'योगी मॉडल' के 3 साल, जेपी नड्डा, राजनाथ सहित पार्टी नेताओं ने दी सीएम आदित्यनाथ को बधाई

देश
आलोक राव
Updated Mar 18, 2020 | 23:53 IST

Yogi Adityanath : इन बधाई एवं शुभकामना संदेशों के लिए योगी आदित्यनाथ ने सभी नेताओं का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई है कि पार्टी के नेताओं का सहयोग एवं मार्गदर्शन उन्हें आगे भी मिलता रहेगा।

JP Nadda Rajnath Singh congrat Yogi Adityanath for completion of three years as UP CM
यूपी में योगी आदित्यनाथ सरकार के तीन साल। 
मुख्य बातें
  • उत्तर प्रदेश में भाजपा की पहली सरकार ने तीन साल का कार्यकाल पूरा किया है
  • भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित अन्य नेताओं ने सीएम योगी को बधाई दी
  • 19 मार्च 2017 को योगी आदित्यनाथ ने संभाली थी उत्तर प्रदेश की कमान

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में योगी सरकार 19 मार्च को अपने कार्यकाल के तीन साल पूरे कर रही है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की यह पहली सरकार है जिसे राज्य में पहली बार अपना तीन साल का कार्यकाल पूरा करने का श्रेय मिला है। इसके पहले राज्य में भाजपा की सरकारें तीन बार बनीं लेकिन ये सरकारें तीन वर्ष भी अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाईं। इस उपलब्धि पर पार्टी का हर बड़े नेता ने योगी आदित्यनाथ को बधाई दी है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, पीयूष गोयल, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सहित प्रदेश के अन्य नेताओं ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ को शुभकामनाएं दी हैं।  

इन बधाई एवं शुभकामना संदेशों के लिए योगी आदित्यनाथ ने सभी नेताओं का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई है कि पार्टी के नेताओं का सहयोग एवं मार्गदर्शन उन्हें आगे भी मिलता रहेगा। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने एक ट्वीट में कहा, 'अंत्योदय की भावना के अनुरूप सरकार ने समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास को सुनिश्चित किया है। सरकार के सफल 3 वर्ष पूरे होने पर मैं मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देता हूं।'

रक्षा मंत्री एवं यूपी के मुख्यमंत्री रह चुके राजनाथ सिंह ने अपने शुभकामना संदेश में कहा, 'उत्तर प्रदेश में विकास एवं सुशासन से भरपूर तीन वर्ष पूरे करने के लिए मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व वाली जनकल्याणकारी प्रदेश सरकार को बधाई एवं ढेरों शुभकामनाएं।'

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और पीयूष गोयल ने भी सीएम योगी को बधाई दी। स्मृति ईरानी ने कहा, 'उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश के विकास, जनमानस की समृद्धि, अंत्योदय और सुशासन का लक्ष्य लेकर लोकहित में तत्पर सरकार के सफल 3 वर्ष पूर्ण होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।' पीयूष गोयल ने अपने ट्वीट में कहा, 'मात्र 3 वर्ष में ही उत्तर प्रदेश का कायाकल्प कर देने वाले मुख्यमंत्री जी को सरकार के तीन वर्ष पूर्ण करने पर मेरी बधाई और शुभकामनाएं।' 

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इस उपलब्धि के लिए योगी आदित्यनाथ को बधाई दी। शिवराज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में ऐसे ही उत्तर प्रदेश रामराज के विकास पथ पर गतिमान रहे। मेरी शुभकामनाएं! जय श्री राम!'

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अपने शुभकामना संदेश में कहा, 'माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार को सफलतापूर्वक तीन वर्ष पूर्ण करने पर हार्दिक शुभकामनाएं। माननीय योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है।'

भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रवक्ता डॉ. चंद्रमोहन ने भी योगी आदित्यनाथ को सत्ता में तीन वर्ष पूर्ण करने पर शुभकामनाएं दीं। डॉ. चंद्रमोहन ने अपने ट्वीट में कहा, 'माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार को सफलतापूर्वक तीन वर्ष पूर्ण करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।' मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के मीडिया सलाहकार मृत्युंजय कुमार ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।

उत्तर प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के मौके पर योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मीडिया को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य के प्रति लोगों का नजरिया अब बदल गया है। प्रदेश में हुए सकारात्मक बदलाव का श्रेय उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, प्रदेश की जनता, मीडिया और अपनी टीम को दिया।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर