झारखंड रोपवे हादसा: बचाव अभियान में शामिल जवानों से पीएम मोदी ने की बात, सेना-वायु सेना-NDRF-ITBP को इस तरह सराहा

झारखंड के देवघर में त्रिकुट पर्वत पर पर्यटकों के लिए बने रोपवे की केबल कारों में फंसे 46 लोगों बचाने वाले वायु सेना, सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ के जवानों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बातचीत की।

Narendra Modi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 
मुख्य बातें
  • मुश्किल से मुश्किल चुनौती के सामने अगर हम धैर्य के साथ काम करते हैं, तो सफलता मिलती ही है: प्रधानमंत्री
  • संकट में फंसे लोग जब भी आपको देखते हैं तो उनको विश्वास हो जाता है कि उनकी जान अब सुरक्षित है: मोदी
  • सबके प्रयास ने इस आपदा में भी बहुत बड़ी भूमिका निभाई है: PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड में हुए रोपवे हादसे के बाद बचाव अभियान में शामिल रहे भारतीय वायु सेना, सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों तथा सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों से बात की। देवघर में त्रिकुट पहाड़ियों पर रविवार को रोपवे की ट्रॉलियां टकराने के कारण हुए हादसे के बाद 60 से अधिक पर्यटक 46 घंटे से अधिक समय तक केबल कारों में फंसे रहे थे। इन पर्यटकों को बचाने के लिए वायुसेना, सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और जिला प्रशासन के संयुक्त दलों ने अभियान चलाया था। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी। 

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं एनडीआरएफ, वायु सेना, आईटीबीपी, सेना, जिला प्रशासन के सभी प्रतिनिधियों को बधाई और धन्यवाद देता हूं क्योंकि यह एक बहुत ही कठिन ऑपरेशन था जिसे उन्होंने धैर्यपूर्वक अंजाम दिया। इतने कम समय में इतने सारे एजेंसियों ने अच्छे तालमेल के साथ कम से कम नुकसान के साथ ऑपरेशन को अंजाम दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि 3 दिनों के दौरान आपने चौबीसों घंटे काम किया और एक कठिन ऑपरेशन पूरा किया और कई नागरिकों की जान बचाई। आपके प्रयासों की पूरे देश ने सराहना की है। हालांकि हमें दुख है कि कुछ लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। देश को गर्व है कि उसके पास हमारी थल सेना, वायु सेना, NDRF, ITBP के जवान और पुलिस बल के रूप में ऐसी कुशल फोर्स है, जो देशवासियों को हर संकट से सुरक्षित बाहर निकालने का माद्दा रखती है। इस दुर्घटना और रेस्क्यू मिशन से अनेक सबक हमें भी मिले हैं। आपके अनुभव भविष्य में बहुत काम आने वाले हैं। मैं आप सभी से बात करने के लिए बहुत उत्सुक हूं, क्योंकि इस ऑपरेशन से मैं लगातार जुड़ा रहा और हर स्थिति का जायजा लेता रहा था।

देवघर रोपवे हादसे का एक्सक्लूसिव वीडियो आया सामने, जान बचाने की लगा रहे थे गुहार

उन्होंने कहा कि वर्दी पर लोगों की बहुत आस्था होती है। संकट में फंसे लोग जब भी आपको देखते हैं तो उनको विश्वास हो जाता है कि उनकी जान अब सुरक्षित है। उनमें नई उम्मीद जाग जाती है। इस आपदा ने एक बार फिर ये स्पष्ट कर दिया कि जब भी देश में कोई संकट होता है तो हम सब मिलकर एक साथ उस संकट से मोर्चा लेते हैं और उस संकट से निकलकर दिखाते हैं। सबके प्रयास ने इस आपदा में भी बहुत बड़ी भूमिका निभाई है।

झारखंड रोपवे हादसा: हेलिकॉप्टर से महिला गिरी, गंभीर रूप से घायल, बचाव अभियान खत्म

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर