembly election 2019
Jharkhand assembly election 2019 
मुख्य बातें
  • झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने 52 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जबकि कांग्रेस सिर्फ पांच उम्मीदवारों की सूची जारी की
  • मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर पूर्व से चुनाव लड़ेंगे
  • राज्य की 81 विधानसभा सीटों के लिए 5 चरणों में वोट डाले जाएंगे

नई दिल्ली : झारखंड विधानसभा चुनावों के ऐलान होने के बाद प्रदेश में राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सत्तारूढ़ दल बीजेपी ने रविवार को झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए 52 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर पूर्व से चुनाव लड़ेंगे जबकि लक्ष्मण गिलुआ चक्रधरपुर से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस पार्टी ने भी पहली लिस्ट जारी है। कांग्रेस अपनी पहली लिस्ट में पांच उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है।

बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने  मीडिया को बताया कि राज्य में प्रथम चरण के चुनाव के लिए नामांकन पत्र दायर करने की अंतिम तिथि 13 नवंबर है, ऐसे में पार्टी ने पहली सूची जारी की है। बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि झारखंड में बहुत ही सकारात्मक सहयोग का वातावरण देखने को मिलता है। समाज के सभी वर्गों का समर्थन रघुवर दास जी को मिल रहा है। पिछले पांच सालों में बीजेपी की सरकार के कारण चेंज देखने को मिला है, इसीलिए लोगों का समर्थन उभर के आया है। झारखंड में रघुरवर दास जी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार रोका गया है।

नड्डा ने कहा, इसी के कारण प्रदेश विकास की ओर आगे बढ़ रहा है। झारखंड में श्री रघुवर दास जी के नेतृत्व में और श्री मोदी जी के राष्ट्रीय नेतृत्व में सभी सरकारी योजनाओं के माध्यम से झारखंड की तस्वीर और तकदीर बदली है। इस कारण झारखंड में हम बहुत अच्छे से सरकार बनाएंगे ऐसा हमारा विश्वास है। 

बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने सूची जारी करते हुए बताया कि भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में पहली सूची को अंतिम रूप दिया गया। इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने की । इसमें पीएम मोदी, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी आदि मौजूद थे।

जमशेदपुर पूर्व से मुख्यमंत्री रघुवर दास 
चक्रधरपुर से प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ 
 बोरियो से सूर्या हंसदा 
दुमका से डा. लुईस मरांडी 
कोडरमा से नीरा यादव,
रांची से सी पी सिंह 
हटिया से नवीन जायसवाल
 राजमहल से अनंत ओझा 
लिटीपारा से धनियाल किसकू 
शिकारीपारा से पारितोष सोरेन 
जामतारा से वीरेन्द्र मंडल 
चतरा से जनार्दन पासवान 
सिंदरी से राज सिन्हा 
झरिया से रागिनी सिंह

आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।

हाल ही में झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग तारीखों का एलान कर दिया है। राज्य की 81 विधानसभा सीटों के लिए 5 चरणों में वोट डाले जाएंगे। झारखंड में पहले चरण के लिए 30 नबंवर को, दूसरे चरण के लिए 7 दिसंबर,तीसरे के लिए 12 दिसंबर, चौथे चरण के लिए 16  दिसंबर और पांचवें चरण के लिए 20  दिसंबर को वोट डाले जाएगे। चुनाव परिणाम 23 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर